चार धाम यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू, कैसे करें इसकी तैयारी
Char Dham Yatra: उत्तराखंड पर्यटन ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से ट्वीट कर जानकारी दी है कि चार धाम यात्रा 2024 के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुके हैं। तीर्थ यात्री चार धाम यात्रा 2024 के लिए उत्तराखंड पर्यटन की आधिकारिक वेबसाइट, व्हाट्सएप या फिर टोल फ्री नंबर के माध्यम से रजिस्टर कर सकते है। आईए जानते हैं चार धाम यात्रा 2024 के बारे में, जो इच्छुक यात्रियों के लिए बहुत जरूरी है।

कौन से हैं चार धाम
चार धाम भारत में चार पवित्र हिंदू तीर्थ स्थल हैं, जिनमें बद्रीनाथ, केदारनाथ, यमुनोत्री और गंगोत्री शामिल हैं। ये स्थल उत्तराखंड के हिमालयी क्षेत्र में स्थित हैं और हिंदुओं के लिए अत्यधिक महत्वपूर्ण माने जाते हैं। चार धाम यात्रा इन चार पवित्र स्थलों की यात्रा है और ऐसा माना जाता है कि इस तीर्थयात्रा को पूरा करने से मोक्ष की प्राप्ति होती है।
बद्रीनाथ धाम भगवान विष्णु को समर्पित है और उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित है। यह 3,133 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है और बर्फ से ढके पहाड़ों से घिरा हुआ है। वहीं, केदारनाथ धाम भगवान शिव को समर्पित है और उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में स्थित है। यह 3,584 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है और भारत में बारह ज्योतिर्लिंगों या सबसे पवित्र शिव मंदिरों में से एक है।
यमुनोत्री धाम देवी यमुना को समर्पित है और उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में स्थित है। यह 3,293 मीटर की ऊँचाई पर स्थित है और भारत की सबसे पवित्र नदियों में से एक यमुना नदी का स्रोत है। गंगोत्री धाम देवी गंगा को समर्पित है और उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में स्थित है। यह 3,042 मीटर की ऊँचाई पर स्थित है और भारत की सबसे पवित्र नदियों में से एक गंगा नदी का स्रोत है।
कब खुल रहे चार धाम के कपाट
2024 में चार धाम के कपाट खुलने की तारीख अलग-अलग है। उत्तराखंड पर्यटन की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, बद्रीनाथ धाम के कपाट 12 मई सुबह 6:00 बजे खुलेंगे, वहीं केदारनाथ धाम, यमुनोत्री धाम और गंगोत्री धाम के कपाट 10 मई को अक्षय तृतीया के अवसर पर खुलेंगे।
इसमें केदारनाथ धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट 7:00 बजे खुलेंगे, जबकि गंगोत्री धाम के कपाट खुलने का समय अभी तक सामने नहीं आया है। यह ध्यान रखना महत्वपूर्ण है कि चार धाम यात्रा के प्रारंभ होने की तारीखें हर वर्ष थोड़ी अलग होती हैं, और ये तिथियाँ आमतौर पर चार धाम मंदिर समिति, केदारनाथ-बद्रीनाथ मंदिर समिति द्वारा पंचांग, हिंदू कैलेंडर पर विचार करने के बाद घोषित की जाती हैं।
कब तक खुले रहेंगे चार धाम के कपाट
चार धाम के कपाट कब तक खुले रहेंगे उसकी वर्तमान में आधिकारिक रूप से कोई तारीख सामने नहीं आई है। लेकिन चार धाम के कपाट हर बार की तरह अलग-अलग तारीख पर बंद होंगे। सबसे पहले बात करते हैं केदारनाथ धाम की, केदारनाथ धाम के कपाट 14 नवंबर को बंद होने की उम्मीद है, वहीं बद्रीनाथ धाम में यात्री 21 नवंबर तक दर्शन और भक्ति कर पाएंगे।
अगर गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम की बात करें तो, गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम, दोनों के कपाट 12 नवंबर तक खुले रहने की उम्मीद की जा रही है। चार धाम यात्रा के समाप्त होने की तारीख दीपावली, भाई दूज और विजय दशमी को ध्यान में रखते हुए तय की जायेगी।
चार धाम यात्रा 2024 की तैयारियां
उत्तराखंड में चार धाम यात्रा 2024 के लिए सरकार पूरी तैयारी कर रही है ताकि तीर्थयात्रा को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाया जा सके। 23 फरवरी को उत्तराखंड की मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने सभी विभागों को यात्रा मार्ग पर आवश्यक बुनियादी ढाँचा तैयार करने के लिए दो महीने की समय सीमा तय की थी, जिसमें सुविधा के लिए ऑनलाइन यात्रा पंजीकरण पर ज़ोर दिया गया था।
सरकार सड़क सुरक्षा, शौचालय, ड्राइवरों के लिए किफ़ायती भोजन, स्वास्थ्य सुविधाएँ और सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी पर ध्यान केंद्रित कर रही है। इसके अलावा, प्लास्टिक की बोतलों के इस्तेमाल को कम करने के लिए बाय-बैक बॉटल पहल और वॉटर एटीएम भी लगाए जा रहे है। कुछ दिनों पहले ही उत्तराखंड के चमोली के कलेक्टर हिमांशु खुराना, और पिछले महीने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने तैयारियों का जायजा लिया था।
पिछले वर्षों में कितनी लोगों ने की चार धाम यात्रा
उत्तराखंड में चार धाम तीर्थ स्थलों पर जाने वाले लोगों की संख्या पिछले कुछ वर्षों में बढ़ रही है। 2019 में कोरोना वायरस महामारी के प्रकोप से पहले 32 लाख से अधिक तीर्थ यात्रियों ने चार धाम मंदिरों का दौरा किया। हालाँकि, महामारी के कारण, 2020 और 2021 में तीर्थयात्रा को रोक दिया गया था।
2020 में मात्र 3 लाख तीर्थ यात्री यात्रा के लिए आए। 2021 में 5 लाख से अधिक तीर्थ यात्रियों ने चार धाम का दौरा किया। लेकिन फिर 2022 में चार धाम यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या में बहुत ही जबरदस्त वृद्धि हुई, 2022 में लगभग 46 लाख लोगों ने तीर्थयात्रा की, और 2023 में ये संख्या लगभग 55 लाख से अधिक लोगों तक पहुंच गई थी।
चार धाम यात्रा 2024 के लिए कैसे करें रजिस्टर?
- उत्तराखंड पर्यटन सेवा की आधिकारिक वेबसाइट registrationandtouristcare.uk.gov.in/ पर जाएँ।
- दाएँ कोने पर जाएँ और चार धाम यात्रा के लिए पेज पर खुद को रजिस्टर करने के लिए 'रजिस्टर/लॉगिन' पर क्लिक करें।
- अपनी डिटेल्स, जैसे कि आपका नाम, मोबाइल नंबर, पता, आदि के साथ रजिस्ट्रेशन फ़ॉर्म भरें।
- रजिस्टर करने के बाद, आपको अपने मोबाइल नंबर पर वेरिफिकेशन के लिए एक ओटीपी आएगा।
- ओटीपी वेरिफिकेशन के बाद, आपको अपने मोबाइल नंबर या ईमेल आईडी पर पोर्टल से लॉगिन डिटेल्स प्राप्त होंगे।
- पोर्टल से प्राप्त डिटेल्स का उपयोग करके लॉग इन करें और रजिस्ट्रेशन डैशबोर्ड तक पहुँचें।
- अपने और अपने टूर प्लान के बारे में सभी आवश्यक विवरण भरें।
- अपने वैलिड आईडी प्रूफ, जैसे कि आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी या ड्राइविंग लाइसेंस की स्कैन की गई कॉपी अपलोड करें।
- इस सब के बाद आपको अपने मोबाइल नंबर या ईमेल आईडी पर अथॉरिटीज़ से एक यूनिक रजिस्ट्रेशन नंबर (URN) प्राप्त होगा।
- चार धाम यात्रा के लिए अपना रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट डाउनलोड करना ना भूलें और यात्रा के दौरान इसे अपने पास रखें।
इसके अलावा, तीर्थ यात्री व्हाट्सएप से भी चार धाम यात्रा के लिए रजिस्टर कर सकते है, उन्हें केवल व्हाट्सएप पर 8394833833 पर 'Yatra' लिखकर भेजना है। और जो तीर्थ यात्री इंटरनेट पर रजिस्टर नहीं कर पाते, उनके लिए पर्यटन विभाग टोल-फ्री नंबर 0135-1364 पर डायल करके रजिस्ट्रेशन सेवा प्रदान कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications