Meta Profit: फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप की मालिक मेटा को जबरदस्त लाभ
Meta Profit: पहली फरवरी को घोषित परिणाम में मेटा कंपनी के तिमाही राजस्व में 25 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई है, पिछली अवधि के मुकाबले यह लाभ तीन गुना से अधिक है।
मेटा सिलिकॉन वैली की एक प्रमुख कंपनी है, जो फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप की मालिक है। इस बंपर लाभ के बाद मेटा ने यह भी घोषणा कर दी है कि वह 50 सेंट प्रति शेयर निवेशकों को लाभांश भी जारी करेगी। लाभांश घोषित करने के बाद मेटा का बाजार पूंजीकरण 148 बिलियन डॉलर बढ़कर 1.16 ट्रिलियन डॉलर हो गया है।

मेटा ने 2024 के दौरान अपने पूंजीगत व्यय के अनुमान को भी बढ़ाकर 30 बिलियन डॉलर से 37 बिलियन डॉलर कर दिया है। इसमें से अधिकांश में इसके बुनियादी ढांचे का निर्माण और रखरखाव के साथ ही एआई की बढ़ती लागत शामिल होगी। मेटा डेटा सेंटर और अन्य बुनियादी ढांचे पर भारी निवेश करती है और इसके निवेशकों में वैनगार्ड, ब्लैकरॉक, एफएमआर, स्टेट स्ट्रीट, प्राइस एसोसिएट, जेपी मॉर्गन और जिओड कैपिटल जैसे बड़े बड़े वित्तीय संस्थान शामिल हैं। मेटा ने कहा है कि 50 बिलियन डॉलर शेयर बायबैक के मद में खर्च करेगी।
मेटा के शेयर में भारी उछाल
शानदार वित्तीय नतीजों के बाद मेटा के शेयर एक दिन में ही 14.5 प्रतिशत उछल कर 449.51 डॉलर के स्तर पर पहुंच गए। मेटा संस्थापक और मुख्य कार्यकारी मार्क जुकरबर्ग इस वित्तीय परिणाम से गदगद है और निवेशकों का शुक्रिया कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक कम बोझ वाली कंपनी होने के कारण बेहतर और तेजी से कार्य करने में मदद मिल रही है। अब मेटा ए.आई. पर ज्यादा फोकस कर रही है और अपने उत्पाद एवं सेवाओं में विश्व स्तरीय ए.आई. का प्रयोग कर रही है।
मेटा की कमाई 40 बिलियन डॉलर से अधिक
फैक्टसेट द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 31 दिसंबर 2023 को समाप्त तिमाही में मेटा का राजस्व 40.1 बिलियन डॉलर था, जो एक साल पहले की इसी अवधि में 32.2 बिलियन डॉलर था। 2013 की तिमाही में लाभ 14 अरब डॉलर था, जो कि पिछले साल 4.65 अरब डॉलर था।
मेटा के लाभ में तेजी का मुख्य कारण कंपनी को मिल रहे डिजिटल विज्ञापनों में निरंतर उछाल है। दुनिया की तमाम बड़ी कंपनियां अपने विज्ञापन बजट एक बड़ा हिस्सा मेटा के लिए आवंटित करती हैं। इस मामले में गूगल भी अब पिछड़ रहा है। गुगल ने जो अपनी नवीनतम तिमाही का राजस्व और लाभ मार्जिन की जानकारी दी है उसमें मामूली विज्ञापन वृद्धि को ही दर्शाया गया है।
मेटा का विवादों से पुराना नाता
वैश्विक अर्थव्यवस्था में बदलाव और ऑनलाइन विज्ञापन बाज़ारों में उतार चढ़ाव का असर मेटा के व्यवसाय पर भी पड़ता रहा है। कंपनी को गोपनीयता के मुद्दों और अपने प्लेटफार्मों पर गलत सूचना के मामले में कई बार कोर्ट का भी मुंह देखना पड़ा है। यही नहीं मेटा के प्लेटफॉर्म पर दुनिया भर से विषाक्त सामग्री के प्रसार का भी आरोप लगता रहा है। उसे कई तरह की जांच का भी सामना करना पड़ा है।
मेटा संस्थापक ज़करबर्ग ने पिछले साल लागत में कटौती के नाम पर हजारों कर्मचारियों की छंटनी कर दी थी। दिसंबर 2022 के बाद से कंपनी के कर्मचारियों की संख्या में 22 प्रतिशत की कमी आई है। इस समय कुल 67,317 कर्मचारी मेटा के लिए काम कर रहे हैं। इसके अलावा मेटा की वर्चुअल और ऑगमेंटेड रियलिटी ग्लास और उत्पादों के निर्माण के लिए ज़िम्मेदार रियलिटी लैब्स ने 1 बिलियन डॉलर का राजस्व प्राप्त करने के बाद भी 4.6 बिलियन डॉलर का नुकसान उठाया है।
मेटा प्लेटफॉर्म्स पर हैं 4 अरब यूजर्स
मेटा के विभिन्न प्लेटफार्मों को नियमित रूप से चार अरब से अधिक लोग उपयोग करते हैं। इसका दावा ऑनलाइन बाल यौन शोषण सामग्री के प्रसार पर अमेरिकी कांग्रेस की सुनवाई में पूछताछ के दौरान किया गया। मार्क जुकरबर्ग ने सुनवाई के समय यह कहा कि ऑनलाइन दुर्व्यवहार झेलने वाले बच्चों के परिवारों ने जो अनुभव किया है, उसके लिए वह माफी मांगते हैं। विवाद के बावजूद लोग नियमित रूप से मेटा की सेवाओं पर वापस आ रहे हैं। कंपनी हर महीने अपने ऐप्स पर 3.98 बिलियन से अधिक उपयोगकर्ताओं को होस्ट करती है, जो एक साल पहले की तुलना में 6 प्रतिशत अधिक है।












Click it and Unblock the Notifications