Unpaid Hotel Bills: पांच सितारा होटलों में ठाट-बाट से रहे, लाखों का बिल बिना चुकाए भाग गये
दिल्ली और देश के दूसरे शहरों में पांच सितारा होटलों में शाही जिंदगी जीने के बाद बिल न भरने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इन ठगों एवं चालबाजों में सिर्फ भारतीय ही नहीं बल्कि विदेशी भी शामिल हैं।

Unpaid Hotel Bills: बीते दिनों दिल्ली के चाणक्यपुरी में पांच सितारा होटल के मैनेजर ने दिल्ली पुलिस में एक मामला दर्ज कराया। यह मामला आईटीसी मौर्या होटल का था, जहां पुष्कर गोयल नाम के एक आदमी को पुलिस ने हिरासत में लिया है। आरोप है कि पुष्कर और उनका परिवार कई दिनों तक होटल में रुके लेकिन ₹3.65 लाख के बिल का भुगतान नहीं किया। उन्होंने होटल में दो कमरे बुक किए थे। पुष्कर पकड़ में तब आया जब उसने किसी मोबाइल एप से फर्जी यूनिक ट्रांजैक्शन रिसिप्ट (यूटीआर) बनाकर होटल स्टाफ को भेज दी। इसके बाद वह दावा करने लगा कि उसने बिलों का भुगतान कर दिया है जबकि होटल के बैंक अकाउंट में ऐसी कोई राशि नहीं आई थी।
पुष्कर ऐसे ठगों की लिस्ट में अकेला नहीं है। पांच सितारा होटलों में शौक-मौज करने के बाद बिलों के भुगतान पर ठगी और धोखेबाजी के कई मामले सामने आ चुके हैं। हालांकि, ऐसे मामले आगे भी सामने आते रहेंगे, क्योंकि होटल व्यवसाय की अपनी सीमाएं हैं। सामान्यतया वह किसी भी ग्राहक से उनकी सेवायें लेने से पहले भुगतान के लिए नहीं कह सकते।
राष्ट्रपति भवन का हवाला देकर चूना लगाने की कोशिश
फरवरी 2023 में सुधीर नाम के 20 वर्षीय युवक ने होटल का बिल नहीं चुकाने के लिए स्टाफ को धमकाया और कहा कि वह राष्ट्रपति भवन में तैनात नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) का सब-इंस्पेक्टर है। सुधीर ने एनआईए में ट्रेनिंग कर रहे सुदर्शन राव नाम के सिपाही का आईडी कार्ड चुराकर उसपर अपनी फोटो लगा दी थी। वह जयपुर की रेडिसन ब्लू होटल में रुका था। होटल से चेक आउट करते समय जब बिल चुकाने की बात आई तो उसने मोबाइल एप से फर्जी यूनिक ट्रांजैक्शन रिसिप्ट (यूटीआर) बनाकर भेज दी। जब होटल स्टाफ ने पेमेंट न होने की बात कही तो सुधीर ने धमकियां देनी शुरू कर दी।
65 वर्षीय व्यक्ति ने नहीं चुकाया होटल बिल
दिसंबर 2022 में 65 वर्षीय विंसेंट जॉन को 5 स्टार होटलों में रहने और बिल न चुकाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ सबसे ताजा मामला एक होटल द्वारा दर्ज कराया गया, जब वह उस होटल में कई दिनों तक रुका और होटल वालों ने उसका स्टाइल देख एडवांस में कोई पैसा नहीं लिया। विंसेंट को केरल के कोल्लम रेलवे स्टेशन के पास से पकड़ा गया था। उसने एक होटल से लैपटॉप भी चुराया था। पुलिस को जांच में पता चला कि उसने केरल, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और गोवा में पहले भी कई बार इस तरह की धोखाधड़ी की है।
संयुक्त अरब अमीरात के शाही परिवार से नाता
नवंबर 2022 में शरीफ नाम के एक व्यक्ति दिल्ली पुलिस की नजर में आया। वह संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के शाही परिवार से अपना संबंध बताता था। वह दिल्ली के द लीला पैलेस होटल में तीन महीनों तक रुका और ₹23 लाख से अधिक का बिल बना लिया। शरीफ ने नकली बिजनेस कार्ड, यूएई का नागरिक कार्ड और अन्य दस्तावेज भी तैयार किये थे। उसने होटल के कमरे से चांदी के बर्तन और अन्य सामान भी चुरा लिये। फिलहाल यह आरोपी लापता है और दिल्ली पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
8 महीनों में 25 लाख का बिल
एक 43 वर्षीय व्यक्ति नवी मुंबई के एक आलीशान होटल में लगभग आठ महीनों तक रहा और बिल का भुगतान किए बिना ही भाग गया। उसका बिल लगभग ₹25 लाख का था। वह शख्स होटल के दो कमरों में बुकिंग कराकर रुका था और बाथरूम के दरवाजे से फरार हो गया। उस व्यक्ति की पहचान मुंबई के अंधेरी में रहने वाले मुरली कामत के रूप में की गयी। मुरली के साथ उसका 12 वर्षीय बेटा भी उसी होटल में रुका था। मुरली ने नवंबर 2021 में होटल में चेक इन किया और मई तक उसने बिल नहीं चुकाया फिर जुलाई में वह भाग निकला।
नहीं चुकाया ₹1.4 लाख का बिल
जनवरी 2021 में स्वप्निल नाइक खुद को वीआईपी बताकर बेंगलुरु के एक होटल में रुका और ₹1.4 लाख का बिल चुकाए बिना भाग गया। स्वप्निल बेंगलुरु के गांधी नगर के जियॉन होटल में रुका था। होटल स्टाफ के अनुसार स्वप्निल ने 2 जनवरी को होटल में चेक इन किया और छह दिनों बाद उसकी पत्नी भी होटल में पहुंच गयी। स्वप्निल के साथ उसके बॉडीगार्ड भी थे जिनके लिए स्वप्निल ने दो और कमरे बुक किए थे। पुलिस जांच में पता चला कि स्वप्निल ने बॉडीगार्ड को भी चूना लगाया था और उन्हें भी भुगतान नहीं किया।
नहीं चुकाया ₹19 लाख का बिल
अश्विनी कुमार चोपड़ा और रमणिक बंसल नाम के दो व्यापारी साल 2018 में चंडीगढ़ के शिवालिकव्यू होटल में कई महीनों तक बिना बिल चुकाए रुके थे। उनका होटल का बिल ₹19 लाख का था। जब दोनों लोग अपनी होटल का बिल चुका नहीं पाए तो होटल ने 2018 में उनकी ऑडी और शेवरले क्रूज कारें जब्त कर ली। होटल चंडीगढ़ औद्योगिक और पर्यटन निगम (सिटको) द्वारा चलाया जाता है। सिटको के अधिकारियों के अनुसार दोनों गाड़ियों की नीलामी 14 फरवरी 2023 को होनी थी। हालांकि स्थानीय कोर्ट ने इसपर रोक लगा दी। ऑडी क्यू3 की बेस प्राइस ₹10 लाख और शेवरले क्रूज की बेस प्राइस ₹1.5 लाख रखा गया था।
5 स्टार होटल में नहीं चुकाया ₹2 लाख का बिल
मार्च 2016 में मुंबई पुलिस ने 42 वर्षीय प्रशांत मोदक नाम के व्यक्ति को सालभर की मशक्कत के बाद गिरफ्तार किया। प्रशांत का जुर्म यह था कि वह अपनी पत्नी के साथ मुंबई की ट्राइडेंट होटल में दो हफ्तों तक रुका और उसने होटल का ₹2 लाख का बिल नहीं चुकाया। प्रशांत ने होटल स्टाफ को बताया कि वह पुणे की एक कॉरपोरेट फर्म में वाइस प्रेसिडेंट है। प्रशांत ने ₹2 लाख का चेक दिया था जोकि बाउंस हो गया।












Click it and Unblock the Notifications