UP News: पत्नी ने प्रेमी के लिए पति के खाने में मिलाया जहर, मौत के बाद एक चूक से उजागर हो गई उसकी साजिश
UP News: फिरोजाबाद के टूंडला क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। उलाऊ गांव में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को जान से मारने की योजना बनाई। वारदात को अंजाम देने के लिए उसने जहर तक ऑनलाइन ऑर्डर किया था।
पति की मौत के बाद भी पत्नी का बर्ताव सामान्य था। वह अपने प्रेमी के साथ घूमने-फिरने लगी, जिससे घरवालों को शक होने लगा। खासकर उसकी सास को जिसने पुलिस से इस मामले में शिकायत दर्ज करवाई और फिर परत-दर-परत राज़ खुलता गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि महिला ने पहले दही में जहर मिलाकर पति को दिया लेकिन जब वह बच गया तो अगले दिन खिचड़ी में ज़हर मिलाकर दोबारा जान लेने की कोशिश की। दूसरी बार में उसकी मौत हो गई और परिवार को भनक तक नहीं लगी।
बहू का अचानक बदला व्यवहार तो हुआ शक
बहू के बर्ताव से परेशान सास रामडकेली ने 24 जुलाई को पुलिस को सूचना दी। उन्होंने बताया कि बेटे की मौत के बाद बहू का व्यवहार असामान्य हो गया है। वह गांव के युवक को अक्सर बुलाती है और अकेले में काफी समय बिताती है।
25 जुलाई को पुलिस ने बहू और उसके प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कॉल डिटेल और फोन में मिले चैट्स के आधार पर संदेह गहराया। जब कड़ाई से पूछताछ हुई तो दोनों ने हत्या की साजिश कबूल कर ली।
गांव के ही युवक से था प्रेम संबंध
महिला शशि की शादी सुनील नामक युवक से करीब 12 साल पहले हुई थी। दोनों के दो बेटे भी हैं। लेकिन शशि का गांव के ही ड्राइवर यादवेंद्र से प्रेम संबंध था जो कुछ ही दूर रहता है और पहले से शादीशुदा है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों ने मिलकर सुनील को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। उन्होंने 150 रुपये में ऑनलाइन ज़हर मंगवाया और दो दिन में उसे खाने के ज़रिए पिला दिया। योजना इतनी सफाई से रची गई कि किसी को शक न हो।
पहली बार बच गया था पति
13 मई को शशि ने दही में जहर मिलाकर पति को दिया। खाने के बाद सुनील की तबीयत बिगड़ गई। इस पर शशि ने सास के साथ मिलकर उसे अस्पताल पहुंचाया। इलाज के बाद उसी दिन सुनील को डिस्चार्ज भी कर दिया गया।
14 मई को जब सुनील घर पर ही था और इसी दौरान शशि ने दोबारा खिचड़ी में जहर मिलाकर उसे दिया। इस बार सुनील को अस्पताल ले जाने का मौका तक नहीं मिला। घर में ही उसकी मौत हो गई। परिजनों को यह सामान्य बीमारी से हुई मौत लगी।
तलाशी में मिली जहर की पुड़िया
पुलिस जब जांच के लिए घर पहुंची, तो वहां से जहर की पुड़िया बरामद हुई। पूछने पर शशि ने स्वीकार किया कि यह वही जहर है जो उसने ऑनलाइन मंगवाया था। पुड़िया को जब्त कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला और उसके प्रेमी के खिलाफ हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। गांव में लोग इस घटना से स्तब्ध हैं।












Click it and Unblock the Notifications