Mahila Neta: सोशल मीडिया पर इन 10 महिला नेताओं की है धाक, जानें किसके कितने फॉलोअर्स
Mahila Neta: सोशल मीडिया आज के समय में आम और खास सभी के जीवन का एक जरूरी हिस्सा बन गया है। लोगों के बीच संपर्क बनाए रखने वाले सोशल मीडिया की भूमिका 2014 के लोकसभा चुनाव के बाद बहुत ही बदल गई है। नेता से लेकर अभिनेता तक अपनी बात लोगों के बीच पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया का सहारा ले रहे हैं।
साल 2014 के लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी की अगुवाई में बीजेपी ने सोशल मीडिया को सबसे बड़ा हथियार बनाया था। जिसकी बदौलत वे सत्ता में आए थे। देश में एक बार फिर से लोकसभा का चुनाव होने वाले हैं। इस चुनाव में सभी पार्टियों ने प्रचार के लिए सोशल मीडिया को अपना हथियार बना लिया है।

फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स (पहले ट्विटर) और यूट्यूब का इस्तेमाल कर पार्टियां और उनके नेता अपनी ब्रांडिंग कर रहे हैं। हालांकि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोशल मीडिया पर देश के सबसे एक्टिव नेताओं में से एक हैं। वैसे राहुल गांधी, अमित शाह, नितिन गडकरी जैसे कई पुरुष नेता भी सोशल मीडिया पर एक्टिव हैं लेकिन इनके अलावा देश में कई ऐसी महिला नेता भी हैं, जो सोशल मीडिया पर अपने फॉलोअर्स के दम पर झंडे गाड़ रही हैं।
आज हम आपको ऐसी ही 10 महिला नेताओं के फेसबुक, एक्स (पहले ट्विटर), इंस्टाग्राम, यूट्यूब जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और उनके फॉलोअर्स की जानकारी देंगे, जिनकी भूमिका से चुनाव के नतीजे भी बदल सकते हैं।
स्मृति ईरानी
बीजेपी की महिला नेता व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की सोशल मीडिया के सभी प्लेटफॉर्म पर पकड़ मजबूत है। उनके एक्स पर 12.7 मिलियन फॉलोअर्स हैं। फेसबुक पर 5.3 मिलियन फॉलोअर्स, इंस्टाग्राम पर 1.4 मिलियन फॉलोअर्स और यूट्यूब पर 5 हजार से ज्यादा सब्सक्राइबर हैं। कुल मिलाकर कर देखें तो तकरीबन एक करोड़ 94 लाख से ज्यादा अकाउंट उन्हें सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म से फॉलो करते हैं।
ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस पार्टी की मुखिया ममता बनर्जी भी देश की उन महिला नेताओं में हैं। जिन्हें सोशल मीडिया पर पसंद करने वालों की संख्या करोड़ों में है। ममता बनर्जी के एक्स पर 7.4 मिलियन फॉलोअर्स हैं। जबकि इंस्टाग्राम पर 3 लाख 83 हजार फॉलोअर्स और फेसबुक पर 5.2 मिलियन फॉलोअर्स हैं। हालांकि, यूट्यूब जैसे प्रभावकारी सोशल मीडिया पर उनका कोई अकाउंट नहीं है, लेकिन उनकी पार्टी का चैनल जरूर है। वैसे कुल मिलाकर कर देखें तो सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म से उन्हें एक करोड़ 30 लाख के करीब अकाउंट फॉलो करते हैं।
प्रियंका गांधी वाड्रा
कांग्रेस पार्टी की महिला नेताओं की सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा पहुंच देखें तो प्रियंका गांधी वाड्रा आगे दिखती हैं। क्योंकि, इनकी पकड़ सोशल मीडिया के सभी प्लेटफॉर्म पर है। चाहे वो फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम या यूट्यूब कहीं भी हो। प्रियंका गांधी वाड्रा के एक्स पर 5.6 मिलियन फॉलोअर्स (56 लाख) हैं। जबकि इंस्टाग्राम पर 1.4 मिलियन फॉलोअर्स हैं। फेसबुक पर 4.7 मिलियन फॉलोवर्स हैं, साथ ही यूट्यूब पर 7 लाख 75 हजार से ज्यादा सब्सक्राइबर हैं। कुल मिलाकर देखें तो तकरीबन सवा करोड़ अकाउंट उन्हें सोशल मीडिया पर फॉलो करते हैं।
निर्मला सीतारमण
केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण भी सोशल मीडिया पर काफी प्रभावी हैं। वे सोशल मीडिया के हर प्लेटफॉर्म का बखूबी इस्तेमाल कर अपनी बातों को लोगों तक पहुंचाती हैं। निर्मला सीतारमण के एक्स पर 5.5 मिलियन फॉलोअर्स, इंस्टाग्राम पर 1 मिलियन फॉलोअर्स, फेसबुक पर 7 लाख 95 हजार फॉलोअर्स और यूट्यूब पर 6 हजार से ज्यादा सब्सक्राइबर हैं। यानी कुल मिलाकर देखें तो 73 लाख से ज्यादा अकाउंट उन्हें सोशल मीडिया पर फॉलो करते हैं।
सुप्रिया सुले
महाराष्ट्र से एनसीपी की सांसद व शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले भी सोशल मीडिया पर बहुत ही एक्टिव हैं। वह महाराष्ट्र की महिला नेताओं में सबसे बड़ा चेहरा है। जो सोशल मीडिया का बखूबी इस्तेमाल भी कर रही हैं। सुप्रिया सुले के एक्स पर 1.7 मिलियन फॉलोअर्स, इंस्टाग्राम पर 1 मिलियन फॉलोअर्स, फेसबुक पर 1.5 मिलियन फॉलोअर्स और यूट्यूब पर तकरीबन 45 हजार सब्सक्राइबर हैं। कुल मिलाकर देखें तो तकरीबन 42 लाख से ज्यादा अकाउंट उन्हें सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म से पसंद करते हैं।
हेमा मालिनी
देश की जानी-मानी अभिनेत्री व भाजपा की वरिष्ठ महिला नेता व सांसद हेमा मालिनी को भी सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जाता है। एक्स पर उनके 1.1 मिलियन फॉलोअर्स हैं। इसके अलावा इंस्टाग्राम पर 9 लाख 72 हजार फॉलोअर्स, फेसबुक पर 4 लाख 84 हजार फॉलोअर्स हैं। इस हिसाब से देखें तो इन तीन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उन्हें तकरीबन 26 लाख अकाउंट फॉलो करते हैं।
मीनाक्षी लेखी
केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी भी सोशल मीडिया पर खूब पॉपुलर हैं। वो भी सोशल मीडिया के हर प्लेटफॉर्म का बखूबी इस्तेमाल करती हैं। सोशल मीडिया पर दिए उनके बयान खूब वायरल भी होते हैं। मीनाक्षी लेखी के एक्स पर 1.7 मिलियन फॉलोअर्स, इंस्टाग्राम पर 28 हजार फॉलोअर्स, फेसबुक पर 2 लाख 59 हजार फॉलोअर्स और यूट्यूब पर 1 हजार (ये वेरिफाई चैनल नहीं है) से भी ज्यादा सब्सक्राइबर हैं। कुल मिलाकर देखें तो तकरीबन 20 लाख अकाउंट उनको सोशल मीडिया पर फॉलो करते हैं।
स्वाति मालीवाल
आम आदमी पार्टी की नई-नवेली महिला राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल भी सोशल मीडिया पर खूब एक्टिव रहती हैं। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर लाखों में फॉलोअर्स हैं। एक्स पर 5 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। जबकि इंस्टाग्राम पर 8 लाख 13 हजार फॉलोअर्स और फेसबुक पर 2 लाख 67 हजार से ज्यादा फॉलोवर्स हैं। इन तीन मीडिया प्लेटफॉर्म को मिला दें तो तकरीबन 15 लाख से ज्यादा अकाउंट उन्हें फॉलो करते हैं।
महुआ मोइत्रा
तृणमूल कांग्रेस पार्टी (टीएमसी) की पूर्व सांसद महुआ मोइत्रा को भी सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जाता है। उनके एक्स, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर भी लाखों में फॉलोवर्स हैं। एक्स पर 8 लाख 75 हजार फॉलोअर्स हैं। जबकि इंस्टाग्राम पर 67 हजार से भी ज्यादा फॉलोअर्स हैं। फेसबुक पर साढ़े तीन लाख के आसपास फॉलोअर्स हैं। कुल मिलाकर देखें तो 13 लाख के करीब अकाउंट उनको सोशल मीडिया पर फॉलो करते हैं।
कंगना रनौत
मशहूर अभिनेत्री व हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से भाजपा की उम्मीदवार कंगना रनौत की चर्चा आजकल खूब हो रही है। वहीं उनके बयान सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं। कंगना रनौत सोशल मीडिया पर बहुत ही ज्यादा एक्टिव रहती हैं। वो अपने ज्यादातर बयान भी यहीं साझा करती हैं। कंगना रनौत के एक्स पर 2.9 मिलियन फॉलोअर्स, इंस्टाग्राम पर 9.7 मिलियन फॉलोअर्स, फेसबुक पर 7.6 मिलियन फॉलोअर्स और यूट्यूब पर 3 लाख 66 हजार से ज्यादा सब्सक्राइबर (वैसे ये यूट्यूब चैनल कंगना रनौत फैंस के नाम से बना है, जिसमें कंगना रनौत की हर छोटी-बड़ी बात अपडेट होती है) हैं। कुल मिलाकर देखें तो तकरीबन 2 करोड़ से भी ज्यादा अकाउंट उन्हें सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर फॉलो करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications