Flashback 2022: साल के वो विवादित tweets (ट्वीटस), जिन्होंने मचाया खूब हंगामा
साल 2022 खत्म होने को है। यह साल ट्वीटर में बड़े बदलाव के लिए तो जाना ही जायेगा लेकिन इस सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर कई ऐसे tweets भी सामने आये जो सुर्खियां बन गये।

साल 2022 में ट्वीटर को टेस्ला कंपनी के सह-संस्थापक और सीईओ एलन मस्क ने खरीद लिया, जिसके बाद यह दुनिया की सबसे चर्चित खबर बन गयी। उसके बाद ट्वीटर ने अपने कर्मचारियों की छंटनी शुरू कर दी और फिर से यह एक बड़ी खबर बन गयी। कुल मिलाकर सालभर ट्वीटर किसी ने किसी मुद्दे को लेकर छाया रहा। इस बीच यूजर्स के कुछ ऐसे tweets भी सामने आये जिन्होंने इतना हंगामा मचाया कि कई यूजर्स को माफी तक मांगनी पड़ गयी, तो किसी के ट्वीट ने देश में सांप्रदायिक तनाव तक पैदा कर दिया।
अभिनेत्री रिचा चड्ढा का गलवान पर मजाक
23 नवंबर को उत्तरी सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा कि "हम पाकिस्तान से पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर वापस लेने के लिए पूरी तरह से तैयार है। हम सरकार के आदेशों का इंतजार कर रहे हैं। हम ऑपरेशन को जल्दी पूरा करेंगे। इससे पहले अगर पाकिस्तान संघर्ष विराम का उल्लंघन करता है, तो जवाब अलग होगा, जिसकी वे कल्पना भी नहीं कर सकते।" इस ट्वीट को रिचा चड्ढा ने retweet करते हुए लिखा, 'Galwan says hi', जिसे लेकर उनकी खूब आलोचना हुई। इन आलोचकों में कई सेलिब्रिटी भी शामिल थे जैसे अक्षय कुमार, अशोक पंडित और केके मेनन।
अभिनेता रणवीर सिंह का न्यूड फोटोशूट
सितंबर में एक्टर रणवीर सिंह ने अपनी न्यूड फोटोशूट की कुछ तस्वीरें ट्विटर पर पोस्ट कर दी। रणवीर सिंह के इस ट्वीट का बहुत ज्यादा मजाक उड़ाया गया। हालात यह बन गए कि कई दिनों तक वे न्यूज चैनल्स पर छाए रहे। यही नहीं, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर उनके बहुत से मीम्स भी वायरल हुए।
बिजनसमैन ललित मोदी और अभिनेत्री सुष्मिता सेन का अफेयर
जुलाई में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के संस्थापक ललित मोदी ने एक ट्वीट कर अपने और अभिनेत्री सुष्मिता सेन के अफेयर के बारे में जानकारी दी। ललित मोदी का यह ट्वीट कुछ ही मिनटों में मीडिया के लिए जबरदस्त सनसनी बन गया।
रामगोपाल वर्मा का राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर आपत्तिजनक ट्वीट
राष्ट्रपति चुनाव से पहले जब नेशनल डेमोक्रेटिक एलाइंस (NDA) ने द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया तो फिल्म डायरेक्टर राम गोपाल वर्मा ने एक ट्वीट कर लिखा "यदि द्रौपदी राष्ट्रपति है तो पांडव कौन हैं? और इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि कौरव कौन हैं?" रामगोपाल वर्मा के इस ट्वीट के बाद भारतीय जनता पार्टी के एक नेता ने उन्हें कोर्ट तक घसीट लिया।
नागालैंड के मंत्री का ट्वीट
जुलाई में वर्ल्ड पॉपुलेशन डे पर नागालैंड के एक मंत्री तेमजेन इमना अलोंग ने ट्वीट कर लिखा, "#WorldPopulationDay के अवसर पर, आइए हम जनसंख्या वृद्धि के मुद्दों के प्रति समझदार बनें और बच्चे पैदा करने के बारे में सूचित विकल्पों को विकसित करें। या मेरी तरह #StaySingle रहकर और साथ मिलकर हम एक स्थायी भविष्य की दिशा में योगदान कर सकते हैं। आओ आज एकल आंदोलन में शामिल हों।" नागालैंड के मंत्री ने यह बात दोनों गंभीर और मजाकिया रूप में लिखी लेकिन उनका यह ट्वीट मीम की तरह सोशल मीडिया और न्यूज चैनल पर बहुत वायरल हो गया।
मोहम्मद जुबैर ने बिगाड़ा देश का माहौल
मई में एक टीवी डिबेट शो पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) नेता नूपुर शर्मा ने पैगंबर मोहम्मद पर विवादित बयान दे दिया। नूपुर शर्मा के उस विवादित बयान का वीडियो एडिट करके ऑल्ट न्यूज के मोहम्मद जुबेर ने शेयर करते हुए लिखा "भारत में प्राइम टाइम की बहसें नफरत फैलाने वालों को दूसरे धर्मों के बारे में बुरा बोलने के लिए प्रोत्साहित करने का एक मंच बन गई है। @TimesNow की एंकर @navikakumar एक उग्र साम्प्रदायिक द्वेषी और एक भाजपा प्रवक्ता को बकवास बोलने के लिए प्रोत्साहित कर रही हैं जो दंगे भड़का सकते हैं। शर्म करो @vineetjaintimes।" मोहम्मद जुबैर के इस ट्वीट के बाद से ही नूपुर शर्मा वाला मामला बहुत ज्यादा गंभीर हो गया और देश के कई शहरों में सांप्रदायिक सद्भाव बिगड़ गया।
अधीर रंजन चौधरी को खुद कांग्रेसियों ने घेरा
लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने 21 मई 2022 को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर एक ट्वीट किया। उन्होंने लिखा "जब कोई बड़ा पेड़ गिरता है, तो जमीन हिलती है।" अधीर रंजन चौधरी के इस ट्वीट के बाद कांग्रेस में ही उनकी आलोचना शुरू हो गयी। वहीं ट्वीटर पर वे बहुत ज्यादा ट्रोल होने लगे। हालांकि, बाद में अधीर रंजन चौधरी ने यह ट्वीट डिलीट कर दावा किया कि यह ट्वीट उन्होंने नहीं किया था और उनका अकाउंट हैक हो गया था।
जब दो क्रिकेट खिलाडी भिड़ गए ट्वीटर पर
16 अप्रैल 2022 को हनुमान जयंती के अवसर पर दिल्ली के जहांगीरपुरी में हिंसा हो गयी। इस पर क्रिकेटर इरफान पठान ने ट्वीट कर लिखा "मेरा देश, मेरा प्यारा देश, पृथ्वी पर सबसे महान देश बनने की क्षमता रखता है। लेकिन........"। इरफान पठान के इस ट्वीट को रिट्वीट करते हुए क्रिकेटर अमित मिश्रा ने लिखा "मेरा देश, मेरा प्यारा देश, पृथ्वी पर सबसे महान देश होने की क्षमता रखता है.... अगर कुछ लोग यह समझें कि हमारा संविधान ही सबसे पहली किताब है जिसका पालन किया जाना चाहिए।" अमित मिश्रा के इस ट्वीट के बाद इरफान पठान बहुत ज्यादा ट्रोल हुए और अमित मिश्रा को बहुत समर्थन मिला।
KRK ने विराट कोहली की खराब फॉर्म का जिम्मेदार अनुष्का को बताया
फिल्म क्रिटिक कमाल राशिद खान (KRK) अपने कंट्रोवर्शियल बयानों की वजह से अक्सर फंस जाते हैं। अप्रैल में KRK ने एक ट्वीट कर लिखा "अनुष्का कोहली के लिए दुर्भाग्य है। वह अपना फॉर्म तभी वापस पा सकते हैं, जब वह #अनुष्का को तलाक देंगे।" उन्होंने एक बार फिर ट्वीट किया और लिखा "विराट कोहली भारत के पहले क्रिकेटर हैं, जिन्हें डिप्रेशन की समस्या है। ये है रिजल्ट एक हीरोइन से शादी करने का। उसने उसके दिमाग में यह बात डाल दी होगी कि उसे डिप्रेशन की समस्या है।" KRK के इन ट्वीट्स के बाद उनकी जमकर आलोचना हुई।
एक्टर सिद्धार्थ ने की साइना नेहवाल पर आपत्तिजनक टिप्पणी
जनवरी में जब पंजाब के फिरोजपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूक हुई, तो बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने प्रधानमंत्री मोदी के समर्थन में एक ट्वीट किया। साइना नेहवाल के उस ट्वीट को रिट्वीट करते हुए अभिनेता सिद्धार्थ ने लिखा कि "विश्व की subtle cock चैंपियन... भगवान का शुक्र है कि हमारे पास भारत के रक्षक हैं। शेम ऑन यू #रिहाना।" सिद्धार्थ के इस फूहड़ ट्वीट के बाद उनकी बहुत आलोचना हुई और कई मानवाधिकार संस्थाओं ने इस विवादित टिप्पणी के लिए उन्हें नोटिस तक भेज दिया। जिसके बाद, सिद्धार्थ ने एक ट्वीट कर यह सफाई देने की कोशिश की कि उसने cock and bull स्टोरी के संदर्भ में ट्वीट किया था। हालांकि उसकी यह सफाई भी लोगों को पसंद नहीं आई।












Click it and Unblock the Notifications