UAE to India Ship: यूएई से भारत यात्रा अब 10 हजार में, शारजाह से शिप सर्विस इसी दिसंबर से
UAE to India Ship: संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से भारत आने का किराया अब केवल 10 हजार रुपये लगेगा और साथ में 200 किलो का सामान भी फ्री में आएगा। यह किसी एयरलांइस का फेस्टिवल ऑफर नहीं है, बल्कि भारत और यूएई के बीच पहली बार शिप सर्विस यानी पानी के जहाज की सेवा प्रारंभ होने वाली है। मौजूदा समय में भारत और यूएई के बीच के संबंध काफी बेहतर हैं और दोनों देश इसे व्यापार और अन्य अवसरों में बदलना चाहते हैं। इंडियन एसोसिएशन शारजाह के अध्यक्ष वाई ए रहीम ने 17 सिंतबर को खलीज टाइम्स से बातचीत में बताया कि सब कुछ ठीक रहा तो दिसंबर में स्कूलों की छुट्टियों से पहले यह शिप सेवा चालू हो जाएगी।
यह सेवा शारजाह से भारत के केरल के बीच फिलहाल चालू हो रही है। इसका किराया 442 दिरहम रखा गया है। इस समय एक दिरहम की भारतीय रुपये में कीमत 22 रुपये 63 पैसे है। इस हिसाब से भारतीय रुपये में यह किराया 10 हजार से कम ही बैठेगा। इस सेवा की सबसे खास बात यह होगी कि इसके साथ 200 किलो तक के सामान का कोई भाड़ा नहीं लगेगा। इस समय शारजाह से कोच्चि तक का हवाई जहाज का किराया 18 हजार रुपये से लेकर 40 हजार तक है और उपर से 15 किलो से ज्यादा सामान लाने का अतिरिक्त भाड़ा भी देना पड़ता है। हां, पानी के जहाज की यात्रा में तीन दिन का समय लग सकता है, जबकि हवाई जहाज से ढाई से तीन घंटे मे ही शारजाह से भारत पहुंचा जा सकता है।

इस समय भारत के लगभग 40 लाख लोग यूएई में रह रहे हैं, जिनमें 80 प्रतिशत केरल से हैं। बल्कि केरल का मुख्य आर्थिक स्रोत ही यूएई में रह रहे भारतीय हैं। अरब के देशों से केरल को हर साल लगभग 90 हजार करोड़ रुपये आते हैं, जो वहां रह रहे केरलवासी भेजते हैं। इसलिए यूएई से भारत के बीच यह शिप सेवा भी काफी सफल रहने वाली है।
इंडियन एसोसिएशन शारजाह के अध्यक्ष वाई ए रहीम का कहना है कि इस सेवा को प्रारंभ करने के पीछे उद्देश्य ही यही है कि भारत के लोगों को भारी भरकम टिकट के साथ हवार्ह यात्रा से छुटकारा मिल सके। हर यात्रा में 15 से 20 हजार बचाने का अवसर कोई भी भारतीय नहीं जाने देगा, क्योंकि यह उनके लिए एक बड़ी बचत का मौका होगा।
शारजाह टू केरल की इस सर्विस के लिए औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। जल्द ही केरल सरकार का एक प्रतिनिधिमंडल केंद्र सरकार के संबंधित मंत्रालयों से मिलने आ रहा है। संभवतः यह मुलाकात 24 सितंबर को होगी। एक बार केंद्र सरकार की मंजूरी मिल जाने के बाद शिप यात्रा से संबंधित अन्य औपचारिकताएं भी पूरी कर ली जाएंगी। उम्मीद है कि इस यात्रा का ट्रायल रन नवंबर में प्रारंभ हो जाए।
हालांकि पहले भी अरब और भारत के बीच शिप सेवा चालू करने का प्रयास किया गया था, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। पर अबकि बार शारजाह टू केरल का यह समुद्री सफर काफी नजदीक दिखाई दे रहा है, क्योंकि रूट, किराया और समय सब कुछ तय हो चुका है। इसकी प्रारंभिक मंजूरी यूएई की सरकार ने दे भी है।
कम किराया, ज्यादा सुविधाएं
इस शिप सेवा में दो तरह के किराये का विकल्प है, जो रूट और सुविधाओं के अनुसार देय होगा। पहले विकल्प में 442 दिरहम तो दूसरे विकल्प में 663 दिरहम। यानि अधिकतम 15 हजार रुपये ही किराये के रूप में लगेंगे। उसके साथ 200 किलो सामान का कोई भाड़ा नहीं लगना काफी राहत प्रदान करने वाला होगा। एक शिप में 1250 यात्रियों की क्षमता होगी। इसमें तरह तरह के भोजन परोसे जाएंगे और मनोरंजन का भी साधन होगा।
फिलहाल शारजाह टू केरल शिप सर्विस में केरल के दो बंदरगाहों को चुना गया है। पहला कोच्चि और दूसरा बेपोर, जो कि कोझीकोड के पास है। इसके बाद विझीअंजम बंदरगाह पर भी शिप सेवा उपलब्ध कराने का इरादा है। विझीअंजम 2024 दिसंबर तक बन कर तैयार होगा, यह केरला का सबसे बड़ा कार्गो पोर्ट होने वाला है।












Click it and Unblock the Notifications