जानिए कौन हैं सीबीआई के नए मुखिया एम नागेश्वर राव
नई दिल्ली। सीबीआई के भीतर जिस तरह से शीर्ष दो अधिकारियों पर घूस लेने के सनसनीखेज आरोप लगे और स्पेशल डायरेक्टर राकेश अस्थाना के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई, उसके बाद सरकार की ओर से बड़ा कदम लिया गया है। सरकार ने सीबीआई के दोनों ही शीर्ष अधिकारियों डायरेक्टर और स्पेशल डायरेक्टर की उनके पद से छुट्टी कर दी है। साथ ही सीबीआई के नए मुखिया का भी एलान किया गया है। सरकार की ओर से जो नोटिफिकेशन जारी किया गया है उसके अनुसार एम नागेश्वर राव सीबीआई के नए अंतरिम निदेशक होंगे

तेज तर्रार पुलिस अधिकारी
नागेश्वर राव को काफी तेज तर्रार पुलिस अधिकारी माना जाता है। वह ओडिशा कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं। वर्ष 1986 में आईपीएस में चयनित होने से पहले नागेश्वर राव ने ओस्मानिया विश्वविद्यालय से अपनी पढ़ाई पूरी की थी। यहां से उन्होंने रसायन विज्ञान में परास्नातक की डिग्री हासिल की थी। इसके बाद उन्होंने आगे की पढ़ाई मद्रास आईआईटी से की थी। मद्रास आईआईटी से नागेश्वर राव ने पीएचडी की पढ़ाई की थी। इसके बाद उनका चयन आईपीएस में हुआ था।

तेलंगाना के निवासी
राव मुख्य रूप से तेलंगाना के वारंगल जिले के निवासी हैं। उन्हें काफी सख्त अधिकारी के तौर पर जाना जाता है। अपने बेहतर काम के लिए नागेश्वर राव को राष्ट्रपति पुरस्कार, स्पेशल ड्यूटी मेडल, सहित ओडिशा राज्यपाल मेडल से भी सम्मानित कि जा चुका है। नागेश्वर राव की शुरुआती तैनाती काफी दिलचस्प है। उन्हें 1989-90 में तालेचर में तैनात किया गया था, जिसे कोयला माफियाओं का गढ़ मानाजाता है। लेकिन यहां आने के बाद राव ने इस पूरे रैकेट को खत्म करने में अहम भूमिका निभाई थी।

राव के सामने मुश्किल चुनौती
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से मोईन कुरैशी घूसकांड मामले को लेकर सीबीआई लगातार सुर्खियों में थी, जिसके बाद एक के बाद एक तमाम अधिकारियों पर घूस लेने के आरोप लग रहे थे। यहां तक कि खुद सीबीआई के स्पेशल डायरेक्टर इसकी जद में आ गए और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई और उनकी तमाम जिम्मेदारियों से छुट्टी कर दी गई। जिस माहौल में राव की सीबीआई चीफ के तौर पर तैनाती हुई है वह वह काफी चुनौतीपूर्ण है। लिहाजा यह देखना दिलचस्प होगा कि आखिर कैसे राव इससे निपटते हैं।
इसे भी पढ़ें- CBI ने राकेश अस्थाना पर घूसखोरी के बाद जबरन वसूली का मामला दर्ज किया, सारे अधिकार वापस लिए












Click it and Unblock the Notifications