फर्रुखाबाद में दो भाइयों ने बनाई टू-इन-वन स्कूटी, पेट्रोल से इलेक्ट्रिक मोड में होगी कन्वर्ट
भारत में इलेक्ट्रिक कार का भविष्य कैसा होगा यह तो आने वाला भविष्य ही बताएगा। परंतु इलेक्ट्रिक कार बनाने की ओर सारी कंपनियों ने अपना रुख अपना लिया है। इतना तो तय है कि आने वाले भविष्य में पेट्रोल गाडी और इलेक्ट्रिक गाडी आपस में एक दुसरे को टक्कर देती नजर आएंगी। लेकिन इन दोनों में एक समस्या ऐसी है जिसका समाधान किसी कंपनी ने अभी तक नहीं दिया है और वो है ईंधन खत्म होने की। क्या हो अगर पेट्रोल से चलने वाली स्कूटी का फ्यूल खत्म हो जाए या इलेक्ट्रिक टू वीलर की चार्जिंग खत्म हो जाए?, निश्चित ही धक्का लगाने के इलावा नहीं होगा। मगर फर्रूखाबाद के दो लोगों ने इस समस्या का हल निकालते हुए पेट्रोल से चलने वाली स्कूटी को हाइब्रिड मोड में कन्वर्ट कर दिया है। यानी जरूरत के हिसाब से अपनी मर्जी से स्कूटी को इलेक्ट्रिक चार्जिंग या पेट्रोल से दौड़ा सकते हैं।

आवश्यकता आविष्कार की जननी है
आज के इस आधुनिक समय में लगभग हर किसी को रोज सफर कर एक जगह से दूसरी जगह जाना ही पड़ता है। इसके लिए लोग अलग अलग वाहनों का प्रयोग करते हैं। मुख्यता जिन वाहनों का हम प्रयोग करते हैं वो या तो पेट्रोल से चलते है या इलेक्ट्रिक चार्जिंग से। वैसे तो इलेक्ट्रिक व्हीकल ज्यादा किफायती और पर्यावरण के अनुकूल सिद्ध होते हैं। लेकिन इनमे भी एक समस्या होती है की यह ज्यादा दूरी एक बार की चार्जिंग से तय नहीं कर पाते हैं। ऐसे में अगर सफर थोड़ा लम्बा हो तो रास्ते में ही व्यक्ति को मुश्किल का सामना करना पड़ता है। जरूरत थी इस समस्या का हल निकालने की। इसी सोच ने यूपी के फर्रुखाबाद जिले में दो शख्स को स्कूटी के प्रचलित मॉडल को हाइब्रिड में बदलने के लिए प्रेरित कर दिया।

एक स्विच से होगा मोड चेंज
इन दोनों ने तरकीब निकालकर पेट्रोल से चलने वाली स्कूटी को इलेक्ट्रिक व्हीकल बना दिया। यानी मर्जी हो स्कूटी को चार्ज की गई बैटरी से चलाएं, जब चार्ज खत्म हो जाए तो एक क्लिक में पेट्रोल से दौड़ाएं। किसी भी हालत में ड्राइवर को रुकना नहीं पड़ेगा और महंगे पेट्रोल से राहत भी मिलेगी।
स्कूटी के पेट्रोल मॉडल को इलेक्ट्रिक हाइब्रिड अवतार में तब्दील करने वाले फर्रूखाबाद के गांव निनोआ निवासी श्रीकांत और अंकित हैं। जब पेट्रोल की कीमत प्रति लीटर 100 रुपये के पार गई तो युवाओं ने हाइब्रिड व्हीकल बनाने की ठान ली। बाजार में उपलब्ध एक बड़े ब्रांड की स्कूटी को हाइब्रिड रूप में बदल दिया।

मात्र 50 हजार रुपये का खर्च
श्रीकांत और अंकित ने बताया कि उनकी मॉडिफॉई की गई स्कूटी का इंजन एक स्विच के जरिये ही पेट्रोल इंजन से बैटरी मोटर पर चला जाता है। अंकित ने बताया कि हाइब्रिड स्कूटी बनाने के लिए उन्होंने पेट्रोल से चलने वाली गाड़ी में कई बदलाव किए जैसे स्कूटी में 60 वोल्ट की बैटरी और 1000 वॉट का मोटर लगाया गया। इसका मोटर पुरानी स्कूटी के पार्ट्स निकालकर बनाया गया। इस स्कूटी को हाइब्रिड बनाने में करीब 50 हजार रुपये का खर्च आया है। श्रीकांत और अंकित का दावा है कि यह बैटरी करीब 3 साल चलेगी। दोनों युवाओं ने यह गाड़ी करीब 15 दिन में तैयार की है। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी मॉडिफाई स्कूटी करीब 60 किलोमीटर तक बैटरी से चलती है और जब बैटरी खत्म हो जाती है, ड्राइवर एक स्विच ऑन कर इसे पेट्रोल के सहारे चला सकता है।

पुरानी गाड़ियां भी हो सकती है मॉडिफाई
गाड़ी के आगे हिस्से में एक बॉक्स में बैटरी रखी गई है और पिछले पहिए में एक मोटर लगाई गई है। गाड़ी में डिस्प्ले भी लगाया गया है, जिससे पता चलता है कि बैटरी चार्ज है कि नहीं, यह डिस्प्ले बैटरी का चार्ज स्टेटस भी बताता है। श्रीकांत और अंकित का मानना है कि जो पुरानी गाड़ियां हैं, उसे भी हाइब्रिड मॉडल में मॉडिफाई किया जा सकता है। ऐसे वाहन एनवायरनमेंट को भी पलूशन फ्री रखेंगे।












Click it and Unblock the Notifications