जिस PUBG Mobile गेम से मिले सीमा और सचिन, वह देश की सुरक्षा के लिए है खतरा
सीमा हैदर और सचिन मीणा का मामला सुर्खियों में है। पाकिस्तानी महिला सीमा ने मीडिया से लेकर सुरक्षा एजेंसियों तक को अभी तक यही कहा है कि पबजी मोबाइल गेम के माध्यम से उसकी जान-पहचान ग्रेटर नोएडा निवासी सचिन से हुई।
सीमा हैदर और सचिन मीणा का मामला सुर्खियों में है। पाकिस्तानी महिला सीमा ने मीडिया से लेकर सुरक्षा एजेंसियों तक को अभी तक यही कहा है कि पबजी मोबाइल गेम के माध्यम से उसकी जान-पहचान ग्रेटर नोएडा निवासी सचिन से हुई। इसके बाद दोनों के बीच प्यार हो गया, फिर सीमा पाकिस्तान से दुबई और नेपाल होते हुए अवैध तरीके से भारत आ गयी। वैसे पबजी मोबाइल भारत में विवादित गेम रहा है। इसे देश की सुरक्षा के लिए खतरा बताया जा चुका है। हम आपको उस पबजी गेम के बारे में बता रहे हैं, जिसे खेलते हुए सीमा को सचिन से प्यार हुआ और उसके बाद वह भारत आ गई।
पबजी मोबाइल क्या है?
पबजी मोबाइल एक बैटल रॉयल गेम है। यह फ्री ऑनलाइन मल्टीप्लेयर गेम है, यानी इसे खेलने के लिए कोई पैसा नहीं देना होता है। साउथ कोरिया की कंपनी क्राफ्टन ने इसे बनाया है। इस गेम को 19 मार्च 2018 को Android और iOS, दोनों प्लेटफॉर्म के लिए रिलीज किया गया था। इसका मतलब, इस गेम को एंड्रॉइड और आईओएस, दोनों ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम करने वाले मोबाइल या टैबलेट पर खेला जा सकता है। पबजी मोबाइल को बनाया भले ही क्राफ्टन ने था, लेकिन अलग-अलग रीजन में इसे अलग-अलग कंपनियां संचालित करती थीं। इनमें क्राफ्टन, चीन की टेनसेंट और वीएनजी गेम्स समेत दूसरे पब्लिशर शामिल हैं।

भारत में प्रतिबंधित है पबजी मोबाइल
पबजी मोबाइल भारत में प्रतिबंधित है। भारत सरकार ने सुरक्षा कारणों के चलते साल 2020 में इस बैटल रॉयल गेम को प्रतिबंधित कर दिया था। दरअसल, सरकार ने IT Act 2000 के सेक्शन 69A के तहत 2 सितंबर 2020 को 118 चीनी ऐप्स को बैन किया था। इसे चीन पर भारत की डिजिटल स्ट्राइक के तौर पर भी देखा गया था। इन 118 ऐप्स में पबजी मोबाइल गेम भी शामिल था।
सूचना और प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने कहा था कि इन ऐप्स पर इसलिए बैन लगाया गया है, क्योंकि यह भारत की संप्रभुता और अखंडता, भारत की रक्षा, राज्य की सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था के लिए खतरा है। मंत्रालय ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा था कि उसे विभिन्न सूत्रों से कई शिकायतें मिली थी। साथ ही कई ऐसी रिपोर्ट्स आई हैं, जिनमें पता चला है कि एंड्रॉयड और आईओएस प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कई मोबाइल ऐप यूजर्स का डेटा चुरा रहे थे और भारत से बाहर लोकेशंस पर इसे भेज रहे थे। याद दिला दें कि भारत में जो पबजी मोबाइल खेलने के लिए उपलब्ध था, उसे चीन की कंपनी टेनसेंट संचालित करती थी, यानी भारतीय यूजर्स का डेटा चीन में भेजा जा रहा था।
क्या अब भारत में उपलब्ध है पबजी मोबाइल गेम?
इस सवाल का जवाब है, नहीं। 2 सितंबर 2020 से यह गेम भारत में प्रतिबंधित है। तकनीकी तौर पर पबजी मोबाइल भारत में उपलब्ध नहीं है। हां, इसे बदले स्वरूप में जरूर पेश किया गया है। अब यह गेम बैटलग्राउंड्स मोबाइल इंडिया (BGMI) के नाम से देश में उपलब्ध है।
पबजी मोबाइल प्रतिबंधित होने के बाद क्राफ्टन ने पूरी कोशिश की कि इसे दोबारा भारत में शुरू किया जा सके। इसके लिए उसने चीन की टेनसेंट से अलग होने की भी घोषणा की। मगर केंद्र सरकार ने स्पष्ट कर दिया था कि देश की सुरक्षा और यूजर्स के डेटा की प्राइवेसी से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। हालांकि, सितंबर 2020 में बैन के बाद अक्टूबर से दिसंबर 2020 तक पबजी मोबाइल की भारत में वापसी की खबरें लगातार आती रहीं, लेकिन ऐसा संभव नहीं हो सका।
बैटलग्राउंड्स मोबाइल इंडिया क्या है?
बड़ी मशक्कत के बाद भी जब केंद्र सरकार ने पबजी मोबाइल को दोबारा देश में लॉन्च करने की इजाजत नहीं दी, तब क्राफ्टन ने पबजी मोबाइल में परिवर्तन करके इसे भारत में लॉन्च करने की तैयारी की। इसमें भारत आधारित कई बदलाव किये गए। साथ की कंपनी ने यूजर्स के डेटा की प्राइवेसी और सिक्योरिटी को लेकर प्रतिबद्धता जताई। इसके बाद 2 जुलाई 2021 को बैटलग्राउंड्स मोबाइल इंडिया को भारत में एंड्रॉयड यूजर्स के लिए लॉन्च कर दिया गया। इसके बाद 18 अगस्त को BGMI के iOS वर्जन को लॉन्च किया गया। यह गेम खासतौर पर सिर्फ भारतीय यूजर्स के लिए पेश किया गया है।
BGMI पर भी लगा प्रतिबंध
साल 2021 में लॉन्चिंग के करीब एक साल बाद BGMI पर भी बैन लग गया। 28 जुलाई 2022 को सरकार ने IT Act 69A के उल्लंघन की वजह से इस गेम को भी देश में प्रतिबंधित कर दिया। इसके बाद इसे गूगल प्ले स्टोर और एप्पल प्ले स्टोर से हटा लिया गया।
साल 2023 में हटा प्रतिबंध
BGMI प्रतिबंधित होने के बाद क्राफ्टन ने फिर से वैसी ही मशक्कत शुरू की, जैसी पबजी मोबाइल प्रतिबंधित होने के बाद की थी। करीब 10 महीनों बाद मई 2023 में बीजीएमआई पर लगा प्रतिबंध हटा लिया गया। 19 मई 2023 को इस गेम से प्रतिबंध हटाया गया, लेकिन इसके लिए कुछ शर्तें तय की गयी है। शुरुआत में सिर्फ 90 दिनों के लिए इस गेम से प्रतिबंध हटा है। इस दौरान भारत सरकार की संबंधित एजेंसी यह देखेगी कि बीजीएमआई किसी तरह से भारतीय कानून का उल्लंघन तो नहीं कर रहा है। इसके बाद ही इस पर से हमेशा के लिए प्रतिबंध हटाने का फैसला लिया जाएगा।
BGMI के भारत में कितने डाउनलोड्स
एंड्रॉयड प्लेटफॉर्म पर बीजीएमआई को 10 करोड़ से ज्यादा बार डाउनलोड किया जा चुका है। इसके अलावा ios पर भी इस गेम के बड़ी संख्या में यूजर्स हैं। भारत में इस गेम के क्रेज का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पबजी मोबाइल बैन के बाद कुछ बदलाव के साथ जब इसे दोबारा बीजीएमआई नाम से लॉन्च किया गया था, तब कुछ ही दिनों में इसे 1 करोड़ से ज्यादा बार डाउनलोड कर लिया गया था।
देश के लिए खतरा रहे हैं पबजी मोबाइल और बीजीएमआई
चाहे पबजी मोबाइल हो, या बीजीएमआई। सरकार की कार्रवाई से इतना तो साफ है कि यह बैटल रॉयल गेम देश की सुरक्षा के लिए खतरा है। भले ही पबजी मोबाइल और बीजीएमआई, दो अलग-अलग नाम हैं, लेकिन मूलरूप से यह एक ही गेम है, जिसे क्राफ्टन ही संचालित करती है। 2 सितंबर 2020 को जब पबजी मोबाइल बैन किया गया, तब केंद्र सरकार ने इसे भारत की संप्रभुता और अखंडता, भारत की रक्षा, राज्य की सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था के लिए खतरा पैदा करने वाला बताया था। इसके बाद 28 जुलाई 2022 को सरकार ने बीजीएमआई पर भी आईटी एक्ट 69A के उल्लंघन की वजह से बैन लगाया था। यह वही एक्ट है, जिसका उपयोग सितंबर 2020 में PUBG पर प्रतिबंध लगाने का आदेश देने के लिए किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications