Pet Loving Nations: भारत आवारा कुत्ते बिल्लियों का सबसे बड़ा देश, अमेरिका है सबसे बड़ा "पेट लवर"
दुनिया भर में सबसे ज्यादा आवारा जानवर भारत में हैं। खासकर हमारी सड़कों पर घूमने वाले जानवरों में कुत्ते और बिल्लियों की संख्या 8 करोड़ से अधिक है। पालतू जानवरों पर सलाह और देख रेख के तरीकों की जानकारी देने वाली अंतरराष्ट्रीय संस्था पेट कीन (Pet Keen) ने हाल ही में आवारा कुत्ते और बिल्लियों का पहला सर्वेक्षण किया है।
इसमें पाया गया कि कुल नौ देशों में 9 करोड़ 10 लाख आवारा कुत्ते हैं जिनमे अकेले भारत में 6 करोड़ 50 लाख आवारा कुत्ते हैं। इस सर्वेक्षण में यह भी पाया गया है कि दुनिया भर में, कुत्ते और बिल्लियाँ सबसे आम घरेलू पालतू जानवर हैं। अमेरिका कुत्तों और बिल्लियों को पालने के मामले मे विश्व का नंबर एक देश है। यहां 7 करोड़ घरेलू कुत्ते और 7 करोड़ 40 लाख घरेलू बिल्लियाँ हैं।

अपने घरेलू पालतू जानवरों के प्रति प्यार जताने में भी अमेरिका सबसे आगे है। अमरीकी लोग अपने पालतू कुत्ते और बिल्ली या कोई अन्य जानवर के प्रति भी दिल खोलकर अपने जज्बात का प्रदर्शन करते हैं। अमेरिका में पालतू जानवरों के मालिक सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें लगाते हैं, उनके लिए जन्मदिन की पार्टियाँ आयोजित करते हैं और यहाँ तक अपने घरों में कुत्तों और बिल्लियों के रहने के लिए उनका निजी आवास भी बनाते हैं। अमेरिका में आधे से अधिक परिवार अपने घर में कम से कम एक कुत्ता या एक बिल्ली जरूर रखते हैं और उन्हें घुमाने के लिए बाकायदा स्थानीय स्तर पर लाइसेंस भी लेते हैं।
कुत्तों के मामले में ब्राज़ील दूसरे स्थान पर
अमेरिका के बाद ब्राज़ील दूसरा देश है जहां सबसे अधिक पालतू कुत्ते हैं। यहां लगभग 3 करोड़ 50 लाख घरेलू कुत्ते हैं। पिछले कुछ वर्षों के दौरान ब्राजील में मध्यम वर्ग की संख्या काफी बढ़ गई है, शायद यही कारण है कि पिछले कुछ दशकों के दौरान ब्राजील में पालतू जानवरों के मालिकों की संख्या नाटकीय रूप से बढ़ी है। केवल कुत्ते ही नहीं ब्राज़ील में पालतू जानवरों की प्रजातियों की संख्या सबसे अधिक है। इसका मुख्य कारण इसका अमेज़ॅन बेसिन में स्थित होना है, जो एक बहुत ही विशेष पारिस्थितिकी तंत्र बनाता है। लोग यहां विभिन्न प्रकार के कीड़ों, पक्षियों, मछलियों और स्तनधारियों को भी पालते हैं। ब्राज़ील पृथ्वी पर किसी भी देश की तुलना में पशु प्रजातियों की सबसे बड़ी विविधता वाला देश है। लेकिन ब्राजील में भी बहुत सारे आवारा जानवर हैं जो सड़कों पर घूमते हैं। यहां अक्सर जानवरों को तब छोड़ दिया जाता है जब वे बहुत बूढ़े हो जाते हैं और लोग उनकी देखभाल नहीं करना चाहते हैं।
चीन बना बिल्ली का दीवाना
चीन में पिछले दस वर्षों के दौरान पालतू पशु उद्योग में जबर्दस्त विस्फोट हुआ है। चीन ने 2019 में कुछ समय के लिए पालतू जानवरों के स्वामित्व के मामले में अमेरिका को भी पीछे छोड़ दिया था, लेकिन अब संयुक्त राज्य अमेरिका उससे कहीं आगे निकल गया है। चीन की जनसंख्या अमेरिका के मुकाबले पाँच गुना अधिक है। पालतू बिल्लियों की संख्या के मामले में चीन दुनिया में दूसरे स्थान पर है। चीन में लगभग 5 करोड़ 30 लाख पालतू बिल्लियाँ हैं। चीन की युवा पीढ़ी में पालतू जानवर रखने का शौक ज्यादा प्रबल है।
भारत में घरेलु पालतू जानवरों की संख्या
41 प्रतिशत भारतीय ऐसे हैं जो अपने घर में किसी जानवर को नहीं पालते हैं। भारत ही क्यों एशिया के अन्य देशों में भी घरेलू जानवरों को पालने की इच्छा काम ही दिखाई देती है। इंडोनेशिया में केवल 28 प्रतिशत, फिलीपींस में 17 प्रतिशत, थाईलैंड में 24 प्रतिशत और वियतनाम में 27 प्रतिशत लोग ही अपने घरों में कोई पालतू जानवर रखते हैं। 2018 में पूरे भारत में पालतू कुत्तों की आबादी लगभग 2 करोड़ थी । 2023 तक यह जनसंख्या 3 करोड़ से अधिक पहुंचने की उम्मीद है। इसी तरह अनुमान है कि 2023 तक भारत में पालतू बिल्लियों की संख्या ढाई करोड़ से अधिक हो जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications