फिरोजाबाद: बिहार से गुजरात जा रही डबल डेकर बस में लगी आग, एक युवक जला जिंदा
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में रविवार की सुबह दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर बिहार से गुजरात जा रही एक डबल डेकर बस सुबह 5 बजे के करीब डिवाइडर से टकरा गई। डिवाइडर से टकराने के बाद बस में आग लग गई और देखते ही देखते बस में आग की लपटें उठने लगीं। इस हादसे में एक शख्स की झुलस जाने के बाद मौत हो गई। वहीं 2 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। कई अन्य यात्री भी अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं।
Recommended Video

मिली जानकारी के मुताबिक, हादसा फिरोजाबाद जिले के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर थाना नसीरपुर इलाके के 54 नंबर कट पर हुआ है। बिहार से गुजरात जा रही डबल डेकर निजी बस GJ 01 ET 8877 सुबह 5 बजे के करीब डिवाइडर से टकराई। इसके बाद बस में आग लग गई। हादसे के दौरान बस में सवार यात्री सो रहे थे। बस के टकराने से यात्रियों की नींद खुली तो देखा बस आग की लपटों से घिरी हुई है तो अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में यात्री अपनी जान बचाने के लिए बस से कूदने लगे।
हालांकि, हादसे में एक शख्स की मौत हो गई। वहीं दो यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही नसीरपुर पुलिस के साथ ही एसपी ग्रामीण राजेश कुमार के साथ कई अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दमकल विभाग की गाड़ियों को मौके पर बुलाकर आग को बुझवाया। लेकिन तब तक बस में रखा सामान खाक हो चुका था। एसपी ग्रामीण राजेश कुमार ने बताया कि बस में 72 लोग सवार थे जो बिहार से गुजरात जा रहे थे। बस में आग से एक यात्री की मौत हुई है और तीन लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों का उपचार किया जा रहा है। यात्रियों को भेजने की व्यवस्था की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications