Ajay Banga: जानिए अजय बंगा के बारे में जो खुद को मेक इन इंडिया का उदहारण मानते हैं
'आई एम परफेक्ट एग्जाम्पल ऑफ मेक इन इंडिया... ' जी20 बैठक के दौरान एक भारतीय समाचार चैनल से खास बातचीत में वर्ल्ड बैंक के प्रमुख अजयपाल सिंह बंगा ने अपनी इन पंक्तियों के समर्थन में दलील देते हुए बताया कि उन्होंने सिर्फ भारतीय संस्थानों में ही पढ़ाई की है।
वह भारत में पले-बढ़े हैं। बातचीत में उन्होंने दावा किया कि उन्होंने विदेश से एक भी कोर्स नहीं किया है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत का जिक्र करते हुए उन्होंने खुद को मेक इन इंडिया का अल्टीमेट उदाहरण बताया।

अजय बंगा के इस ऐलान से वित्त और अर्थ जगत से जुड़े भारतीय लोगों का आत्मविश्वास आसमान की ऊंचाइयों पर है। बंगा की उपलब्धियों ने भारतीय प्रतिभा के सपने और उड़ानों को ऊंचा फलक दिया है। वहीं, इंडियन डायस्पोरा या इंडियास्पोरा के दुनिया भर में बढ़ते प्रभाव, भारत पर उसके सकारात्मक असर और उम्मीदों को भी एकबारगी सुर्खियों में ला दिया है। वैश्विक आर्थिक जगत में इंडियास्पोरा की सफलता मशहूर है। एसएंडपी 500 लिस्ट में से 58 सबसे बड़ी कम्पनियों के सीईओ भारतीय मूल के हैं।
पीएम मोदी ने दिया वर्ल्ड बैंक की बनाई जी-20 रिपोर्ट का हवाला
प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की अध्यक्षता में जी-20 शिखर सम्मेलन के पहले दिन शुक्रवार (9 सितंबर) को वर्ल्ड बैंक की ओर से बनाई गई जी-20 रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा था कि भारत ने केवल छह वर्षों में वित्तीय समावेशन लक्ष्य हासिल कर लिया है। नहीं तो इस काम में कम से कम 47 साल लग जाने के आसार थे। वहीं, शिखर सम्मेलन के बाद वर्ल्ड बैंक के प्रमुख अजय बंगा ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि उन्होंने बहुत अच्छा काम किया है। उन्होंने एक सफल घोषणा की है। मुझे लगता है कि जी-20 के सदस्य देश कई मुद्दों पर एक साथ आए हैं।'
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि चुनौतियां हमेशा मौजूद रहेंगी, लेकिन भारत ने आम सहमति बनाकर रास्ता आसान कर दिखाया है। पिछले तीन महीनों में 93 देशों के कई नेताओं और वित्त मंत्रियों से मुलाकात का हवाला देते हुए अजय बंगा ने कहा कि इससे उन्हें एक स्पष्ट दृष्टिकोण मिला है। भारत के तेज आर्थिक विकास को लेकर अजय बंगा ने अपना मजबूत विश्वास व्यक्त किया।
कौन हैं अजय बंगा, कैसा रहा है पढ़ाई और करियर का सफर
भारत सरकार की ओर से 2016 में चौथे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्मश्री से सम्मानित अजय बंगा 3 मई, 2023 को वर्ल्ड बैंक के निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए थे। एक महीने पहले फरवरी, 2023 में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन प्रशासन ने उन्हें इस पद के लिए नोमिनेट किया था। 10 नवंबर, 1959 को पुणे में एक आर्मी अफसर के घर जन्मे भारतीय मूल के अमेरिकी उद्यमी अजय बंगा ने वर्ल्ड बैंक में डेविड मलपास की जगह ली थी। वह दुनिया के शीर्ष वित्तीय संस्थान वर्ल्ड बैंक की कमान संभालने वाले भारतीय मूल के पहले व्यक्ति हैं।
जालंधर, पंजाब के रहने वाले अजय बंगा ने शिमला, हैदराबाद, दिल्ली और अहमदाबाद से पढ़ाई की है। वर्ल्ड बैंक से पहले अजय बंगा जनरल अटलांटिक और मास्टरकार्ड इंक के प्रमुख भी रह चुके हैं। कॉरपोरेट बोर्ड, सरकारी कमेटी और गैर लाभकारी संगठनों में लंबे समय तक काम करने का तजुर्बा रखने वाले अजय बंगा की भारत को लेकर दुनिया के दूसरे सबसे बड़े इकोनॉमिक इवेंट जी-20 में हालिया सकारात्मक बातों से देश की साख और आर्थिक क्षेत्र में आने वाले नए लोगों की प्रेरणा काफी मजबूत हुई है।
आईएमएफ के पहले उप प्रबंध निदेशक पद पर गीता गोपीनाथ
वर्ल्ड बैंक के प्रमुख अजयपाल सिंह बंगा की तरह ही दुनिया की कुछ और प्रमुख वित्तीय और आर्थिक संगठनों में भारतीय प्रतिभाओं का जलवा है। इनमें प्रमुख रूप से अंतरराष्ट्रीय मौद्रिक कोष (आईएमएफ) के पहले उप प्रबंध निदेशक (दूसरे नंबर का पद) के रूप में काम कर रहीं गीता गोपीनाथ का नाम आता है। भारतीय-अमेरिकी अर्थशास्त्री गीता गोपीनाथ 21 जनवरी 2022 से इस पद पर हैं। इससे पहले 2019 से 2022 के बीच आईएमएफ के मुख्य अर्थशास्त्री के रूप में काम किया था।
8 दिसंबर 1971 को कोलकाता में एक मलयाली परिवार टीवी गोपीनाथ और वीसी विजयलक्ष्मी की दो बेटियों में छोटी बेटी के रूप में गीता गोपीनाथ का जन्म हुआ था। उन्होंने मैसूर के निर्मला कॉन्वेंट स्कूल, दिल्ली विश्वविद्यालय के लेडी श्रीराम कॉलेज फॉर वुमेन और दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से पढ़ाई की है। हालांकि, उन्होंने आगे की पढ़ाई अमेरिका में भी की है।
कोविड-19 महामारी के लॉकडाउन के दौरान वैक्सीन को लेकर उनकी योजनाओं ने दुनिया भर की निगाहों को खींचा था। आईएमएफ की प्रबंध निदेशक क्रिस्टालिना जॉर्जीवा ने कहा कि "फंड और हमारी सदस्यता में गीता का योगदान वास्तव में उल्लेखनीय रहा है। सीधे शब्दों में कहें तो आईएमएफ के काम पर उनका जबरदस्त असर रहा है।" राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से भारत मंडपम में आयोजित जी20 गाला डिनर में आईएमएफ की डिप्टी डायरेक्टर गीता गोपीनाथ शामिल हुई थीं। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रपति मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की। गीता गोपीनाथ ने सोशल मीडिया पर लिखा, "जी20 के सफल आयोजन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई। भारत का 'एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य' का संदेश सभी प्रतिनिधियों के साथ दृढ़ता से प्रतिध्वनित हुआ है।"
सिंगापुर के राष्ट्रपति भी भारतीय मूल के अर्थशास्त्री थर्मन शनमुगरत्नम
भारतीय मूल के एक और अर्थशास्त्री थर्मन शनमुगरत्नम का जिक्र करना भी बेहद जरूरी है। सिंगापुर की जनता ने अपने नए राष्ट्रपति के तौर पर गैर-चीनी मूल के शनमुगरत्नम को चुना है। हाल ही में शनमुगरत्नम ने दो विरोधियों को मात देकर रिकॉर्ड 70.4 फीसदी वोट अपने नाम कर लिया। सिंगापुर के एक दशक से ज्यादा वक्त के सबसे विवादित चुनाव में जाने-माने राजनेता शनमुगरत्नम की जीत पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विपक्ष के कई राजनेताओं ने बधाई दी है।
पीएम मोदी ने थर्मन शनमुगरत्नम को राष्ट्रपति चुने जाने पर कहा कि भारत और सिंगापुर के द्विपक्षीय रिश्तों को और मजबूत करने की दिशा में काम तेज होगा। थर्मन शनमुगरत्नम ने हाल ही में सत्ताधारी पीपल्स एक्शन पार्टी (पीएपी) से अलग हो कर राष्ट्रपति चुनाव में बतौर उम्मीदवार खड़े होने का फ़ैसला किया था। तमाम आलोचनाओं के बीच उन्होंने खुद माना था कि वह प्रधानमंत्री पद से ज्यादा बेहतर परफॉर्मेंस राष्ट्रपति के रूप में दे पाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications