UP News: किसान ने तहसीलदार को मारा कंटाप, जमीन पर गिर पड़े, लेखपाल सस्पेंड, पुलिस पर भी होगी कार्रवाई
UP News: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में एक किसान ने तहसीलदार को थप्पड़ मार दिया। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। मामले में किसान और उसके भतीजे को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया था। [Note- Video खबर के अंत में है।]
अब इस मामले में लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई की गई है। मौके पर तैनात राजस्व लेखपाल को निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा उस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई होनी है। इसके लिए एसडीएम ने एसएसपी को पत्र लिखा है।

वहीं मामले की जानकारी होने के बाद किसान यूनियन द्वारा किसान और उसके भतीजे को छोड़ने तथा तहसीलदार और लेखपाल सहित अन्य अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की गई है।
बाउंड्री वॉल करवाते समय हुआ था विवाद
दरअसल, यह पूरा मामला फिरोजाबाद जनपद के नगला तुर्सी गांव का है। बताया जा रहा है कि गांव में प्रवीण और वीरेश्वर नामक दो लोग पड़ोसी हैं। दोनों के घर और खेत आसपास हैं। खेत की जमीन पर प्रवीण द्वारा चारदीवारी करवाई जा रही थी जिसका वीरेश्वर विरोध कर रहा था।
बताया जा रहा है कि प्रवीण द्वारा बाउंड्री वॉल करने के लिए एसडीएम के यहां पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई गई थी। इस मामले में एसडीएम जसराना सत्येंद्र सिंह ने तहसीलदार लालता प्रसाद को गांव में विवाद का निस्तारण करने के लिए भेजा था।
देखें Video-
इस दौरान उनके साथ हल्का लेखपाल जगत प्रकाश और पुलिस कर्मी भी मौजूद थे। बातचीत और कहासुनी के दौरान बुजुर्ग वीरेश्वर ने तहसीलदार को थप्पड़ जड़ दिया था। थप्पड़ लगते ही तहसीलदार जमीन पर गिर पड़े थे। इस दौरान वहां खड़े लेखपाल और पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे।
हालांकि बाद में वीरेश्वर को एक युवक ने पकड़ लिया उसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ा और फिर वीरेश्वर को ले जाते समय जब उसे जीप में बैठाया जा रहा था। इसी दौरान वीरेश्वर के भतीजे धर्मेंद्र ने भी तहसीलदार पर वार कर दिया था। दोनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उन्हें जेल भेज दिया।
मामले का वीडियो वायरल होने के बाद इस मामले में एसडीएम द्वारा लेखपाल को निलंबित कर दिया गया। एसडीएम का कहना है कि तहसीलदार के साथ हाथापाई के समय लेखपाल एवं पुलिस बल ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन नहीं किया।
इस मामले में लेखपाल को लंबित करने के साथ ही एसडीएम द्वारा घटना के दौरान तहसीलदार के समीप ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई करने के लिए एसएसपी को पत्र लिखा गया है। वहीं किसान यूनियन से जुड़े नेता अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications