Cricket Captains: भारत की क्रिकेट टीम के कितने कप्तान? रोटेशन नीति या कोई और मजबूरी
Cricket Captains: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने वनडे विश्वकप से ठीक से पहले ऑस्ट्रेलिया के साथ तीन वनडे मैचों की सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान किया है। केवल तीन मैच की इस सीरीज के लिए एक नहीं दो दो कप्तान नियुक्त किए गए हैं। भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 दिन (22 से 27 सितंबर) के अंदर 3 वनडे मैच खेलने हैं। इसके शुरुआती दो मैचों में केएल राहुल को टीम इंडिया की कमान सौंपी गई है। जबकि तीसरे वनडे मैच के लिए रोहित शर्मा को वापस कप्तान बनाया गया है।
पिछले कुछ समय में बीसीसीआई टीम इंडिया की कमान आधा दर्जन से ज्यादा खिलाड़ियों को सौंप चुकी है। सवाल यह है कि ऐसा क्यों किया जा रहा है? क्या टीम के पास महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली के बाद कप्तानी के लिए कोई दमदार खिलाड़ी नहीं है या यह बीसीसीआई की कोई रणनीति है।

क्या विश्वकप के बाद कप्तानी छोड़ देंगे रोहित?
कई खेल रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि विश्व कप 2023 के बाद रोहित शर्मा की कप्तानी से छुट्टी हो सकती है। इसलिए बोर्ड ने युवा खिलाड़ियों को भविष्य में कप्तानी के लिए तैयार करना शुरू कर दिया है। इनमें सबसे पहला नाम ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या का है। जो टी20 में टीम की कप्तानी संभालते हैं। इनके अलावा बीसीसीआई ने 26 साल के ऋतुराज गायकवाड़ को भी एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम की कप्तानी सौंपी है। साथ ही केएल राहुल जिन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो मैचों के लिए कप्तान बनाया गया है।
इन दोनों के अलावा 20 साल के यश ढुल को भी बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उन्हें इमर्जिंग एशिया कप में भारत-ए की कमान सौंपी गई है। इसके अलावा बीसीसीआई ने बीते महीने आयरलैंड दौरे की सीरीज के लिए जसप्रीत बुमराह को कप्तानी सौंपी थी। साथ ही ऋषभ पंत, श्रेयस अय्यर और शिखर धवन जैसे खिलाड़ियों को भी बीच-बीच में कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी जा चुकी है।
2022-23 में कप्तानों की लंबी लिस्ट
ऐसा लग रहा है कि टीम इंडिया कप्तानों के बीच म्यूजिकल चेयर चल रही है। हर सीरीज के साथ कप्तान बदल रहे हैं। साल 2021 में टी20 वर्ल्ड कप तक विराट कोहली तीनों फॉर्मेट में भारत के नियमित कप्तान थे। उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप के बाद कप्तानी छोड़ दी, तो बीसीसीआई ने उन्हें वनडे की कप्तानी से हटा दिया। तभी से भारतीय टीम में कप्तान की अदला-बदली का खेल चल रहा है। हालांकि, रोहित शर्मा फिलहाल वनडे और टेस्ट के नियमित कप्तान हैं, जबकि 2022 के अंत से हार्दिक पांड्या टी20 की कमान संभाल रहे हैं। जबकि बीच-बीच में हर सीरीज के लिए कप्तान बदलते रहे हैं।
किन वजहों से हुए बदलाव?
विश्वकप से पहले भारतीय टीम अपने सीनियर खिलाड़ियों को चोटिल नहीं होने देना चाहती है। क्योंकि, ऋषभ पंत अच्छे फॉर्म में थे और कप्तानी की जिम्मेदारी भी मिलने लगी थी। तभी उनका एक्सीडेंट हो गया, जिससे टीम इंडिया को भारी झटका लगा। उसी तरह श्रेयस अय्यर चोट की वजह से बाहर ही हैं। हालांकि, बीते दिनों जसप्रीत बुमराह और केएल राहुल की वापसी हो गई है। जो अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।
वहीं नियमित कप्तान रोहित शर्मा के उपलब्ध नहीं होने या आराम दिए जाने पर भी बीसीसीआई को नया कप्तान चुनना पड़ता है। इस बीच बीसीसीआई एक साथ कई सीरीज भी खेलना चाहता है ये भी एक बड़ा कारण है। जैसे ऑस्ट्रेलिया से सीरीज के बाद एशियन गेम्स शुरू हो जाएंगे, जिसकी कप्तानी ऋतुराज गायकवाड़ को सौंपी है। ये सीरीज खत्म भी नहीं होगी कि विश्वकप के मैच शुरू हो जाएंगे तो एक साथ दो बड़े टूर्नामेंट खिलाड़ी कैसे खेलेंगे और लगातार खेलने की वजह से खिलाड़ी थक न जाएं। ताकि टूर्नामेंट में प्रदर्शन पर असर न पड़े, इसकी भी चिंता बीसीसीआई को है। इस वजह से भी बार-बार कप्तान बदले जा रहे हैं।
2022-23 में भारतीय टीम का कब कौन बना कप्तान?
विराट कोहली: जनवरी, 2022 में दक्षिण अफ्रीका के हाथों 2-1 से टेस्ट सीरीज हारने के बाद विराट कोहली ने टेस्ट की कप्तानी से इस्तीफा दे दिया था। उसके पहले वो वनडे और टी20 की कप्तानी छोड़ चुके थे।
केएल राहुल (टेस्ट, वनडे): केएल राहुल सभी फॉर्मेट में 11 मैचों में भारत की कमान संभाल चुके हैं। बीते साल साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और बांग्लादेश के खिलाफ राहुल कप्तानी कर चुके हैं। इसके बाद वे घुटने की चोट की वजह से बाहर हो गए थे। अब दोबारा उनकी टीम में वापसी हुई है। साथ ही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो वनडे के लिए फिर से कप्तानी सौंपी गई है।
रोहित शर्मा (टेस्ट, वनडे, टी20): विराट कोहली के कप्तानी छोड़ने के बाद ही रोहित शर्मा सभी फॉर्मेट की कप्तानी करते रहे हैं। हालांकि, बीते कुछ महीनों से टी20 नहीं खेलने की वजह से कप्तानी भी नहीं कर रहे हैं।
ऋषभ पंत (टी20): अपने एक्सीडेंट से पहले जून, 2022 में ऋषभ पंत ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ ही टी-20 सीरीज में टीम इंडिया कप्तानी की थी। वहीं इस दौरान वे कई मैचों में उपकप्तान भी कर रहे थे।
हार्दिक पांड्या (टी20): साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज के तुरंत बाद पंत को आराम देकर हार्दिक पांड्या को आयरलैंड दौरे के लिए कप्तान बनाया गया था। तब से वहीं रेगुलर टी20 की कप्तानी करते आ रहे हैं।
शिखर धवन (वनडे): शिखर धवन 2021 में कप्तान बनने के बाद से अब तक नौ वनडे में टीम इंडिया की कमान संभाल चुके हैं। इसमें से भारत ने सात वनडे जीते हैं। नवंबर, 2022 में शिखर धवन अंतिम बार न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में कप्तानी की थी।
जसप्रीत बुमराह (टेस्ट, टी20): जुलाई, 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ बर्मिंघम टेस्ट मैच से ठीक से पहले रोहित शर्मा को कोरोना हो गया था। तब इस टेस्ट मैच की जिम्मेदारी जसप्रीत बुमराह को सौंपी थी। इसके बाद अगस्त, 2023 में आयरलैंड के खिलाफ 3 मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम की कप्तानी का जिम्मा जसप्रीत बुमराह को दी थी। जिनके नेतृत्व में टीम ने 2-0 से सीरीज पर कब्जा किया था।
ऋतुराज गायकवाड़ (एशियन गेम्स, टी20): अब इस लिस्ट में नया नाम ऋतुराज गायकवाड़ का भी जुड़ गया है। जो 23 सितंबर, 2023 से हांगझोऊ, (चीन) में शुरू होने वाले एशियन गेम्स टूर्नामेंट में कप्तानी करेंगे। ये टी20 का फॉर्मेट होगा।












Click it and Unblock the Notifications