World Cup: दो बार का विश्व चैंपियन वेस्टइंडीज 2023 क्रिकेट वर्ल्ड कप से बाहर, जानें टीम का अब तक का सफर
आईसीसी क्रिकेट विश्व कप क्वालिफायर 2023 के सुपर सिक्स मुकाबले में वेस्टइंडीज का सामना स्कॉटलैंड से हुआ। स्कॉटलैंड ने सात विकेट से मैच जीत लिया और वेस्टइंडीज को विश्व कप की दौड़ से बाहर कर दिया। यह एक ऐतिहासिक क्षण था क्योंकि वेस्टइंडीज 48 वर्षों में पहली बार आईसीसी एकदिवसीय (ओडीआई) विश्व कप से चूक गया है। यह वन डे क्रिकेट मैचों में स्कॉटलैंड की वेस्टइंडीज पर पहली जीत थी।

1975 पहला आईसीसी क्रिकेट विश्व कप
क्रिकेट वर्ल्ड कप की शुरुआत 1975 में हुई थी। गर्मियों में लंबे दिन होने के कारण 60-60 ओवर के एक दिवसीय मैचों का पहला विश्व कप इंग्लैंड में आयोजित किया गया था और उस टूर्नामेंट में वेस्टइंडीज ऑस्ट्रेलिया को हराकर चैंपियन बना था। 1975 के क्रिकेट विश्व कप में वेस्टइंडीज के कप्तान क्लाइव लॉयड थे और उनके नेतृत्व में पूरे टूर्नामेंट में वेस्टइंडीज ने अपना दबदबा बनाये रखा। उस साल के क्रिकेट विश्व कप में वेस्टइंडीज ने कुल पांच मैच खेले थे और उसने पांच के पांच मैच जीत लिये। ऑस्ट्रेलिया के साथ फाइनल में वेस्टइंडीज ने 17 रनों से जीत हासिल कर खिताब अपने नाम किया था।
1979 में जलवा बरकरार
1975 में क्रिकेट विश्व कप की अपनी जीत को बरकरार रखने के लिए वेस्टइंडीज ने 1979 के विश्व कप में फिर से पूरी ताकत लगाई। 60-60 ओवर के एक दिवसीय मैचों का यह क्रिकेट विश्व कप भी इंग्लैंड में ही आयोजित हुआ था। वेस्टइंडीज के कप्तान क्लाइव लॉयड ही थे और उनकी कप्तानी में वेस्टइंडीज फाइनल में इंग्लैंड को हराकर लगातार दूसरी बार विश्व कप चैंपियन बना। इस विश्व कप में वेस्टइंडीज ने पांच मुकाबले खेले थे जिसमें से उसने चार मैच जीते थे।
1983 में भारत की जीत
1983 विश्व कप में आश्चर्यजनक उलटफेर हो गया। क्लाइव लॉयड की कप्तानी वाली वेस्टइंडीज की टीम बहुत मजबूत होने के बावजूद भारत ने उसे हराकर विश्व कप जीत लिया। 1983 के विश्व कप में वेस्टइंडीज फाइनल तक तो पहुंचा लेकिन उसे कपिल देव के नेतृत्व वाली अपेक्षाकृत कमजोर भारतीय टीम से आश्चर्यजनक हार का सामना करना पड़ा। अगर वेस्टइंडीज 1983 का विश्व कप भी जीत जाती तो उसकी विश्व कप जीतने की हैट्रिक हो जाती लेकिन भारत से फाइनल में हार ने उनकी यह उम्मीद समाप्त कर दी। इस विश्व कप में वेस्ट इंडीज आठ में से छह मुकाबले जीता था। जो दो मैच वेस्ट इंडीज हारा था, वे दोनों मैच भारत ने उसे हराए थे। पहला लीग दौर के पहले ही मैच में और दूसरा टूर्नामेंट के अंतिम मैच फाइनल में।
1987 के बाद से दबदबा हुआ कम
भारत और पाकिस्तान में संयुक्त रूप से आयोजित 1987 विश्व कप और उसके बाद से वेस्टइंडीज का क्रिकेट विश्व कप में दबदबा कम होना शुरू हो गया। इस विश्व कप में वेस्टइंडीज सेमी फाइनल में भी नहीं पहुंच पाया था। यानी वेस्टइंडीज आठ देशों में से पांचवें स्थान पर था। इस विश्व कप में वेस्टइंडीज छह मुकाबले में से केवल तीन ही जीत पाया था। उस साल का विश्व कप ऑस्ट्रेलिया ने जीता था।
1992 में निराशाजनक प्रदर्शन
ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में आयोजित 1992 के क्रिकेट विश्व कप में भी वेस्टइंडीज का प्रदर्शन बहुत ही निराशाजनक रहा था। वह ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ सका और क्वार्टर फाइनल में भी नहीं पहुंच सका। इस विश्व कप में वेस्टइंडीज नौ देशों में से छठे स्थान तक ही पहुंच सका। 1992 के विश्व कप में वेस्टइंडीज ने 8 मुकाबले खेले थे जिसमें से चार ही जीतने में सफल रहा। 1992 का विश्व कप पाकिस्तान ने जीता था।
1996 में प्रदर्शन में सुधार
भारत, पाकिस्तान और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में 1996 विश्व कप आयोजित हुआ था। इस विश्व कप में वेस्टइंडीज सेमी फाइनल तक पहुंचने में सफल रहा था। हालांकि, सेमी फाइनल में वेस्टइंडीज को ऑस्ट्रेलिया का सामना करना पड़ा और हार गया, जिससे टूर्नामेंट में उनकी यात्रा वहीं समाप्त हो गयी। उस टूर्नामेंट में वेस्टइंडीज द्वारा सात मुकाबले खेले गए थे जिसमें से वह केवल तीन ही जीत पाया था। 1996 का क्रिकेट विश्व कप श्रीलंका ने अपने नाम किया था।
1999 का संघर्ष
इंग्लैंड, आयरलैंड, स्कॉटलैंड, नीदरलैंड और वेल्स में आयोजित 1999 के क्रिकेट विश्व कप में वेस्टइंडीज को संघर्ष करना पड़ा था। इस बार वेस्टइंडीज की टीम ग्रुप स्टेज में राउंड 1 में बाहर हो गयी और 12 देशों में सातवें स्थान पर रही। उस विश्व कप में वेस्टइंडीज ने पांच मुकाबले खेले थे जिसमें से उसने तीन मुकाबले जीते। 1999 के क्रिकेट विश्व कप में वेस्टइंडीज के कप्तान क्रिकेट जगत के सबसे महान खिलाड़ियों में से एक ब्रायन लारा थे। 1999 का क्रिकेट विश्व कप ऑस्ट्रेलिया ने जीता था।
2003 में मिली फिर निराशा
दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और केन्या में आयोजित 2003 विश्व कप में वेस्टइंडीज का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। इस विश्व कप में भी वेस्टइंडीज राउंड 1 तक ही पहुंच पाया था और फिर वह बाहर हो गया। 2003 क्रिकेट विश्व कप में 14 देश खेले थे लेकिन उनमें से वेस्टइंडीज सातवें स्थान पर रहा था। उस विश्व कप में वेस्टइंडीज ने छह मुकाबले खेले जिसमें से वह केवल तीन ही जीत पाया था। 2003 विश्वकप ऑस्ट्रेलिया द्वारा लगातार दूसरी बार जीता गया था।
2007 में बना मेजबान
2007 क्रिकेट विश्व कप नौवां क्रिकेट विश्व कप था जो वेस्टइंडीज में खेला गया था। तब वेस्टइंडीज ने पहली बार टूर्नामेंट की मेजबानी की थी। 2007 विश्व कप में वेस्टइंडीज ने कुल 10 मैच खेले थे, जिनमें से वह पांच मैच जीता था और बाकी हार गया। वेस्टइंडीज टूर्नामेंट के सुपर 8 स्टेज में पहुंच गया था, लेकिन सेमीफाइनल तक पहुंचने में असफल रहा। 2007 का क्रिकेट विश्व कप जीत ऑस्ट्रेलिया ने विश्व कप जीतने की हैट्रिक बना ली थी।
2011 में क्वार्टर फाइनल तक सफर
भारत, श्रीलंका और बांग्लादेश में आयोजित 2011 क्रिकेट विश्व कप वेस्टइंडीज के लिए एक और निराशाजनक टूर्नामेंट रहा। वेस्टइंडीज की टीम क्वार्टर फाइनल तक पहुंची लेकिन पाकिस्तान से हार गयी। टूर्नामेंट में उनका सफर वहीं समाप्त हो गया। 2011 का विश्व कप भारत ने अपने होम ग्राउंड पर श्रीलंका को हराकर जीता था।
2015 में भी क्वार्टर फाइनल तक
ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में आयोजित 2015 क्रिकेट विश्व कप में वेस्टइंडीज क्वार्टर फाइनल तक पहुंच गया था। इस मैच में वह न्यूजीलैंड से हार गया और इसी के साथ उसका विश्व कप का सफर थम गया था। 2015 के विश्व कप में भी वेस्टइंडीज ने 2011 के विश्व कप की तरह सात में से कुल तीन मैच जीतें। उस विश्व कप में वेस्टइंडीज के कप्तान जेसन होल्डर थे। 2015 का विश्व कप ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड को हराकर जीता था।
2019 में सबसे बुरा प्रदर्शन
इंग्लैंड और वेल्स में आयोजित 2019 क्रिकेट विश्व कप वेस्टइंडीज के लिए उसके सबसे बुरे प्रदर्शन वाले टूर्नामेंटों में से एक रहा। वेस्टइंडीज की टीम इस विश्व कप की कुल दस टीमों में से नौवें स्थान पर रही। 2019 विश्व कप में वेस्टइंडीज का प्रदर्शन इतना बुरा था कि वह नौ मैचों में से केवल दो मैच ही जीत पाया। 2019 का विश्व कप इंग्लैंड ने जीता था।
अब 2023 में भारत में आयोजित होने वाले विश्व कप के क्वालीफाइंग राउंड में ही बाहर हो जाने के कारण वेस्ट इंडीज की टीम विश्व कप खेल ही नहीं पाएगी।












Click it and Unblock the Notifications