Double Century in ODI: ईशान किशन के अलावा इन 6 बल्लेबाजों ने वनडे में लगाया है दोहरा शतक, सभी हैं ओपनर्स
ईशान किशन दुनिया के एकलौते ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने अपने करियर के पहले शतक को दोहरे शतक में बदल दिया। यही नहीं, वे अब वनडे में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं।

Ishan Kishan, भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने 10 दिसंबर 2022 को वनडे में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का कीर्तिमान स्थापित किया है। ईशान किशन के अलावा दुनिया के 6 और बल्लेबाज हैं, जिन्होंने वनडे मैच में दोहरा शतक लगाया है। दोहरा शतक लगाने वाले सबसे ज्यादा चार बल्लेबाज भारत से हैं। वहीं, न्यूजीलैंड, वेस्ट इंडीज और पाकिस्तान के एक-एक बल्लेबाज ने यह कारनामा किया है। वनडे इंटरनेशनल मैच में दोहरा शतक लगाने वाले सभी बल्लेबाज ओपनिंग करते हुए इस मुकाम पर पहुंचे हैं। इनमें से ज्यादातर प्लेयर्स ओपनर्स हैं या फिर टॉप-ऑर्डर में बल्लेबाजी करते हैं। आइए, जानते हैं अब तक लगे सभी दोहरा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों के बारे में।
क्यों छाए हुए है ईशान किशन सुर्खियों में
भारतीय युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने बांग्लादेश के खिलाफ 10 दिसंबर को दोहरा शतक बनाते हुए कई रिकॉर्ड्स अपने नाम किए हैं। ईशान, दुनिया के एकलौते ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने अपने करियर के पहले शतक को दोहरे शतक में बदल दिया। यही नहीं, वे अब वनडे में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। ईशान किशन ने चट्टगांव में बांग्लादेश के खिलाफ 131 गेंदों में 210 रनों की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 24 चौके और 10 छक्के लगाए। यह बांग्लादेश के खिलाफ उसकी सरजमीं पर किसी बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सबसे बड़ा वन डे मैच स्कोर भी है। इससे पहले वनडे में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने वाले बल्लेबाज वेस्टइंडीज के ओपनर क्रिस गेल थे, जिन्होंने जिम्बाबवे के खिलाफ 138 गेंद में दोहरा शतक लगाया था।
अपने पहले शतक को दोहरे शतक में बदलने वाले ईशान किशन एकलौते बल्लेबाज हैं। अब तक वनडे क्रिकेट में कुल 9 दोहरे शतक लगे हैं। सबसे पहले मास्टर-ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने साल 2010 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वन डे मैच में दोहरा शतक लगाया था। उसके बाद वीरेंद्र सहवाग, क्रिस गेल, रोहित शर्मा, फखर जमां, मार्टिन गप्टिल और ईशान किशन वनडे में दोहरा शतक लगा चुके हैं।
सचिन तेंदुलकर (2010)
24 फरवरी 2010 से पहले किसी ने शायद ही सोचा होगा कि 50 ओवर के क्रिकेट मैच में दोहरा शतक भी लग सकता है। ग्वालियर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सचिन तेंदुलकर ओपनिंग करने आए और मैच के आखिरी ओवर में 200 रन बनाकर इतिहास रचा था। सचिन तेंदुलकर वनडे में दोहरा शतक बनाने वाले पहले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 147 गेंदो का सामना करते हुए यह कीर्तिमान रचा था। इस पारी में सचिन ने 25 चौके और 3 छक्के लगाए थे।
वीरेंद्र सहवाग (2011)
सचिन के साथ ओपनिंग करने वाले बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने एक साल के अंदर ही उनके दोहरे शतक का रिकॉर्ड तोड़ दिय़ा। इंदौर में वेस्ट इंडीज के खिलाफ वीरेंद्र सहवाग ने 219 रनों की पारी खेली थी। इस दौरान उन्होंने 25 चौके और 7 छक्के लगाए थे। 8 दिसंबर 2011 को खेले गए इस मैच में वीरेंद्र सहवाग ने भी ओपनिंग की थी यानी यह दोहरा शतक भी एक ओपनर ने लगाया था।
रोहित शर्मा (2013, 2014, 2017)
वनडे में तीन दोहरे शतक लगाने वाले रोहित शर्मा दुनिया के एकलौते बल्लेबाज हैं। यही नहीं, रोहित शर्मा वनडे में सबसे ज्यादा स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं। साल 2014 में श्रीलंका के खिलाफ रोहित ने 264 रनों की पारी खेली थी, जो एक रिकॉर्ड है।
2 नवंबर 2013 को रोहित शर्मा ने दुनिया की सबसे मजबूत मानी जाने वाली टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाप 209 रनों की पारी खेली थी। सचिन और सहवाग के बाद दोहरा शतक बनाने वाले रोहित शर्मा भारत और दुनिया के तीसरे बल्लेबाज बने। अपनी 209 रनों की पारी में उन्होने 12 चौके और 16 छक्के लगाए थे। एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने में वो दूसरे नंबर पर हैं।
इसके बाद रोहित शर्मा ने 13 नवंबर 2014 को श्रीलंका के खिलाफ 264 रनों की रिकॉर्ड पारी खेली थी। इस दौरान उन्होनें 33 चौके और 9 छक्के लगाए थे। रोहित शर्मा यहीं नहीं रूके और 13 दिसंबर 2017 को एक बार फिर से श्रीलंका के खिलाफ उन्होंने 208 रनों की पारी खेली। इस पारी में रोहित शर्मा ने 13 चौके और 12 छक्के लगाए थे।
क्रिस गेल (2015)
10 दिसंबर 2022 से पहले क्रिस गेल के पास सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड था। उन्होंने 138 गेंदों में दोहरा शतक लगाया था। क्रिस गेल ने जिम्बाबे के खिलाफ 24 फरवरी 2015 में दोहरा शतक लगाया था। क्रिस गेल वर्ल्ड कप में दोहरा शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 2015 वर्ल्ड कप के दौरान यह कीर्तिमान रचा था। क्रिस गेल ने इस पारी में 147 गेंदें खेली और 215 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 10 चौके और 16 छक्के लगाए थे।
मार्टिन गप्टिल (2015)
2015 वनडे वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के मार्टिन गप्टिल ने वेस्ट इंडीज के खिलाफ दोहरा शतक लगाया था। यह वनडे का पांचवा दोहरा शतक था और वनडे वर्ल्ड कप के इतिहास की सबसे बड़ी पारी है। मार्टिन गप्टिल ने 21 मार्च 2015 को 237 रनों की नाबाद पारी खेली थी। इस दौरान उन्होनें 163 गेंदें खेली, जिसमें 24 चौके और 11 छक्के लगाए थे। मार्टिन गप्टिल दुनिया के पांचवें और न्यूजीलैंड के पहले बल्लेबाज बने, जिन्होंने वनडे इंटरनेशनल मैच में दोहरा शतक लगाया था। मार्टिन गप्टिल भी वर्ल्ड कप 2015 में न्यूजीलैंड के ओपनिंग बेट्समैन थे।
फखर जमां (2018)
पाकिस्तान के टॉप ऑर्डर बेट्समैन फखर जमां ने 20 जुलाई 2018 को आठवां दोहरा शतक लगाया था। जिम्बाबवे के खिलाफ बुलावायो में खेले जाने वाले इस वनडे मैच में फखर जमां ओपनिंग करने आए और अंत तक 210 रन बनाकर नाबाद रहे। इस दौरान उन्होंने 156 गेंदों का सामना किया और 24 चौके और 5 छक्के लगाए। फखर जमां पाकिस्तान के पहले और दुनिया के छठे बल्लेबाज बने जिन्होंने वनडे इंटरनेशनल मैच में दोहरा शतक लगाया है।












Click it and Unblock the Notifications