अधिकांश परीक्षार्थी पास नहीं कर पाते हैं CA परीक्षा, जानें दुनिया के सबसे कठिन कोर्स के बारे में
अहमदाबाद के अक्षय रमेश जैन ने चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) फाइनल परीक्षा में 77% प्रतिशत अंक पाकर टॉप किया है। जबकि हैदराबाद के वाई गोकुल साई श्रीकर ने सीए इंटरमीडिएट परीक्षा में 800 में से 688 अंक के साथ टॉप किया। उन्हें 86% प्रतिशत अंक प्राप्त हुए। मई 2023 में हुई सीए फाइनल और इंटर परीक्षा के परिणाम 5 जुलाई को जारी किये गये थे। ये परीक्षाएं 2 मई से 18 मई के बीच हुई थीं।

कैसा रहा इस बार का रिजल्ट
इस बार सीए फाइनल परीक्षा के ग्रुप - 1 में 57,067 छात्रों ने परीक्षा दी थी। जिसमें से केवल 6,795 छात्र (11.91%) पास हो सके। जबकि ग्रुप - 2 में 61,844 छात्रों ने परीक्षा दी और 19,438 (31.43%) को सफलता हासिल हुई। वहीं, जिन छात्रों ने दोनों ग्रुप की एकसाथ परीक्षाएं दी, उनकी कुल संख्या 25,841 थी। जिसमें से केवल 2,152 छात्र (8.33%) पास हो सके।
आखिरी बार की सीए इंटर परीक्षा के ग्रुप - 1 में 1,00,265 छात्रों ने परीक्षा दी थी। जिसमें से 21,244 छात्र (21.19%) पास हुए। परीक्षा के ग्रुप - 2 में 79,292 छात्रों में से 19,380 (22.44%) को सफलता मिली। वहीं, दोनों ग्रुप की एकसाथ परीक्षा देने वाले कुल 37,428 छात्रों में से 4,759 (12.72%) पास हो सके।
पिछली बार का रिजल्ट
इससे पहले सीए परीक्षा नवंबर 2022 में हुई थी। तब सीए फाइनल के ग्रुप - 1 में 65,291 छात्रों में से 13,969 छात्र (21.39%) पास हो सके। जबकि ग्रुप - 2 में 64,775 छात्रों में से 12,053 छात्रों (18.61%) को सफलता हासिल हुई। वहीं, जिन छात्रों ने दोनों ग्रुप की एकसाथ परीक्षाएं दी, उनकी कुल संख्या 29,242 थी। जिसमें से केवल 3,243 छात्र (11.09%) पास हो सके। इस साल सीए फाइनल में दिल्ली के हर्ष चौधरी ने 77.25% के साथ टॉप किया था।
सीए इंटर परीक्षा के ग्रुप - 1 में 100,781 छात्रों में से 19,103 छात्र (18.95%) पास हुए थे। परीक्षा के ग्रुप - 2 में 81,956 छात्रों में से 19,208 (23.44%) को सफलता मिली। दोनों ग्रुप की परीक्षा देने वाले कुल 39,195 छात्रों थे, जिनमें से 4,014 (10.24%) पास हुए थे। वहीं सीए इंटर परीक्षा को करनाल की दीक्षा गोयल ने 86.63% के साथ टॉप किया था।
सीए परीक्षा काफी कठिन
सीए परीक्षा को पास करने वाले छात्रों की संख्या काफी कम है। सामान्यतः केवल 3%-10% छात्र ही परीक्षा के इंटर और फाइनल स्तर को पास कर पाते हैं। साल 2023 में फाइनल परीक्षा के दोनों ग्रुप को पास करने वाले विद्यार्थियों की संख्या 8.33% रही है। दरअसल, आईसीएआई द्वारा आयोजित सीए परीक्षाओं को दुनियाभर में सबसे कठिन कोर्स में से एक माना जाता है।
सीए फाउंडेशन परीक्षा में पास होने के लिए प्रत्येक पेपर में कम-से-कम 40% और सभी चार पेपरों में 55% कुल अंक लाने होंगे। जबकि सीए इंटर और फाइनल दोनों में प्रत्येक पेपर में न्यूनतम 40% और कुल मिलाकर 50% अंक प्राप्त करने होते हैं।
तीन तरह की होती है सीए परीक्षा
सीए परीक्षाएं तीन प्रकार की होती हैं - (1) सीए फाउंडेशन, (2) सीए इंटरमीडिएट, और (3) सीए फाइनल। इन तीनों परीक्षाओं को पास करने के बाद चार्टर्ड अकाउंटेंट की डिग्री मिलती है। सीए फाउंडेशन परीक्षा में चार पेपर होते हैं और प्रत्येक पेपर 100 अंकों का होता है। सीए इंटरमीडिएट परीक्षा में नये पाठ्यक्रम पर आधारित आठ पेपर और पुराने पाठ्यक्रम पर आधारित आठ पेपर होते हैं। सीए फाइनल परीक्षा में भी नये और पुराने पाठ्यक्रमों के आठ-आठ पेपर होते हैं। सीए फाउंडेशन प्रवेश परीक्षा साल में दो बार (मई और नवंबर) में होती है। जबकि सीए इंटरमीडिएट और फाइनल परीक्षा भी साल में इन्हीं दो महीनों में होती हैं।
₹100 में होगा मार्क्स वेरिफिकेशन
सीए परिणामों के वेरिफिकेशन के लिए शुल्क ₹100 प्रति पेपर है। जबकि एक ग्रुप/दोनों ग्रुप के सभी पेपरों के लिए अधिकतम ₹400 है। अभ्यार्थी आईसीएआई की आधिकारिक वेबसाइट पर अंकों के वेरिफिकेशन के लिए आवेदन कर सकते हैं। मगर वेरिफिकेशन प्रक्रिया में छह से आठ सप्ताह तक का समय लग जाता है।












Click it and Unblock the Notifications