Beauty Queens: रूप और गुण की रानियाँ, ये हैं 2023 की सुंदरियाँ
Beauty Queens: वर्ष 2023 यूं तो युद्ध, राजनीतिक उठापटक और बिजनेस उतार चढ़ाव के लिए ज्यादा जाना जाएगा, लेकिन इस साल कुछ मन को लुभाने वाले आयोजन भी हुए। इन्हीं में एक आयोजन सौंदर्य प्रतियोगिता भी है। 2023 में कई सुंदरियों ने अपने रूप और हाजिर जवाबी का लोहा मनवाया।

शारीरिक सुंदरता के साथ उन्होंने बौद्धिक श्रेष्ठता का भी परिचय दिया। जानते हैं कि किस देश की किस सुंदरी ने अप्सरा बन कर दुनिया को चकाचौंध किया।
योशिदा बनी मिस जापान : मिस जापान 2023 का फाइनल 28 सितंबर 2023 को टोक्यो में हुआ, जहाँ ऐ योशिदा को नए विजेता के रूप में मिस जापान का ताज पहनाया गया। उन्होंने राष्ट्रीय ताज जीतने के लिए 29 अन्य प्रतियोगियों को हराया। पिछले साल की विजेता रही कानागावा की शिओरी कोजिमा ने उन्हें यह ताज पहनाया। योशिदा की उम्र 25 वर्ष है और उन्होंने मिस जापान 2023 में सागा का प्रतिनिधित्व किया था। योशिदा पेशे से एक सिविल सेवक हैं।
मिस जापान प्रतियोगिता के आयोजकों का कहना था कि उनका उद्देश्य ऐसे जन नायकों को तैयार करना है जो केवल दिखने में ही सुंदर नहीं हों, बल्कि उनमें बुद्धिमत्ता, संवेदनशीलता, मानवता, और आत्मविश्वास भी खूब हो।
नंदिनी गुप्ता ने पहना मिस इंडिया का ताज : राजस्थान के कोटा की रहने वाली नंदिनी गुप्ता को फेमिना मिस इंडिया 2023 का ताज पहनाया गया। मणिपुर के इंफाल में 15 अप्रैल को आयोजित ग्रैंड फिनाले समारोह में इस प्रतिष्ठित खिताब से उन्हें सम्मानित किया गया। इसी कार्यक्रम में दिल्ली की श्रेया पूंजा को फेमिना मिस इंडिया 2023 की पहली रनर-अप घोषित किया गया और मणिपुर की थौनाओजम स्ट्रेला लुवांग दूसरी रनर-अप। फेमिना मिस इंडिया 2023 में कई सितारों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता की पूर्व संध्या पर पूर्व विजेताओं सिनी शेट्टी, रुबल शेखावत, शिनाता चौहान, मनसा वाराणसी, मनिका शेओकंद, मान्या सिंह, सुमन राव और शिवानी जाधव ने शानदार प्रदर्शन किया। मनीष पॉल और भूमि पेडनेकर ने इस कार्यक्रम को होस्ट किया और बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे ने भी अलग से प्रदर्शन किया। मेंटर नेहा धूपिया, बॉक्सिंग आइकन लैशराम सरिता देवी, मशहूर कोरियोग्राफर टेरेंस लुईस, फिल्म निर्देशक और लेखक हर्षवर्द्धन कुलकर्णी और फैशन डिजाइनर रॉकी स्टार और जोशीपुरा भी उपस्थित रहे।
मल्की दिसानायके बनी मिस वर्ल्डवाइड श्रीलंका : मल्की दिसानायके मूलतः एक फ्रीलांस मॉडल और डिजिटल निर्माता हैं। फैशन उद्योग में भी उन्होंने बड़ा नाम कमाया है। मल्की ने अपने मॉडलिंग करियर में भी कई पुरस्कार जीते हैं, जिसमें सूर्याभिषेकाया फैशन शो में सबसे लोकप्रिय पुरस्कार और सिरासा वासंथा कुमारिया 2023 की विजेता बनना भी शामिल है। फेसबुक पर उनके फॉलोअर्स की संख्या लाखों में है। वह स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स के साथ काम करती हैं।
मल्की ने अपना करियर एक फ्रीलांस मॉडल के रूप में शुरू किया और अपने सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से खूब लोकप्रियता हासिल की। अपनी अद्भुत सुंदरता और अनूठी शैली से लोगों का ध्यान आकर्षित किया और वह जल्द ही फैशन उद्योग में एक प्रमुख हस्ती बन गईं। मिस और मिस्टर श्रीलंका प्रतियोगिता में उन्हें मिस वर्ल्डवाइड श्रीलंका का ताज पहनाया गया। पसिदु प्रसाद प्रियदर्शन मिस्टर यूनिवर्स श्रीलंका 2023 के रूप में विजयी हुए।
मिस वर्ल्डवाइड श्रीलंका का ताज पहनने के बाद मल्की ने कहा - 'इस उपाधि के लिए अपना आभार व्यक्त करती हूँ और मैं वैश्विक मंच पर श्रीलंका का प्रतिनिधित्व करने के लिए सम्मानित महसूस कर रही हूं। यह जीत सिर्फ मेरी नहीं है; यह हर उस युवा महिला की जीत है जो बड़े सपने देखती है और अपने लक्ष्यों को हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत करती है।''
चोई चाए-वोन हैं मिस कोरिया 2023 : मिस कोरिया 2023 की विजेता, 21 वर्षीय चोई चाए-वोन दक्षिणी सियोल के कोएक्स में आयोजित वार्षिक सौंदर्य प्रतियोगिता जीतने में सफल रहीं। चोई बोस्टन विश्वविद्यालय में ग्राफिक डिजाइन में पढ़ाई कर रही हैं। मिस कोरिया सियोल प्रतियोगिता का आयोजन ई एंड बी के सौजन्य से 10 अक्टूबर 2023 को हुआ था। यह प्रतियोगिता कोविड-19 के प्रकोप के बाद पहली बार आयोजित की गई थी।
चोई चाए खुद को एक वैश्विक महिला नेता बताती हैं और भविष्य में ओटीटी प्लेटफार्मों के लिए एक कला निर्देशक और कलाकार बनना चाहती हैं। मिस कोरिया 2023 का ताज पहनने के बाद चोई ने कहा -मैं बहुत हैरान हूं। मैं आभारी हूं कि उन्होंने मेरी सकारात्मक ऊर्जा और मेरी कड़ी मेहनत को सकारात्मकता के रूप में देखा। मैं एक ऐसी नेता बनना चाहती हूं जो घर और विदेश दोनों जगह कोरियाई महिलाओं का नेतृत्व कर सके। इस प्रतियोगिता में किम जी सुंग को प्रथम उपविजेता के रूप में चुना गया, जबकि जंग ग्यु री को द्वितीय उपविजेता चुना गया।
मारिया ब्रेकेन हैं नई मिस ब्राज़ील: मारिया ब्रेकेन 2023 को मिस यूनिवर्स ब्राज़ील का ताज पहनाया गया है। हॉलीवुड और साओ पाओलो की रानी कही जाने वाली मारिया यूजेनिया "मिया" ममेदे उर्फ मिया ममेदे मिस यूनिवर्स ब्राज़ील 2022 ने उन्हें अपने उत्तराधिकारी के रूप में यह ताज पहनाया। 8 जुलाई 2023 आयोजित ग्रैंड फिनाले और कोरोनेशन नाइट के अंत में मारिया ब्रेकेन को विजेता घोषित किया गया।
मारिया ब्रेकेन, ब्राज़ील के सांता मारिया की रहने वाली हैं। वह केवल 19 वर्ष की हैं और उनकी लंबाई 5 फीट 8 इंच है। फिलहाल वह विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई कर रही हैं और एक मॉडल और अभिनेत्री के रूप में काम भी कर रही हैं। मारिया पुर्तगाली, अंग्रेजी, स्पेनिश और ब्राजीलियाई सांकेतिक भाषा (लाइब्रा) बोल सकती हैं। उन्हें फिल्में बनाना और कहानियां सुनाना पसंद है। मारिया बधिर लोगों को शिक्षा में शामिल होने की चाहत रखती हैं।












Click it and Unblock the Notifications