International Awards for Modi: पापुआ न्यू गिनी और फिजी के अलावा ये देश भी कर चुके हैं पीएम मोदी को सम्मानित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विदेश यात्रा पर हैं। जहां उन्हें दो राष्ट्रों पापुआ न्यू गिनी और फिजी ने अपने-अपने सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित किया है।

International Awards for Modi: देश का सर्वोच्च सम्मान पाना हर किसी के नसीब में नहीं होता। मगर जब बात एक दो या तीन नहीं, कई देशों से सम्मान पाने की हो तो इसकी कल्पना करना ही मुश्किल हो जाता है। इस नामुमकिन से लगने वाले काम को हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुमकिन बनाया है। अभी हाल ही में प्रधानमंत्री को पापुआ न्यू गिनी और फिजी ने अपने देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कारों से सम्मानित किया है।
इन देशों ने यह सम्मान पीएम द्वारा उनके वैश्विक नेतृत्व के लिए दिया है। फिजी के प्रधानमंत्री सितिवेनी राबुका ने पीएम मोदी को सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'कंपैनियन ऑफ द ऑर्डर ऑफ फिजी' दिया तो पापुआ न्यू गिनी ने उन्हें 'कंपैनियन ऑफ द ऑर्डर ऑफ लोगोहू' से सम्मानित किया। ऐसा पहली बार नहीं हुआ है जब प्रधानमंत्री को किसी अन्य मुल्क ने ऐसे सम्मान से नवाजा हो। इससे पहले भी कई देश पीएम मोदी को उनके सर्वोच्च सम्मान से उनका अभिनंदन कर चुके हैं।
मुस्लिम देशों में पीएम मोदी सम्मानित
3 अप्रैल 2016 को सऊदी अरब ने पीएम मोदी को गैर-मुस्लिम गणमान्य को दिए जाने वाले अपने सर्वोच्च सम्मान 'अब्दुल अजीज अल सॉद' से सम्मानित किया। इसके बाद 4 जून 2016 को अफगानिस्तान ने अपने सबसे बड़े पुरस्कार 'स्टेट ऑर्डर ऑफ गाजी अमीर अमानुल्लाह खान' से प्रधानमंत्री मोदी का अभिनंदन किया। फिर 10 फरवरी 2018 को फिलिस्तीन द्वारा विदेशी गणमान्य हस्तियों, राजाओं और राष्ट्र प्रमुखों को दिया जाने वाला सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'ग्रैंड कॉलर ऑफ द स्टेट ऑफ फिलिस्तीन' से भारत के मौजूदा प्रधानमंत्री को नवाजा गया।
अन्य मुस्लिम देशों की बात करें तो संयुक्त अरब अमीरात ने 4 अप्रैल 2019 को अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'ऑर्डर ऑफ जायद' से पीएम मोदी का मान बढ़ाया। वहीं मालदीव ने 8 जून 2019 को अपने सर्वोच्च सम्मान मोदी जी को दिया। तो उसी वर्ष यानी 24 अगस्त 2019 को बहरीन ने अपने तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान किंग हमाद ऑर्डर ऑफ रीनेसंस से प्रधानमंत्री को सम्मानित किया था।
रूस और अमेरिका में भी मोदी- मोदी
विश्व के शक्तिशाली देश भी प्रधानमंत्री मोदी को सम्मान दे चुके है। इनमें रूस और अमेरिका जैसे देश भी शामिल है। 2019 में प्रधानमंत्री मोदी को रूस ने सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'द ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल' से नवाजा था। तो वहीं अमेरिका ने भी 2020 में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लीजन ऑफ मेरिट डिग्री चीफ कमांडर अवॉर्ड से सम्मानित किया था। तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से अमेरिका में भारत के राजदूत ने यह सम्मान ग्रहण किया था।
संयुक्त राष्ट्र सहित कई बड़ी संस्थाओं से मिला सम्मान
इसके साथ ही भारत में अमीरों और गरीबों के बीच के सामाजिक और आर्थिक अंतर को कम करने के लिए 2018 में प्रधानमंत्री को सियोल शांति पुरस्कार दिया गया था। आपको बता दें कि पीएम मोदी यह सम्मान हासिल करने वाले पहले भारतीय हैं। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 2018 में संयुक्त राष्ट्र के सबसे बड़े पर्यावरण सम्मान 'चैंपियंस ऑफ द अर्थ' अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। जबकि वैश्विक ऊर्जा और पर्यावरण के क्षेत्र में बेहतर काम के लिए पीएम मोदी को इसी साल कैम्ब्रिज एनर्जी रिसर्च एसोसिएट्स (CERA) ने वैश्विक ऊर्जा और पर्यावरण नेतृत्व पुरस्कार से सम्मानित किया है।












Click it and Unblock the Notifications