Food Safety: होटल के खाने में मिले कॉकरोच, कीड़े या फंगस, तो ऐसे दर्ज करें अपनी शिकायत
Food Safety: मुंबई के बांद्रा इलाके के एक आलीशान और लोकप्रिय रेस्तरां में 13 अगस्त 2023 को जब एक ग्राहक ने चिकन डिश का ऑर्डर दिया तो उसे परोसे गये डिश में मरा हुआ चूहा मिला। इसके बाद ग्राहक ने उसका फोटो व वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया। जिसके बाद पुलिस ने रेस्तरां के मैनेजर, शेफ और चिकन सप्लायर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
हालांकि, आपको ये अक्सर देखने को मिलता होगा कि जब आप किसी ढाबा, होटल या रेस्तरां में खाना खाने जाते हैं, तब वहां कई बार मिलावटी या बासी खाना खिला दिया जाता है। जब आप उसका विरोध करते हैं तो आपको गोलमोल जवाब दे दिया जाता है। जिससे आप संतुष्ट नहीं होते। तब ऐसे में आप क्या करेंगे? ऐसे में आप उसकी शिकायत सीधा फूड सेफ्टी स्टैंडर्ड अथॉरिटी से कर सकते हैं।

कैसे करेंगे शिकायत?
जब आप किसी होटल या फिर रेस्टोरेंट का खाना खाने जाते हैं, उस दौरान उसका खाना आपको खराब लगता है तो इसके लिए आप उस खाने का सैंपल लेकर अपने नजदीकी फूड सेफ्टी स्टैंडर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया की लैब में जाएं और उस खाने का सैंपल दे दें।
उसके बाद उस खाने के सैंपल को चेक करवा लें। यहां आपको बता दें कि उस लैब में टेस्ट के दौरान खाने में खराबी सामने आने के बाद टेस्ट करने का जो भी खर्चा आपका लगेगा, वह आपको वापस लौटा दिया जायेगा यानि उसकी भरपाई होटल या रेस्तरां को आपको करनी होगी। इस आधार पर आप उसकी शिकायत कर सकते हैं।
इसके अलावा आप फूड सेफ्टी अथॉरिटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर भी जाकर ऐसे मामलों की सीधे शिकायत ऑनलाइन तरीके से कर सकते हैं। आप फूड कनेक्ट ऐप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड करके भी होटल या रेस्तरां से जुड़ी शिकायतें दर्ज करवा सकते हैं।
कब कर सकते हैं शिकायत?
अगर सर्व किये गये खाने में आपको किसी भी तरह की गड़बड़ी लगती है। जैसे खाना बासी है, उबकाई आ रही है। खाने में कीड़ा, कॉकरोच, चूहा, छिपकली इत्यादि या फंगस दिखाई दे रहा है, तो आप इसकी शिकायत फूड सेफ्टी अथॉरिटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट या 'फूड कनेक्ट ऐप' के जरिये दर्ज कर सकते हैं।
साथ ही इसके अलावा अगर आप किसी होटल, ढाबा या रेस्तरां का खाना पैक करवाते हैं, और होटल स्टाफ आपके खाने की पैकिंग सही से नहीं करता है या फिर वहां पर खाने की जानकारी भी सही से नहीं लिखकर देता है, तब आप इस स्थिति में भी उस संबंधित होटल के खिलाफ शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
इसके अलावा अगर किसी रेस्तरां, ढाबा या होटल के खाने से आपको फूड पॉइजनिंग हो जाती है, तब आप अपने राज्य के फूड सेफ्टी ऑफिसर या फिर फूड सेफ्टी कमिश्नर से इसकी शिकायत कर सकते हैं। या फिर आपको लगता है कि रेस्तरां के खाने में कोई भी ऐसी मिलावटी चीज है, जिसको खाने से लोगों का स्वास्थ्य खराब हो सकता है, तब भी आप इसकी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने ट्वीट कर दी थी जानकारी
साल 2017 में खुद स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा था कि होटल, रेस्तरां व ढाबा में खाने में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ एक्शन लिया जायेगा। 10 दिसंबर 2017 को स्वास्थ्य मंत्रालय ने ट्वीट में कहा था कि अगर किसी भी व्यक्ति को होटल में परोसे गये खाने में कोई भी दिक्कत नजर आती है, तब वे खाने का सैंपल लेकर नजदीकी फूड सेफ्टी स्टैंडर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) की लैब में जाकर टेस्ट करवा सकते हैं।
लैब टेस्ट के दौरान अगर खाने में कुछ भी खराबी नजर आती है या फिर मिलावट होने का पता चलता है, तो ऐसे होटल व रेस्टोरेंट के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। साथ ही स्वास्थ्य मंत्रालय ने आश्वासन दिया था कि टेस्ट के दौरा गड़बड़ी सामने आने के बाद शिकायतकर्ता ने टेस्ट करने पर जो पैसे खर्च किये हैं। वह उन्हें वापस किया जायेगा। वहीं मंत्रालय ने बताया था कि टेस्ट के बाद एफएसएसएआई के अधिकारी खाने के नमूने अपने पास रखेंगे और इनके आधार पर संबंधित होटल व अन्य के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications