Gangsters Affairs: काला जठेड़ी-अनुराधा की तरह गैंगस्टर्स और उनकी माशुकाओं की हैं कई कहानियां
Gangsters Affairs: ड्रामा, एक्शन, इमोशन से भरे किसी थ्रिलर फिल्म के क्लाइमेक्स की तरह राजधानी दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर संदीप उर्फ काला जठेड़ी और रिवॉल्वर रानी अनुराधा चौधरी उर्फ मैडम मिंज की शादी काफी चर्चा में रही।
द्वारका कोर्ट के आदेश के बाद पैरोल पर पुलिस सुरक्षा के साथ काला जठेड़ी बारात लेकर ब्याह रचाने पहुंचा था। डॉन और उसकी माशूका से बीवी बनी लेडी डॉन की प्रेम कहानी कोई पहली कहानी नहीं है। इस तरह की कहानियाँ पूरी दुनियाँ में मौजूद हैं।

काला-जठेड़ी और अनुराधा चौधरी ने भी दुर्दांत अपराधों के बाद पुलिस से भागकर उत्तराखंड की फूलों की घाटी में साथ वक्त बिताया। दोनों के बीच प्रेम की कलियां फूटी और दोनों एक साथ पकड़े गए। तिहाड़ जेल में कैदियों की रूटीन मुलाकातों के बीच प्यार आगे बढ़ा। जमानत पर बाहर निकली अनुराधा ने लॉ की पढ़ाई शुरू की। जठेड़ी के घर जाकर उसके मां-बाप की सेवा की। फिर कोर्ट से शादी और गृह प्रवेश के लिए काला जठेड़ी के लिए पैरोल की इजाजत ले आई।
अमेरिका के दो खूंखार लुटेरों की दिलचस्प कहानी
1930 की दुनिया की सबसे बड़ी आर्थिक मंदी के दौर में अमेरिका के बॉनी एलिजाबेथ पार्कर और क्लाइड चेस्टनट ने एक दूसरे का हाथ थामा था। दोनों ने मिलकर लूट और हत्या की सिलसिलेवार वारदातों से ऐसी तबाही मचाई थी कि यूएस पुलिस पनाह मांगने लग गई थी। अपराध की दुनिया में इस जोड़ी को बेहद खतरनाक और बेरहम माना जाता था, क्योंकि ये दोनों जगह, वक्त और उम्र की परवाह किए बिना संगीन जुर्म करते थे। हॉलीवुड में बॉनी और क्लाइड की लव स्टोरी को लेकर कई फिल्में बनाई जा चुकी हैं।
हाजी मस्तान- शाहजहां बेगम उर्फ सोना
मुंबई के सबसे पहले माफिया डॉन हाजी मस्तान के बारे में कहते हैं कि पहले वह एक्ट्रेस मधुबाला का दीवाना था। उन दोनों के बीच दोस्ती तो हुई, लेकिन रिश्ता आगे नहीं बढ़ पाया। इसलिए बाद में हाजी मस्तान ने मधुबाला जैसी दिखने वाली हीरोइन शाहजहां बेगम उर्फ सोना से शादी कर ली। उसने सोना के लिए बहुत सारी पूंजी बॉलीवुड में इनवेस्ट की। मस्तान ने तब फिल्म इंडस्ट्री के सभी दिग्गजों से उसकी पैरवी की।
इन सबके बावजूद सोना की कोई फिल्म नहीं चल पाई। बाद में उसका पारिवारिक जीवन भी ठीक नहीं चला। साल 1994 में हार्ट अटैक से हाजी मस्तान की मौत के बाद सोना को तंगहाली में गुजर बसर करना पड़ा। दस साल बाद अगस्त 2014 में सोना का भी निधन हो गया।
दाऊद इब्राहिम - मंदाकिनी, अनीता अयूब, महजबीन और ....
मुंबई में हाजी मस्तान को देखकर अंडरवर्ल्ड में एंट्री करने और फिर मुंबई सीरियल बम ब्लास्ट के बाद देश छोड़कर भाग गए दाऊद इब्राहिम के लव अफेयर के कई किस्से हैं। दुबई के रास्ते पाकिस्तान में छिपकर बैठे दाऊद का नाम सबसे पहले एक्ट्रेस मंदाकिनी से जुड़ा। दोनों की शादी की अफवाह भी उड़ी। हालांकि मंदाकिनी ने हमेशा इसका खंडन किया। 1990 के दशक में मंदाकिनी ने डॉक्टर कैग्यूर टी रिन्पोछे तेनज़िन लुन्गटोक से शादी कर ली। फिलहाल वह मुंबई के अंधेरी में रहती हैं।
इसके बाद महिलाओं को लेकर बदनाम डॉन दाउद इब्राहिम ने पाकिस्तानी अभिनेत्री अनीता अयूब पर नजर गड़ाई। साल 1995 में फिल्म निर्माता जावेद सिद्दिकी की हत्या के बाद अनीता और दाऊद का संबंध चर्चा में आया था। कहा जाता है कि दाऊद ने ही जावेद सिद्दिकी की हत्या कराई थी। क्योंकि जावेद ने अनीता को अपनी फिल्म में लेने से मना कर दिया था।
बॉलीवुड में नाकामी के बाद अनीता ने सौमिल पटेल नामक भारतीय से शादी कर ली। इसके बाद वह न्यूयॉर्क चली गईं। फिर दोनों का तलाक भी हो गया। इसके बाद अनीता ने पाकिस्तानी बिजनेसमैन सुबुक मजीद से शादी कर ली।
इसके बाद दाऊद इब्राहिम ने महजबीन से शादी कर ली है। दोनों पाकिस्तान में बताये जाते हैं। दाऊद इब्राहिम के नाम पर महजबीन अंडरवर्ल्ड के काम में भी दखल देती है। हाल ही में दाऊद इब्राहिम और महजबीन के बीच किसी अन्य महिला के चलते तलाक की खबर ने काफी सुर्खियां बटोरी थी।
अबू सलेम - मोनिका बेदी
मुंबई बम धमाके 1993 मामले समेत कई संगीन जुर्म में दोषी और कई वारदातों का आरोपी अंडरवर्ल्ड डॉन अबू सलेम फिलहाल जेल में बंद है। कहा जाता है कि 1995 में सुरक्षा नाम की फिल्म से बॉलीवुड में डेब्यू करनेवाली मोनिका बेदी के करियर के पीछे अंडरवर्ल्ड डॉन अबू सलेम का सपोर्ट था।
अबू सलेम तब मोनिका के लिए प्रोड्यूसर्स और डायरेक्टर्स को धमकाता था। जाली कागजात की मदद से पुर्तगाल में घुसने के अपराध में 2002 में मोनिका और अबू सलेम को गिरफ़्तार किया गया। वहां की जेल में कुछ समय तक कैद रहने के बाद मोनिका को भारत डिपोर्ट कर दिया गया। जेल से रिहा होने के बाद मोनिका बेदी ने अबू सलेम से अपने सारे रिश्ते खत्म करने की बात करते हुए मनोरंजन की दुनिया में वापसी की। वह टीवी शो बिग बॉस 2 की प्रतिभागी रही हैं।
विक्रम गोस्वामी- ममता कुलकर्णी
साल 2016 में ड्रग्स कारोबारी और अंडरवर्ल्ड डॉन विक्रम (विकी) गोस्वामी के साथ बॉलीवुड की चर्चित अभिनेत्री रही ममता कुलकर्णी की गिरफ्तारी के बाद उनके रिश्ते का खुलासा हुआ था। 1990 के दशक में तिरंगा, आशिक़ आवारा, क्रांतिवीर, सबसे बड़ा खिलाड़ी और करण अर्जुन जैसी कई हिट फ़िल्मों का हिस्सा रहीं बोल्ड ममता कुलकर्णी ने 1993 में स्टारडस्ट पत्रिका के लिए टॉपलेस तस्वीर क्लिक करवा कर काफ़ी चर्चा बटोरी थी।
गोस्वामी और ममता ने 2013 में शादी कर ली थी और दुबई को ठिकाना बना लिा था। ठाणे पुलिस ने 2,000 करोड़ रुपए के ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़ करने के बाद ममता को भी आरोपी बनाया था। उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी किया गया था। ममता कुलकर्णी ने विकी गोस्वामी से रिश्ते और ड्रग स्मग्लिंग से इनकार कर दिया।
अतीक अहमद- शाइस्ता और शबाना
माफिया डॉन से राजनेता बने अतीक अहमद और उसके भाई की सरेआम हत्या के बाद उसकी बीवी शाइस्ता परवीन चर्चाओ में हैं। उमेश पाल हत्याकांड मामले में आरोपी शाइस्ता फरार चल रही है। पुलिस ने शाइस्ता पर इनाम भी घोषित कर रखा है। जानकारों के मुताबिक, माफियागिरी की शुरुआत में ही प्यार में पड़कर अतीक अहमद ने पुलिस कर्मचारी की बेटी शाइस्ता से निकाह कर लिया था।
हालांकि, अतीक अहमद की हत्या के बाद उसके शबाना नाम की महिला के साथ रिश्ते और विदेश में अवैध साम्राज्य को लेकर तमाम बातें सामने आ रही हैं। अतीक ने दुबई की कीमती संपत्ति आरिफ एमबीए के नाम कर दी थी। आरिफ एमबीए अतीक अहमद की कथित माशूका शबाना का बेटा बताया जाता है।
मुख्तार अंसारी - अफशां खान
कभी पूर्वांचल का माफिया नंबर वन रहे मुख्तार अंसारी और उसकी बेगम अफशां खान की क्राइम कुंडली की तरह ही लव स्टोरी भी काफी दिलचस्प है। फिलहाल मुख्तार अंसारी कई संगीन वारदातों में दोषी सिद्ध होने और कई मामलों में आरोपी होने के चलते बांदा जेल में कैद है।
वहीं, उत्तर प्रदेश में महिला अपराधियों की लिस्ट में टॉप 3 में शामिल अफशां खान फरार है। मनी लॉन्ड्रिंग, जमीन हड़पने समेत नौ मामले में आरोपी और 75 हजार रुपए की इनामी गैंगस्टर अफशां खान ही मुख्तार अंसारी का माफिया सिंडिकेट संभाल रही है।
गुड्डू मुस्लिम और उसकी तीन प्रेमिकाएं
अतीक अहमद के करीबी गुड्डू मुस्लिम उर्फ गुड्डू बमबाज ने अपने दोस्त को धोखा देकर उसकी बीवी से ही रिश्ता बना लिया था। अतीक अहमद की हत्या के बाद से फरार उसकी बीवी शाइस्ता के साथ भी गुड्डू बमबाज के नाम जोड़े गए थे। वैसे गुड्डू मुस्लिम की तीन माशुकाएं होने की बात कही जाती है।
संजीव जीवा- पायल माहेश्वरी
पश्चिमी उतर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा और दिल्ली एनसीआर में कुख्यात और जेल में बंद गैगस्टर संजीव माहेश्वरी उर्फ संजीव जीवा की 7 जून, 2023 को लखनऊ कोर्ट में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। संजीव जीवा की पत्नी और यूपी गैंगस्टर चार्ट में नामजद गैंगस्टर पायल माहेश्वरी ने उसके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए सुप्रीम कोर्ट से पुलिस कार्रवाई से छूट की मांग कर सनसनी फैला दी थी। कहा जाता है कि आपस में आंखें चार होने के बाद संजीव जीवा ने गैंगस्टर होने का धौंस दिखाकर ही पायल के पिता से शादी के लिए इजाजत ली थी।
रवि काना - मधु नागर, काजल झा
उत्तर प्रदेश के नोएडा के गैंगस्टर और स्क्रैप माफिया रवि नागर उर्फ रवि काना की पत्नी मधु नागर को पुलिस ने इसी हफ्ते दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है। रवि के काले साम्राज्य के खिलाफ पुलिस का एक्शन लगातार जारी है, लेकिन वह फरार है। इस बीच रवि काना ने अपनी फरार गर्लफ्रेंड काजल झा को साउथ दिल्ली के पॉश एरिया में करीब 100 करोड़ का एक बंगला गिफ्ट किया है। आशंका जताई जा रही है कि वह दोनों किसी दूसरे प्रदेश में सरेंडर करने की फिराक में है।
इनके अलावा गैंगस्टर मुकेश पाठक- किडनैपिंग क्वीन पूजा, बबलू श्रीवास्तव- अर्चना शर्मा के भी प्रेम किस्से मशहूर हुए।












Click it and Unblock the Notifications