Big Boss Show: डच शो ‘बिग ब्रदर’ का भारतीय संस्करण है ‘बिग बॉस’!
Big Boss Show: मुनव्वर फारुकी को 28 जनवरी, 2024 को बिग बॉस शो 17 का विजेता घोषित किया गया। मुन्नवर ने अभिषेक कुमार को हरा कर फाइनल जीत लिया। मन्नारा चोपड़ा, अंकिता लोखंडे और अरुण माशेट्टी इस खिताब में पिछड़ गए।
मुनव्वर फारुकी को बिग बॉस की ट्रॉफी के साथ ₹50 लाख नकद पुरस्कार के साथ एक नई कार भी मिली। लेकिन क्या आप जानते हैं कि करोड़ों लोगों की पसंद बनने वाला बिग बॉस शो का आइडिया कहां से आया? किस देश में इसी तरह का शो चलता है?'

बिग ब्रदर' का भारतीय संस्करण है बिग बॉस
"बिग ब्रदर" जॉन डी मोल जूनियर द्वारा बनाया गया एक डच रियलिटी शो है, जिसे पहली बार 1999 में नीदरलैंड में प्रसारित किया गया और बाद में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सिंडिकेट किया गया। शो में "हाउसमेट्स" या "हाउसगेस्ट्स" नामक प्रतियोगी शामिल होते हैं जो एक विशेष रूप से निर्मित घर में एक साथ रहते हैं और बाहरी दुनिया से पूरी तरह कट जाते हैं।
घर में रहने के दौरान लाइव टेलीविज़न कैमरों के साथ-साथ व्यक्तिगत ऑडियो माइक्रोफोन द्वारा घर के सदस्यों पर दिन रात लगातार निगरानी रखी जाती है। प्रतियोगिता के दौरान, हर हफ्ते 1-2 प्रतियोगियों को बाहर कर दिया जाता है। अंत में उनमें से एक को विजेता घोषित किया जाता है और वह नकद पुरस्कार जीत जाता है। ठीक इसी फॉर्मैट पर 3 नवंबर 2006 से 26 जनवरी 2007 तक बिग बॉस का पहला सीजन चला था। इस आधार पर कह सकते हैं कि बिग ब्रदर से ही बिग बॉस शो का आइडिया आया होगा।
बिग बॉस के बारे में प्रमुख जानकारी!
"बिग बॉस" एक भारतीय टेलीविजन रियलिटी शो है जो डच रियलिटी शो "बिग ब्रदर" पर आधारित है। यह मूल शो के प्रारूप का अनुसरण करता है, जहां प्रतियोगियों का एक समूह, जिन्हें "हाउसमेट्स" के रूप में जाना जाता है, बाहरी दुनिया से अलग, एक प्रोडक्शन सैट के घर में एक साथ रहते हैं। प्रत्येक सप्ताह, घरवाले अपने दो साथियों को निष्कासन के लिए नामांकित करते हैं, और सबसे अधिक नामांकन वाले प्रतियोगी को सार्वजनिक वोट का सामना करना पड़ता है। इस शो का 17वां सीज़न हाल ही में सम्पन्न हुआ है। अभिनेता सलमान खान इसके मुख्य होस्ट रहे हैं।
बिग बॉस में काफी कुछ नयापन है
हालांकि "बिग बॉस और बिग ब्रदर" दोनों को एक ही कान्सेप्ट पर चलने वाले रियलिटी टीवी शो के रूप में मानते हैं, लेकिन भारतीय शो में मूल डच टीवी शो की अपेक्षा काफी नयापन डाला गया है। जैसे भारतीय संस्करण, "बिग बॉस" में, घर अच्छी तरह से सजाया जाता है, प्रतियोगियों का बाहरी दुनिया से कोई संबंध नहीं होता। इंटरनेट, फोन, घड़ियां, पेन या कागज भी इसमें शामिल नहीं किया जाता है।
भारतीय संस्करण खुले और ज़ोरदार होने के लिए भी जाना जाता है। इसमें खुले तौर पर कार्य (टास्क) दिए जाते हैं। दूसरी ओर, "बिग ब्रदर" को शांत और गुप्त बताया गया है, जिसमें योजना के साथ हिस्सा लेना अधिक महत्वपूर्ण है। दोनों शो की प्राइस मनी में भी अंतर है, बिग ब्रदर में विजेता को बिग बॉस से अधिक पैसे दिए जाते हैं। दोनों शो में एक बड़ा अंतर सांस्कृतिक पृष्टभूमि और नियमों व कार्यों में क्षेत्रीय विविधताओं का भी है।
कौन-कौन रह चुके हैं बिग बॉस के विजेता
बिग बॉस 2006 से भारतीय टीवी पर प्रसारित हो रहा है। बिग बॉस का सीजन 1 राहुल रॉय ने जीता था। वह 90 के दशक में आशिकी, जुनून और गुमराह जैसी फिल्मों में अपनी भूमिकाओं के लिए प्रसिद्ध थे। बिग बॉस का सीज़न 2 आशुतोष कौशिक ने और तीसरा सीजन बिन्दु दारा सिंह ने जीता। चौथा सीजन श्वेता तिवारी ने और पांचवा सीजन जूही परमार ने जीता। बिग बॉस का सीजन 6 उर्वशी ढोलकिया ने तो सीजन 7 गौहर खान ने जीत लिया। सीजन 8 गौतम गुलाटी ने, सीजन 9 प्रिंस नरूला ने और सीजन 10 मनवीर गुर्जर ने जीता था।
शिल्पा शिंदे ने बिग बॉस का ग्यारहवां सीजन तो दीपिका कक्कड़ ने बिग बॉस का बारहवां सीजन जीता। अचानक दुनिया से चले जाने वाले सिद्धार्थ शुक्ला ने बिग बॉस के तेरहवें सीजन में जीत का परचम लहराया तो रुबिना दिलैक ने बिग बॉस के चौदहवें सीजन में बाजी मारी। तेजस्वी प्रकाश ने बिग बॉस का पंद्रहवां सीजन जीता था। मशहूर रैपर एमसी स्टेन ने बिग बॉस का सोलहवां सीजन जीता और इस बार मुन्नवर ने यह ताज पहना।
भारत में बिग बॉस 7 भाषाओं में!
भारत में बिग बॉस मूल रूप से हिंदी भाषा में शुरू किया गया था, और तब से इसे कन्नड़, बंगाली, तमिल, तेलुगु, मराठी और मलयालम सहित सात भारतीय भाषाओं में विस्तारित किया गया है। बिग बॉस हिंदी के 17 सीजन समाप्त हो चुके हैं। साथ बिग बॉस हिंदी एक 'हल्ला बोल' सीजन और दो 'ओटीटी' सीजन आयोजित कर चुका है।
बिग बॉस कन्नड़ 10 सीजन का आयोजन कर चुका है। बिग बॉस कन्नड़ एक 'बिग बॉस मिनी सीजन' और एक 'ओटीटी' सीजन का भी आयोजन कर चुका है। बिग बॉस बांग्ला ने 2013 में पहला सीजन आयोजित किया और 2016 में दूसरा सीजन आयोजित किया लेकिन उसके बाद बंद हो गया। बिग बॉस तमिल 7 सीजन का आयोजन कर चुका है और एक 'बिग बॉस अल्टीमेट' का भी आयोजन कर चुका है।
वहीं, बिग बॉस तेलुगू ने आज तक 7 सीजन और एक 'बिग बॉस' नॉनस्टॉप का भी आयोजन किया है। बिग बॉस मराठी में अब तक 4 सीजन का आयोजन किया है। बिग बॉस मलयालम ने 6 सीजन आज तक आयोजित किए हैं।










Click it and Unblock the Notifications