Crime Documentaries: क्या आपने देखी हैं वे डाक्यूमेंट्री जो भारत में हुए संगीन अपराधों पर हैं आधारित?
Crime Documentaries: नेटफ्लिक्स ने "द इंद्राणी मुखर्जी स्टोरी: बरीड ट्रुथ" नाम की एक डॉक्यूमेंट्री बनाई है, जो 25 वर्षीय शीना बोरा के लापता होने और उसके बाद इस मामले से जुड़ी घटनाओं से जुड़ी हुई हैं। डॉक्यूमेंट्री में इस मामले से संबंधित नए खुलासे किए गए हैं।
कानूनी कार्यवाही के कारण केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा इसकी रिलीज रोकने के अनुरोध के बाद, नेटफ्लिक्स ने 29 फरवरी तक इस डॉक्यूमेंट्री का प्रीमियर रोक दिया है। बॉम्बे हाई कोर्ट ने नेटफ्लिक्स को निर्देश दिया है कि वो डॉक्यूमेंट्री रिलीज से पहले सीबीआई को यह डॉक्यूमेंट्री दिखाए। लेकिन असली अपराध पर बनी यह कोई अकेली डॉक्यूमेंट्री नहीं है। इसके अलावा भी अनेक ऐसी डॉक्यूमेंट्री और डोक्यूड्रामा बन चुके हैं।

हाउस ऑफ सीक्रेट्स: द बुराड़ी डेथ्स (नेटफ्लिक्स)
"हाउस ऑफ सीक्रेट्स: द बुराड़ी डेथ्स" नेटफ्लिक्स की एक डॉक्यूमेंट्री है, जो 2021 में लीना यादव और अनुभव चोपड़ा द्वारा बनाई गई थी। यह डॉक्यूमेंट्री दिल्ली के बुराड़ी के एक परिवार के 11 सदस्यों की रहस्यमय मौत पर आधारित है, जिसने देश भर की मीडिया और जांच एजेंसियों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया था।
इस मामले में कई बातों को ध्यान में रखते हुए कार्यवाही की जा रही थी, जैसे कि इन 11 लोगों ने आत्महत्या की, इनकी हत्या हुई, या फिर बात कुछ और ही है! यह डॉक्यूमेंट्री 8 अक्टूबर 2021 को प्रीमियर हुई और इसके तीन भाग हैं, जिसमें 11 लोगों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिवार की मानसिक स्थिति, विशेषज्ञों की राय, आसपास के लोगों पर प्रभाव सहित कई प्रमुख बातें शामिल हैं।
माय डॉटर जॉइन्ड अ कल्ट (अमेज़न प्राइम)
"माय डॉटर जॉइन्ड अ कल्ट" नाम की एक डॉक्यूमेंट्री अमेज़न प्राइम पर मौजूद है, जिसमें स्वामी नित्यानंद के जीवन के बारे में बताया गया है, जो खुद को भगवान मानता है। डॉक्यूमेंट्री स्वामी नित्यानंद के उत्थान से लेकर पतन तक की कहानी बयां करती है, जिसमें सेक्स स्कैंडल, बलात्कार के आरोप और उनके आश्रम में एक युवा महिला की संदिग्ध मौत जैसे विभिन्न विवाद शामिल हैं।
डॉक्यूमेंट्री में सारा लैंड्री (उर्फ सुदेवी) का इंटरव्यू भी शामिल है, जिन्होंने नित्यानंद के सोशल मीडिया मैनेजर के रूप में काम किया था। इस डॉक्यूमेंट्री में जनार्दन शर्मा जैसे लोगों के अनुभव के बारे में भी जानकारी दी गई हैं, जिन्होंने अपनी बेटियों की तलाश की थी, जिनके बारे में माना जाता हैं कि उन्हें नित्यानंद ने अपने आश्रम में बंदी बना लिया था।
इंडियन प्रीडेटर: द डायरी ऑफ़ अ सीरियल किलर (नेटफ्लिक्स)
"इंडियन प्रीडेटर: द डायरी ऑफ़ अ सीरियल किलर" नेटफ्लिक्स की एक क्राइम डॉक्यूमेंट्री है, जो 2022 में प्रीमियर हुई थी। यह डॉक्यूमेंट्री 2000 के दशक की शुरुआत में हुई सच्ची घटना पर आधारित है और राम निरंजन नाम के एक सीरियल किलर की कहानी है, जिस पर संदेह है एक पत्रकार की हत्या का।
जब पुलिस को निरंजन की डायरी मिली तो उन्हें 13 अन्य पीड़ितों के नाम और उनको भी मारने के सबूत मिले। डॉक्यूमेंट्री निरंजन के दिमाग और भ्रम के साथ-साथ उसकी सामाजिक और मनोवैज्ञानिक स्थिति पर भी प्रकाश डालती है, जिनके कारण उसने अपराध किए। इस डॉक्यूमेंट्री में मनोविज्ञान की जानकारी रखने वाले कई लोगों का इंटरव्यू भी हैं।
इंडियन प्रीडेटर: द बुचर ऑफ़ दिल्ली (नेटफ्लिक्स)
"इंडियन प्रीडेटर: द बुचर ऑफ़ दिल्ली" 3 एपिसोड की एक डॉक्यूमेंट्री है, जो जुलाई 2022 में नेटफ्लिक्स पर प्रीमियर हुई थी। यह क्राइम डॉक्यूमेंट्री चंद्रकांत झा नाम के एक व्यक्ति के अपराधों पर आधारित हैं, जो 2006 से लेकर 2007 के बीच दिल्ली में कई भयानक हत्याओं के लिए जिम्मेदार सीरियल किलर है।
चंद्रकांत ने दिल्ली की तिहाड़ जेल के बाहर लाशों को छोड़ा, लाशों के साथ ताना देने वाली चिट्ठियाँ रखी और अधिकारियों को उसे पकड़ने की खुली चुनौती दी। डॉक्यूमेंट्री में इस मामले से जुड़े लोगों के इंटरव्यू भी शामिल हैं, जिनमें गवाह, पुलिस अधिकारी, और मनोविज्ञान की जानकारी रखने वाले लोग शामिल हैं। इस डॉक्यूमेंट्री को आयशा सूद ने बनाया है।
द हंट फॉर वीरप्पन (नेटफ्लिक्स)
नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध डॉक्यूमेंट्री "द हंट फॉर वीरप्पन" कुख्यात तस्कर वीरप्पन के जीवन और मृत्यु पर आधारित हैं। इस डॉक्यूमेंट्री में उसे पकड़ने के लिए दो दशकों तक चली तलाशी के बारे में बताया गया है। डॉक्यूमेंट्री में उसकी आपराधिक गतिविधियों के साथ उसकी पुलिस के साथ दुश्मनी और उसके बाद हुई हिंसक मुठभेड़ों को भी दर्शाया गया हैं।
इस डॉक्यूमेंट्री में वह घटना भी दिखाई गई है जब वीरप्पन ने फिल्म स्टार डॉ. राजकुमार का अपहरण कर लिया था, जिसके कारण कर्नाटक और पड़ोसी राज्यों में अराजकता फैल गई थी। डॉक्यूमेंट्री में बताया गया है कि वीरप्पन का निजी जीवन कैसा था और वह कैसे एक शांतिपूर्ण पारिवारिक जीवन चाहता था। यह डॉक्यूमेंट्री 4 एपिसोड की है और अगस्त 2023 में प्रीमियर हुई थी।
इंडियन प्रीडेटर: मर्डर इन अ कोर्टरूम (नेटफ्लिक्स)
वर्ष 2004 में नागपुर के कस्तूरबा नगर की महिलाओं के एक समूह ने अक्कू यादव नाम के एक क्रूर दरिंदे को अदालत में ही पीट-पीट कर मार डाला। 2022 में प्रीमियर हुई नेटफ्लिक्स की क्राइम डॉक्यूमेंट्री "इंडियन प्रीडेटर: मर्डर इन अ कोर्टरूम" इस ही घटना पर आधारित है।
यह डॉक्यूमेंट्री अक्कू यादव की कहानी बयां करती है, जिसने 40 से अधिक महिलाओं के साथ बलात्कार किया था। पुलिस के कार्यवाही न करने के कारण महिलाएं क्रोधित हो गई और उन्होंने नागपुर की जिला अदालत के कोर्ट नंबर 7 में अक्कू यादव की हत्या कर दी। इस डॉक्यूमेंट्री में 3 एपिसोड हैं और इसमें अक्कू की हत्या में शामिल महिलाओं ने भी अपनी कहानी सुनाई है।
मुंबई माफिया: पुलिस वर्सस द अंडरवर्ल्ड (नेटफ्लिक्स)
"मुंबई माफिया: पुलिस वर्सस द अंडरवर्ल्ड" नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध एक डॉक्यूमेंट्री है, जो 1991 से 2022 तक मुंबई अंडरवर्ल्ड के सफर और महत्वपूर्ण हादसों पर नजर डालती हैं। इस डॉक्यूमेंट्री में प्रमुख पुलिस अधिकारियों, पत्रकारों और पूर्व डी कंपनी (दाऊद इब्राहिम का आपराधिक सिंडिकेट) के लोगों के इंटरव्यू भी शामिल हैं।
यह डॉक्यूमेंट्री गोलीबारी, गेंगवॉर और मुठभेड़ के साथ-साथ मुंबई 1993 के दंगों और विस्फोटों के प्रभाव को भी दर्शाती हैं। इस डॉक्यूमेंट्री में मुंबई पुलिस और माफिया दाऊद इब्राहिम और उसके साथियों जैसे अबू सलेम और अन्य के बीच दुश्मनी को भी याद दिलाया गया है। यह डॉक्यूमेंट्री जनवरी 2023 में प्रीमियर हुई थी और इसे राघव डार और फ्रांसिस लॉन्गहर्स्ट ने बनाया था।
द तलवार: बिहाइंड क्लोज्ड डोर्स (डिज्नी प्लस हॉटस्टार)
"द तलवार: बिहाइंड क्लोज्ड डोर्स" 4 एपिसोड की एक क्राइम डॉक्यूमेंट्री है, जो 13 साल की आरुषि तलवार और उसके परिवार के नौकर हेमराज के डबल मर्डर पर केंद्रित है। यह डॉक्यूमेंट्री इस डबल मर्डर की जांच के ऊपर बनी है जो 2008 में नोएडा में हुआ था।
डॉक्यूमेंट्री में आरुषि और उनके नौकर की हत्या के बाद हुई जांच में आये उतार-चढ़ाव पर भी नजर डाली गई है। इस डॉक्यूमेंट्री में आरुषि के माता-पिता का खास और कभी न देखा गया इंटरव्यू भी है। इस डॉक्यूमेंट्री में यह भी दिखाया गया है कि भारतीय मीडिया ने आरुषि के माता-पिता को कैसे कटघरे में खड़ा कर दिया। यह डॉक्यूमेंट्री डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर देखने के लिए उपलब्ध है।












Click it and Unblock the Notifications