Delhi Metro Incidents: दिल्ली की धड़कन मेट्रो में बढ़ रही हैं यात्रियों की शर्मनाक हरकतें

भले ही दिल्ली मेट्रो यातायात का एक सुगम और सुलभ साधन है लेकिन आजकल असामाजिक गतिविधियों के चलते यह बदनाम होने लगी है।

Delhi Metro Incidents

दिल्ली मेट्रो के अंदर एक व्यक्ति के हस्तमैथुन करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर बहुत वायरल हो रहा है। दिल्ली पुलिस ने वीडियो में दिख रहे शख्स के खिलाफ आईपीसी की धारा 294 के तहत मामला दर्ज किया है। दिल्ली महिला आयोग की प्रमुख स्वाति मालीवाल ने दिल्ली पुलिस और दिल्ली मेट्रो को नोटिस जारी कर इस शर्मनाक हरकत के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। हालांकि, इस तरह का यह पहला मामला नहीं है। दरअसल, बीतें दिनों में दिल्ली मेट्रो के अन्दर ऐसी असामाजिक गतिविधियों से जुड़े कई मामले सामने आ चुके हैं।

दिल्ली मेट्रो का परिचय

दिल्ली मेट्रो राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में और उसके आसपास के शहरों जैसे गाजियाबाद, फरीदाबाद, गुरुग्राम, नोएडा और बहादुरगढ़ में ऑपरेट की जाने वाली मेट्रो सर्विस है। दिल्ली मेट्रो को संभालने का जिम्मा दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) का है। यह भारत में सबसे बड़ी और व्यस्त मेट्रो रेल प्रणाली है। 2022 तक इसका कुल नेटवर्क 391 किलोमीटर का था, जिसमें 12 लाइनें और 286 स्टेशन शामिल हैं। वित्तीय वर्ष 2022 में डीएमआरसी का परिचालन राजस्व ₹1,590 करोड़ था। जबकि सितंबर 2022 में दिल्ली मेट्रो में यात्रा करने वाले यात्रियों का दैनिक औसत 47.3 लाख तक पहुंच गया था। गौरतलब है कि दिल्ली मेट्रो ट्रेनें हर दिन लगभग 5,100 चक्कर लगाती हैं।

दिल्ली मेट्रो में यात्रियों की सुरक्षा

डीएमआरसी ने दिल्ली मेट्रो में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई उपाय किए हैं। जैसे ट्रेन संचालन में विश्वसनीयता और सुरक्षा की दृष्टि से यह आधुनिक संचार और ट्रेन नियंत्रण प्रणाली से लैस है। साथ ही प्रत्येक मेट्रो स्टेशन के प्रवेश द्वारों पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) द्वारा सुरक्षा जांच की जाती है। दिल्ली मेट्रो में सीसीटीवी कैमरे से निगरानी भी की जाती है। महिला यात्रियों के लिए हर ट्रेन में अलग कोच, हर कोच में महिलाओं के लिए आरक्षित सीट, महिला सीआईएसएफ कर्मचारियों की तैनाती का प्रावधान हैं। दिल्ली मेट्रो में शराब ले जाना प्रतिबंधित है और सुरक्षा जांच के बाद लाइटर, माचिस और शराब आदि सामान को जब्त कर लिया जाता है।

दिल्ली मेट्रो में कुछ शर्मनाक हरकतें

दिल्ली और एनसीआर के यात्रियों सुरक्षित तरीके से समय पर उनके गंतव्य स्थल पर पहुंचाने के अलावा आजकल यह मेट्रो कुछ यात्रियों की गलत हरकतों के चलते बदनाम होने लगी है। जिसके कुछ विगत मामले इस प्रकार हैं -

  • बीतें दिनों एक युवती दिल्ली मेट्रो में ब्रा और मिनी स्कर्ट पहन कर घूम रही थी। इस मामले में डीएमआरसी ने कहा कि हम अपने यात्रियों से सामाजिक शिष्टाचार और प्रोटोकॉल का पालन करने की उम्मीद करते है। डीएमआरसी ने यह भी कहा कि यात्रियों को ऐसे कपड़े पहनने चाहिए जो सार्वजनिक जगह पर स्वीकार किये जाते हो।
  • 8 अप्रैल 2023 को दिल्ली मेट्रो के अंदर एक कपल के गले मिलने और किस करने का वीडियो सोशल मीडिया पर बहुत वायरल हुआ था। ट्विटर पर और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कपल की बहुत आलोचना हुई और लोगों ने कहा कि यह सब कार्य करने के लिए दिल्ली मेट्रो जैसी सार्वजनिक जगह उचित नहीं है।
  • दिल्ली पुलिस ने 4 अप्रैल 2022 को जसोला मेट्रो स्टेशन पर एक लिफ्ट में एक महिला का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में 26 वर्षीय एक व्यक्ति राजेश कुमार को गिरफ्तार किया। वह एक अस्पताल में हाउसकीपिंग स्टाफ का काम करता था। आरोप है कि राजेश ने मेट्रो की लिफ्ट में एक महिला के सामने अपने गुप्तांगों को दिखाया और महिला को गलत तरीके से छुआ था।
  • जुलाई 2022 में एक 33 वर्षीय स्कूल शिक्षक को दिल्ली के आईपी एक्सटेंशन मेट्रो स्टेशन पर महिला शिक्षक से छेड़छाड़ करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि छेड़छाड़ करने वाले शिक्षक का नाम राजेश चंद मीणा था। पुलिस ने यह भी बताया कि राजेश लंबे समय से शिक्षिका को प्रताड़ित कर रहा था। राजेश ने एक लिफ्ट के अंदर शिक्षिका का पीछा किया और उन्हें अनुचित तरीके से छुआ था।
  • जून 2022 में, एक महिला ने दावा किया कि दिल्ली के जोर बाग मेट्रो स्टेशन पर एक सहयात्री ने उनके साथ छेड़खानी की। महिला ने ट्वीट कर जानकारी दी कि उनके एक पुरुष सहयात्री ने उन्हें गुप्तांग दिखाया। महिला के अनुसार उस व्यक्ति ने उनसे मदद मांगने के बहाने यह शर्मनाक हरकत की थी।
  • फरवरी 2020 में एक महिला ने दावा किया कि दिल्ली मेट्रो के अंदर एक व्यक्ति ने उन्हें अपना गुप्तांग दिखाया था। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में एफआईआर भी दर्ज की थी। पीड़ित महिला ने ट्विटर पर शख्स की तस्वीर के साथ घटना की जानकारी भी शेयर की थी।
  • अगस्त 2017 दिल्ली पुलिस ने एक 40 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। वह व्यक्ति दिल्ली मेट्रो में अपने मोबाइल फोन पर 25 वर्षीय एक महिला का वीडियो बनाने की कोशिश कर रहा था। जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया। महिला ने शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि जब उसने उसे अपना वीडियो बनाते देखा और उसका मोबाइल फोन छीन लिया, तो आरोपी ने उसे वापस छीन लिया और उसके साथ मारपीट करने की कोशिश की।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+