Firozabad Temple: इस मंदिर में अंडा चढ़ाने से मिलती है मुसीबतों से मुक्ति, क्या है इसके पीछे का रहस्य?
Firozabad temple: फिरोजाबाद के एक गांव में स्थित बाबा नगर सेन के मंदिर में एक अजीबो-गरीब पूजा परंपरा का पालन किया जाता है, जहां लोग अपने बच्चों की सही सलामती और सुख-शांति के लिए दूर-दूर से आते हैं।
यहां के भक्त न सिर्फ पूजा अर्चना करते हैं, बल्कि साथ ही पूड़ी हलवा का भोग चढ़ाने के बाद अंडे भी चढ़ाते हैं। यह परंपरा वर्षों पुरानी है और यहां आने वाले भक्तों का मानना है कि बाबा नगर सेन की कृपा से उनके बच्चों को बीमारियों से मुक्ति मिलती है।

गांव बिलहना में स्थित इस मंदिर के बारे में पुजारी जगन्नाथ दिवाकर ने बताया कि इस मंदिर में पूजा करने वाले भक्तों का तांता लगा रहता है। खासकर महिलाएं और माताएं अपने बच्चों की बेहतर सेहत के लिए यहां पूजा अर्चना करती हैं।
इसके अलावा, यह भी कहा जाता है कि जो महिलाएं संतान सुख की कामना करती हैं, वे भी यहां मन्नत मांगने आती हैं। उनका मानना है कि नगरसेन बाबा की कृपा से उनकी मन्नतें पूरी होती हैं।
मंदिर में अंडे चढ़ाने की परंपरा
इस मंदिर की मान्यता और भी खास है, क्योंकि यहां एक अनोखी परंपरा निभाई जाती है। भक्त मंदिर में पूजा करने के बाद अंडे चढ़ाते हैं। यह परंपरा बहुत पुरानी है और स्थानीय लोगों का मानना है कि अंडे चढ़ाने से उनके परिवार में सुख-शांति बनी रहती है।
यहां पर दर्शन करने पहुंची एक महिला ने बताया कि उनकी परिवार में यह पूजा कई पीढ़ियों से की जा रही है, और हर साल वे इस मंदिर में आकर अपने बच्चों की सलामती के लिए पूजा करती हैं।
हर साल, विशेष रूप से वैशाख महीने में, इस मंदिर में एक भव्य मेला भी आयोजित होता है। इस मेले के दौरान भक्त बड़ी संख्या में जुटते हैं और अपनी मन्नतें पूरी करने के बाद अंडे चढ़ाते हैं। यह मेला दो दिन चलता है और इन दो दिनों में मंदिर में अंडे का भोग चढ़ाया जाता है।
मंदिर में आने वाले भक्तों का विश्वास
यह मंदिर अपनी परंपराओं और मान्यताओं के लिए प्रसिद्ध है। भक्तों का कहना है कि बाबा नगर सेन की कृपा से उनके बच्चों की बीमारियों में सुधार होता है और घर में खुशहाली बनी रहती है। अंडे चढ़ाने की परंपरा को लेकर कई परिवारों का कहना है कि यह एक अद्भुत आस्था है, जिसे वे अपनी संतान की रक्षा और भलाई के लिए निभाते हैं।
स्थानीय लोग और दूर-दूर से आने वाले भक्त बाबा नगर सेन के दरबार में अपने परिवार की खुशहाली के लिए दुआ करते हैं और उन्हें यकीन है कि इस मंदिर में आकर उनकी मन्नतें पूरी होती हैं।












Click it and Unblock the Notifications