Get Updates
Get notified of breaking news, exclusive insights, and must-see stories!

Highspeed Bikes: जानलेवा हो सकती हैं तेज रफ्तार बाइक, जानें ओवरस्पीड और स्टंट के खतरे

ओवरस्पीड अथवा तेज गति से वाहन चलाना कई लोगों का एक शौक बन गया है लेकिन यह बेहद खतरनाक भी है। बीते दिनों एक युवा यूट्यूबर और बाइक रेसर तेज रफ्तार के चलते मौत का शिकार हो गया।

High speed bike can be fatal, know the dangers of overspeed and stunt

यमुना एक्सप्रेस-वे पर अलीगढ़ में 3 मई, 2023 को एक फेमस यूट्यूबर और बाइक रेसर अगस्त्य चौहान की बाइक राइडिंग के दौरान मौत हो गई। खबरों के मुताबिक अगस्त्य करीब 300 की स्पीड में बाइक चला रहे रहे थे, तभी डिवाइडर से टकराने के बाद उनकी जान चली गई। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि उनके हेलमेट के टुकड़े टुकड़े हो गए।

हालांकि, आए दिन ओवरस्पीड के कारण कई हादसे होते रहते हैं। जिसकी वजह से कई लोग अपनी जान तक गंवा देते हैं। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय द्वारा जारी वार्षिक रिपोर्ट 'रोड एक्सीडेंट्स इन इंडिया 2021' की माने तो भारत में सड़क दुर्घटनाओं में हर घंटे 18 लोगों की जान जा रही है। वहीं इन हादसों में हर घंटे औसतन 44 लोग घायल हो जाते हैं।

रिपोर्ट में जारी आंकड़े के मुताबिक 2021 में 412,432 हादसे हुए थे। इन हादसों में करीब 153,972 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 384,448 लोग किसी न किसी रूप में घायल हुए थे। गौरतलब है कि यह रिपोर्ट राज्‍यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस विभागों द्वारा एकत्र आंकड़ों और उनसे प्राप्त सूचनाओं पर आधारित है।

इन राज्य और शहरों में होते हैं ज्यादा हादसे
बता दें कि देश के बड़े शहरों में सड़क दुर्घटनाओं और उनमें मरने वालों की संख्या ज्यादा है। सबसे अधिक सड़क दुर्घटनाओं वाले शहरों की बात की जाए तो दिल्ली सबसे ऊपर है। वहीं दिल्ली के अलावा चेन्नई, जयपुर, बेंगलुरू, मुंबई, कानपुर, लखनऊ, आगरा, हैदराबाद और पुणे का नाम शामिल है। वहीं राज्यों की बात करें तो सबसे ज्यादा सड़क दुर्घटनाएं तमिलनाडु में होती हैं। इसके बाद मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र, राजस्थान, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश व अन्य राज्य आते हैं।

दोपहिया वाहनों से ज्यादा होते हैं हादसे
इस रिपोर्ट के मुताबिक सड़क दुर्घटनाओं में शामिल वाहन श्रेणियों में दोपहिया वाहनों के कारण साल 2021 के दौरान कुल दुर्घटनाएं और मौतें सबसे अधिक हैं। जबकि कार, जीप और टैक्सी वाले हल्के वाहन दूसरे स्थान पर आते हैं। वहीं साल 2021 के दौरान कुल मृत्यु दर में दोपहिया सवारों की हिस्सेदारी सबसे अधिक यानी 45.1 प्रतिशत रही। इसके बाद सड़क दुर्घटनाओं में मारे गये 18.9 प्रतिशत लोग पैदल सड़क पार करने या चलने वाले लोग थे।

2023 में ओवरस्पीड के कारण बाइक से हुई मौतें
8 मार्च 2023 - लखनऊ में एक सड़क हादसे में बाइक सवार की दर्दनाक मौत हो गई थी। जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया था। जब इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया तो हर कोई सहम गया क्योंकि हादसे के वक्त बाइक की स्पीड 100 या फिर इससे भी ज्यादा की थी। वीडियो में देखा जा सकता है कि तेजी से आ रही बाइक अचानक सड़क पर पड़ी गिट्टियों पर अनियंत्रित हो गई और करीब 20 फीट तक फिसलती चली गई।

15 अप्रैल 2023 - महाराष्ट्र के चंद्रपुर में एक तेज रफ्तार BMW स्पोर्ट्स बाइक पुलिस बैरिकेड से जा टकराई। इस हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। खबरों के मुताबिक वरोरा शहर के रहने वाले दो युवक अपनी स्पोर्ट्स बाइक से भद्रावती शहर की ओर जा रहे थे और घटना के समय बाइक की स्पीड 100 किमी प्रति घंटे से कहीं ज्यादा थी। बाइक की स्पीड काफी तेज होने के कारण रास्ते में बैलेंस बिगड़ गया और बाइक फिसलकर सड़क किनारे लगे पुलिस बैरिकेड से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।वहीं घटना के वक्त दोनों युवकों ने हेलमेट भी नहीं पहना था।

24 अप्रैल 2023- हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में 24 अप्रैल की शाम को चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाइवे पर भौर के पास भयंकर हादसा हो गया। इस हाईवे पर 100 से भी ज्यादा की स्पीड से दौड़ रही तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से जा टकराई और एक युवक की मौत हो गई है, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया था। जब इस घटना की एक सीसीटीवी फुटेज सामने आई तो जिसे देख सभी लोग दंग रह गये।

1 जनवरी 2023 - भोपाल के हबीबगंज इलाके में एक 20 वर्षीय युवक आदित्य शर्मा अपने दोस्त आदि के साथ करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से बाइक दौड़ा रहा था। इसी दौरान उसकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इससे बाइक चला रहा छात्र आदित्‍य उछलकर खंभे से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि आदित्य की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसका दोस्त करीब 75 फीट तक बाइक के साथ घिसटता चला गया। पुलिस के मुताबिक आदित्य शर्मा अपनी 220 सीसी की रेसर बाइक चला रहा था और घटना के समय हेलमेट भी नहीं पहना था।

भारतीय बाजार में तीन सबसे महंगी स्पोर्ट्स बाइक
भारतीय बाजार में वैसे तो कई ऐसे स्पोर्ट्स बाइक उपलब्ध हैं। जो 200 किमी प्रति घंटा और उससे अधिक की स्पीड से चल सकती है। मगर भारतीय बाजार में 300 किमी प्रति घंटा से ज्यादा स्पीड वाली बाइक भी मिल जायेंगी। इसमें कावासाकी निंजा H2, जिसकी कीमत तकरीबन 80 लाख रुपये के आसपास है। इसके बाद बीएमडब्ल्यू S1000 आरआर बाइक, जिसकी कीमत तकरीबन 20 लाख से शुरू होती है। वहीं तीसरी बाइक सुजुकी हायाबुसा है, जो लगभग साढ़े 16 लाख रुपये में मिलती है।

तय स्पीड पर ही चला सकते हैं बाइक
वैसे भारत में सामान्य लाइसेंस से 500सीसी तक की बाइक चलाई जा सकती है। वहीं 500सीसी से ज्यादा सीसी वाली बाइक के लिए अलग से लाइसेंस जारी किया जाता है। साथ ही इसके लिए आपको भारीभरकम टैक्स भी देना पड़ता है। वहीं सरकार द्वारा सड़कों पर बाइक चलाने की अधिकतम स्पीड का भी निर्धारित किया है। जैसे सामान्य तौर पर एक्सप्रेस-वे पर 120 किमी, डिवाइडर वाली चार लेन या इससे अधिक लेन के हाईवे पर अधिकतम स्‍पीड 100 किमी प्रतिघंटे हो सकती है। जबकि शहर के अंदर, नगर पलिका सीमा क्षेत्र की सड़कों पर अधिकतम स्‍पीड 60 किमी से ज्यादा नहीं होनी चाहिए।

तेज स्पीड पर नजर?
एक्सप्रेस-वे और हाइवे पर सड़क दुर्घटना को रोकने और स्पीड लिमिट के लिए अथॉरिटी द्वारा 360 डिग्री पर घुमने वाले कैमरे लगाये जा रहे हैं। चाहे वह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे हो या यमुना एक्सप्रेस-वे या फिर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे, प्रशासन द्वारा हर 2 किमी पर हाई स्पीड कैमरे लगाए गये हैं। ये कैमरे नंबर प्लेट को 240 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पढ़ने में सक्षम होते हैं। बता दें कि निर्धारित गति से अधिक तेज चलने वालों को उनके मोबाइल फोन पर एसएमएस के जरिए तत्काल अलर्ट मिल जाता है क्योंकि कैमरे FasTag के माध्यम से कार के फोन नंबरों को पढ़कर, वाहन चालक को तेज गति के बारे में सचेत करते हुए एक संदेश भेज देते हैं।

वहीं ये कैमरे दोनों तरफ 500 मीटर के दायरे में कड़ी नजर रखती है। हालांकि, बीच-बीच में कई ऐसी रिपोर्ट आती रहती हैं जिसमें यह शिकायत की जाती रही है कि ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे, यमुना एक्सप्रेस-वे पर लगे दर्जनों कैमरे खराब हैं। हालांकि, प्रशासन द्वारा स्पष्ट रूप से इसे स्वीकार नहीं किया जाता है।

More From
Prev
Next
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+