EVM की निगरानी कर रहे बसपा कार्यकर्ता के पास मिला कटर, पुलिस ने पकड़ा
फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में लोकसभा चुनाव के मतगणना के लिए रखी ईवीएम की देखरेख के लिए बने राजनैतिक पार्टियों के निगरानी कैंप में बसपाइयों के पास से एक कटर मिलने से बवाल हो गया। भाजपा प्रत्याशी के समर्थकों ने हंगामा कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने कटर व उसको लाने वाले युवक को हिरासत में ले लिया। सातनपुर मंडी बैरियर स्थल पर तैनात पुलिसकर्मियों ने बीती रात 11 बजे थाना मऊदरवाजा के ग्राम हथियापुर निवासी रामप्रकाश के युवा पुत्र रवि कुमार जाटव को पकड़कर कोतवाली फर्रुखाबाद पुलिस के हवाले किया।

क्या है पूरा मामला
बता दें कि सातनपुर आलू मंडी में ईवीएम स्ट्रांग रूम बना है। उसके कुछ दूरी पर ही राजनैतिक पार्टियों के लिए निगरानी कैंप भी बनाया गया है। जिसमें भाजपा प्रत्याशी की तरफ से विनोद राजपूत की ड्यूटी निगरानी में लगी थी। उन्होंने देखा निगरानी कैंप में तकरीबन एक दर्जन बसपा नेता मौजूद हैं और उनके पास एक कटर भी रखा है।

बसपा-भाजपा नेताओं में जमकर हुआ बवाल
जानकारी मिलते ही बीजेपी के नेता मौके पर पंहुचे। बीजेपी के नेताओं ने अधिक लोगों के बैठने और कटर मौजूद होने का विरोध किया तो बसपाई आक्रोशित हो गए, जिसके बाद बसपा व भाजपा नेताओं में जमकर बवाल हुआ। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने कटर लेकर आने वाले युवक को हिरासत में ले लिया। अपर पुलिस अधीक्षक त्रिभुवन सिंह आदि मौके पर पंहुचे। पुलिस आरोपी युवक को कटर सहित कोतवाली ले गई। डीएम मोनिका रानी ने बताया कि जांच कराई जा रही है। जांच में जो सही होगा उसी आधार पर कार्रवाई होगी।












Click it and Unblock the Notifications