Get Updates
Get notified of breaking news, exclusive insights, and must-see stories!

Ramayan Serial: बहुत याद आएंगे रामायण के ‘रावण’, ‘हनुमान’ और ‘मंथरा’ जैसे किरदार

Ramayan Serial: अयोध्या में 22 जनवरी को हो रही राम मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर देश भर में जबर्दस्त उत्साह है। ऐसे में पुराने धारावाहिक रामायण को देखने की लालसा लोगों में एक बार फिर जागी है।

ram mandir ramayan serial characters of Ravana, Hanuman and Manthara will be greatly missed

लोग यूट्यूब पर इसे डाउनलोड कर रहे हैं। सब जानते हैं कि रामायण धारावाहिक में अरुण गोविल ने भगवान राम के किरदार को निभाया था, जो हमेशा के लिए जीवंत हो गया है। इस धारावाहिक के रावण के रूप में अरविंद त्रिवेदी और हनुमान के रुप में दारा सिंह की छवि भी लोगों के मन में घर कर गई।

अफसोस है कि रामायण धारावाहिक के कई पात्रों का निधन हो चुका है। 'रामायण' के रावण, हनुमान, राजा जनक, कुंभकरण, भरत, उर्मिला, मंथरा, इंद्रजीत, कौशल्या, सुमित्रा, विभीषण, सुग्रीव, सुनैना, सुमंत और निषादराज सभी वैकुंठ धाम जा चुके हैं। इन किरदारों की कमी इस उत्सव के समय जरूर खलेगी। इनके अलावा रामायण के निर्माता निर्देशक रामानंद सागर का भी निधन हो चुका है।

'रामायण' ने की नए युग की शुरुआत

90 के दशक के प्रारंभ में आए इस धारावाहिक के पात्रों को लोग भगवान समान मानकर पूजते हैं। आखिरी बार इसे कोरोना के समय भारत में लगे लॉकडाउन के समय में दिखाया गया था। इस 'रामायण' के रावण, हनुमान व अन्य जो अब नहीं रहे। आज हम उनके जीवन बारे में जानने की कोशिश करेंगे।

रावण (अरविंद त्रिवेदी): रावण की भूमिका निभाने वाले अरविंद त्रिवेदी का जन्म 8 नवंबर, 1938 को मध्य प्रदेश के इंदौर में हुआ था। इन्होंने 250 से ज्यादा हिंदी, गुजराती फिल्में और धारावाहिकों में काम किया है। अरविंद त्रिवेदी 1991 से लेकर 1996 तक भाजपा की ओर से लोकसभा के सांसद भी रहे। साल 2002 में भाजपा ने इन्हें केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड का अध्यक्ष भी नियुक्त किया था। 82 साल की उम्र में इनकी मृत्यु 6 अक्टूबर, 2021 को हुई।

हनुमान (दारा सिंह): हनुमान की भूमिका निभाने वाले फिल्म और टीवी जगत के लीजेंड अभिनेता दारा सिंह का जन्म 19 नवंबर 1928 को अमृतसर, पंजाब में हुआ था। दारा सिंह ने अपने करियर में 100 से अधिक फिल्मों में काम किया था। दारा सिंह ना सिर्फ एक शानदार अभिनेता भी थे बल्कि एक चैंपियन पहलवान भी थे। भाजपा की ओर से ये 2003-09 तक राज्यसभा के सांसद भी रह चुके थे। हालांकि, 12 जुलाई 2012 को 88 वर्ष की उम्र में इनका निधन हो गया था।

राजा जनक (मूलराज राजदा): मूलराज राजदा का जन्म 13 नवंबर, 1931 को मुंबई में हुआ था। इन्होंने भी कई धारावाहिकों में काम किया था। उन्होंने दूरदर्शन के ब्योमेश बक्शी, विक्रम-बेताल जैसे धारावाहिकों में मुख्य किरदार भी निभाया था। रामायण में शत्रुघ्न की भूमिका निभाने वाले समीर राजद इन्हीं के बेटे हैं। मूलराज राजदा का निधन 80 वर्ष की उम्र में 23 सितंबर, 2012 को हो गया था।

मंथरा (ललिता पवार): 700 से भी ज्यादा हिंदी, मराठी और गुजराती फिल्मों में काम कर चुकी ललिता पवार का जन्म 18 अप्रैल 1916 को नासिक, महाराष्ट्र में हुआ था। कहते हैं कि रामानंद सागर की 'रामायण' में ललिता पवार ने जब मंथरा का रोल निभाया तो दर्शकों को उनसे नफरत होने लगी थी। इस किरदार ने एक्ट्रेस को घर-घर में एक अलग ही पहचान दिलाई थी। हालांकि, 24 फरवरी 1988 को उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया था। ललिता पवार की मौत मुंह के कैंसर से हुई थी। उनके निधन की खबर तीन दिन बाद पता चली थी।

भरत (संजय जोग): रामायण में भरत का किरदार निभाने वाले संजय जोग एक मराठी अभिनेता थे। लेकिन, उन्होंने गुजराती व हिंदी फिल्मों में भी काम किया था। इन्होंने हिंदी के जिगरवाला (1991) व हमशक्ल (1992) जैसी सुपरहिट फिल्मों में अभिनय किया था। दुर्भाग्यवश लीवर के संक्रमण के कारण केवल 40 साल की उम्र में ही 27 नवंबर, 1995 को उनका निधन हो गया था।

कौशल्या (जयश्री गड़कर): भगवान राम की माता का किरदार निभाने वाली जयश्री का जन्म 21 फरवरी 1946 को कर्नाटक राज्य में हुआ था। वो मराठी फिल्मों की लीजेंड अभिनेत्री थीं। जयश्री ने अनगिनत मराठी व हिंदी फिल्मों में काम किया था। इनकी कुछ प्रसिद्ध फिल्मों में सारंग, खुनी दरिंदा, बजरंगबली, हर हर महादेव, तुलसी विवाह आदि शामिल हैं। 'रामायण' में दशरथ का किरदार निभाने वाले बाल धुरी असल जीवन में भी इनके पति थे। 29 अगस्त, 2008 को 66 वर्ष की आयु में जयश्री गड़कर की मृत्यु हो गयी थी।

सुमित्रा (रजनी बाला): रामायण में भगवान राम की दूसरी माता सुमित्रा का किरदार निभाने वाली रजनी बाला 60 व 70 के दशक में कई हिंदी फिल्मों व धारावाहिकों में साइड रोल निभा चुकी हैं। जिनमें उनकी मुख्य फिल्में श्रीमान-श्रीमती, रोटी कपड़ा और मकान, विक्रम-बेताल आदि हैं। 6 दिसंबर 2010 में इनकी मृत्यु हो गई।

विभीषण (मुकेश रावल): रामायण सीरियल में विभीषण का किरदार निभाने वाले मुकेश रावल का जन्म साल 1951 में मुंबई में हुआ था। उन्होंने हिंदी भाषा के अलावा गुजराती फिल्मों और धारावाहिकों में भी काफी काम किया। उन्होंने रामायण में विभीषण का किरदार निभाने के बाद काफी लोकप्रियता हासिल की। मुकेश रावल की मौत 15 नवंबर, 2016 को एक हादसे में हो गई थी।

सुग्रीव/ बालि (श्याम सुंदर कालानी): रामायण में सुग्रीव व बाली दोनों का किरदार निभाने वाले श्याम सुंदर कालानी का जन्म 1940 में मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में हुआ था। 80 के दशक में ऐसे कम ही कलाकार थे जो एक ही शो में दो अलग-अलग किरदारों को निभा पाते थे। लेकिन, श्याम सुंदर ने रामायण में दो भाई सुग्रीव व बाली का बखूबी किरदार निभाया था। इनका निधन 6 अप्रैल, 2020 को कैंसर की वजह से हुआ।

रामानंद सागर (रामायण के निर्देशक): प्रसिद्ध टीवी धारावाहिक विक्रम और वेताल, दादा-दादी की कहानियां, रामायण, कृष्णा, अलिफ लैला और जय गंगा मैया जैसे लोकप्रिय धारावाहिक बनाने वाले रामानंद सागर का जन्म 29 दिसंबर 1917 को लाहौर के नजदीक असल गुरु नामक स्थान पर हुआ था। उन्होंने 22 छोटी कहानियां, तीन वृहत लघु कहानी, दो क्रमिक कहानियां और दो नाटक भी लिखे थे। भारत सरकार ने साल 2000 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया था। रामानंद सागर की स्वास्थ्य समस्याओं के कारण 12 दिसंबर, 2005 को 88 वर्ष की आयु में मुंबई में उनके घर पर मृत्यु हो गई।

More From
Prev
Next
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+