अवैध संबंध के संदेह में 75 साल के पति ने आपा खोया, 72 वर्षीय पत्नी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या
गांधीनगर. गुजरात में बारडोली की महुवा तहसील के राणत गांव में एक वृद्ध ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। उसे अपनी पत्नी पर अवैध संबंध रखने का शक था। इसी को लेकर दोनों में अक्सर झगड़ा होता था। इसी तरह के झगड़े में वृद्ध ने मंगलवार की रात आपा खो दिया। उसने 72 वर्षीय पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला किया। पत्नी वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़ी। घटना का पता चलने पर पड़ोस में रह रही उनकी बेटी एवं अन्य गांववाले वहां पहुंचे। एंबुलेंस-108 को सूचना दी गई। मगर, वृद्धा तो पहले ही दम तोड़ चुकी थी। कुछ घंटे बाद पुलिस घटनास्थल पहुंची।

पुलिस ने हत्यारोपी 75 वर्षीय वृद्ध झीणा छना हलपति को गिरफ्तार कर लिया। झीणा की बेटी नरेश्वरी की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया। वहीं, मृतका की पहचान रूखी के रूप में हुई। पति राणत गांव का ही निवासी है। पति-पत्नी दोनों गांव के मंदिर में पूजा-पाठ करते थे। रूखी को बच्चे नहीं होने से उसने मीरा के साथ दूसरी शादी की थी। मीरा से उनको संतान में तीन लड़कियां हुई, लेकिन मीरा की मौत होने के बाद झीणा रूखी के साथ ही रहता था। तीनों लड़की की शादी होने के बाद दोनों एक साथ रह रहे थे।

हालांकि, झीणा को शक था कि पत्नी रूखी का किसी और व्यक्ति के साथ अवैध संबंध है। उसने रूखी की हत्या कर दी। हालांकि, वारदात के बाद पुलिस ने 75 साल के झीणा को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। उसकी उम्र ज्यादा थी, टेंशन में उसकी तबियत भी खराब हो गई। जिसके बाद उसे सूरत के न्यू सिविल अस्पताल मे भर्ती कराया गया।












Click it and Unblock the Notifications