Bafta Awards 2024: क्या हैं बाफ्टा अवॉर्ड्स, और कौन से पुरस्कार हैं दुनियाभर में फेमस?
हर साल कई देशों में विभिन्न प्रकार के अवॉर्ड फंक्शन आयोजित किए जाते हैं। ऐसे ही एक अवॉर्ड ब्रिटिश एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन आर्ट्स यानी बाफ्टा (BAFTA) फिल्म अवॉर्ड्स 2024' का आयोजन लंदन में हुआ।
क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म 'ओपेनहाइमर' ने इस दौरान कुल सात बाफ्टा अवॉर्ड अपने नाम किए। वहीं 'पुअर थिंग्स' ने पांच अवॉर्ड जीते। साथ ही 'अर्थ मामा' के लिए सवाना लीफ, शर्ली ओ'कॉनर और मेडब रिओर्डन को बेस्ट डेब्यू का अवॉर्ड दिया गया। इसके साथ ही अब कयास लगाए जा रहे हैं कि 'ओपेनहाइमर' के लिए ऑस्कर के रास्ते खुल गए हैं। आज हम आपको बताएंगे कि कौन सा देश किस तरह के पुरस्कार समारोहों का आयोजन करता है और कब से उसकी शुरुआत हुई है।

बाफ्टा फिल्म अवॉर्ड्स
ब्रिटिश अकादमी ऑफ फिल्म और टेलीविजन आर्ट्स द्वारा प्रदत्त एक वार्षिक पुरस्कार है, जिसे बाफ्टा पुरस्कार भी कहा जाता है। यह अमेरिका के ऑस्कर पुरस्कार जितना ही सम्मान प्राप्त अवॉर्ड है। सन 2008 से यह समारोह लंदन के रॉयल ओपेरा हाउस में आयोजित होता है। पहला बाफ्टा पुरस्कार समारोह 1949 में आयोजित किया गया था और इस समारोह को पहली बार बीबीसी पर 1956 में प्रसारित किया गया था। शुरू में यह समारोह अप्रैल या मई में आयोजित किया जाता था, पर 2001 से यह फरवरी में होता है।
एकेडमी अवॉर्ड्स यानी ऑस्कर
अमेरिका की एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज द्वारा दिए जाने वाला पुरस्कार ऑस्कर के नाम से जाना जाता है। शुरुआत में ये एक एनजीओ था, जिसकी 230 लोगों ने 100 डॉलर की फीस देकर सदस्यता ग्रहण की थी। थॉमस एडीसन को पहली मानद सदस्यता दी गई थी। वहीं पहली बार एकेडमी अवॉर्ड समारोह साल 1929 में आयोजित किया गया था। 2023 में भारत को दो अवॉर्ड मिले थे, जिसमें RRR फिल्म के नाटू-नाटू सॉन्ग को बेस्ट ऑरिजिनल सॉन्ग और द एलिफेंट व्हिस्परर्स को बेस्ट शॉर्ट डॉक्यूमेंट्री फिल्म का अवॉर्ड दिया गया था।
नोबेल पुरस्कार
डाइनामाइट का आविष्कार करने वाले 'अल्फ्रेड बर्नहार्ड नोबेल' ने अपनी वसीयत में मानवता को लाभ पहुंचाने वाले लोगों को अपनी संपत्ति में से पुरस्कार देने की इच्छा जताई थी। इसके चलते 27 नवंबर 1895 को उन्होंने अपनी आखिरी वसीयत लिखी थी। इसी वसीयत के आधार पर नोबेल पुरस्कारों की स्थापना हुई और 1901 में पहली बार नोबेल पुरस्कार दिया गया। रसायन विज्ञान, भौतिकी, साहित्य, चिकित्सा, अर्थशास्त्र और शांति के लिए ये पुरस्कार प्रदान किया जाता है।
दि बुकर प्राइज
बुकर प्राइज हर साल अंग्रेजी भाषा में लिखे गए और यूके या आयरलैंड में पब्लिश हुए सर्वश्रेष्ठ नोवेल को दिया जाता है। इसकी शुरुआत साल 1969 में शुरुआत हुई थी और पहला पुरस्कार यूके के पी. एच. न्यूबी को दिया गया था।
ग्रैमी पुरस्कार
संगीत के लिए दिए जाने वाले इस सबसे बड़े अवॉर्ड की शुरुआत साल 1959 में हुई थी। तब से लेकर अब तक हर साल यह अवॉर्ड अमेरिका की नेशनल एकेडमी ऑफ रिकॉर्डिंग आर्ट्स एंड साइंसेज (NARAS) की तरफ से विजेताओं को दिया जाता है। अब तक भारत के 15 लोगों को ग्रैमी अवॉर्ड मिल चुका है जिनमें सबसे ज्यादा 6 लोगों को इसी वर्ष पुरस्कार मिला है।












Click it and Unblock the Notifications