दहेज मामले की जांच कर लौट रहे ऑन ड्यूटी दारोगा को मारी गोली, मौत
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में बीती रात कुछ बदमाशों ने एक सब इंस्पेक्टर की गोली मारकर हत्या कर दी है। फिरोजाबाद के एसपी आशीष तिवारी ने बताया कि यह घटना उस वक्त हुई जब सब इंस्पेक्टर दिनेश कुमार मिश्रा चांदपुर गांव से लौट रहे थे।
वह अरांव पुलिस स्टेशन पर तैनात थे। वह जब चांदपुर गांव से लौट रहे थे इसी दौरान उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई है। वह एक दहेज मामले की जांच के लिए गए थे। इस मामले की जांच और आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट लगाया जाएगा।

दिनेश कुमार थाना अरांव में तैनात थे, वह दहेज के एक मामले की जांच के लिए गए थे, लेकिन जब वह विवेचना करके लौट रहे थे तो बीच रास्त में किसी ने उन्हें गोली मार दी। जिसके बाद उन्हें ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
बदमाशों ने दिनेश कुमार को पैगू रोड पर गोली मारी और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल। दिनेश कुमार अरांव-मैनपुरी स्थित गांव में दहेज मामले की जांच के लिए गए थे। इसी दौरान यह घटना हुई है।
घटना की जानकारी देते हुए एसपी रणविजय सिंह, सीओ प्रवीन तिवारी समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी यहां पहुंचे और दरोगा को ट्रामा सेंटर लेकर आए। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बता दें कि इससे पहले जालौन में भी ड्यूटी पर तैनात सिपाही की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। यह घटना नेशनल हाईवे स्थित गोविंदम होटल के पास की है, जहां पर बाइक चेकिंग चल रही थी। दरअसल एक बदमाश ने सिपाही पर टॉर्च मार दी, जिसके बाद सिपाही ने जब उसका पीछा किया तो बदमाशों ने गोली चला दी और सिपाही की मौके पर मौत हो गई।












Click it and Unblock the Notifications