Ram Mandir: कौन सी हस्तियां पहुंचीं अयोध्या? देखिए लिस्ट, कल पूरे दिन व्यस्त रहेगी रामनगरी, सील रहेगी ये सड़क
Ram Mandir: अयोध्या राम मंदिर उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वीवीआइपी का आगमन शनिवार से ही शुरू हो चुका है। शनिवार को जहां दंडी स्वामी, फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत और कई संत अयोध्या पहुंचे। वहीं रविवार को कई फ़िल्मी हस्तियां राजनेता और संत भी अयोध्या आए।
सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ही देश के दिग्गज हस्तियां एयरपोर्ट पर पहुंचेंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एयरपोर्ट पर उतरने के बाद वायु सेवा के हेलीकॉप्टर से अयोध्या धाम के लिए प्रस्थान करेंगे। अयोध्या धाम पहुंचने के बाद पीएम राम लाल की प्राण प्रतिष्ठा के साथ ही अयोध्या धाम के अन्य स्थानों पर भी जाएंगे।

प्रधानमंत्री के अलावा अयोध्या पहुंचने वाले मेहमान अयोध्या एयरपोर्ट पर उतरने के बाद सड़क मार्ग से अयोध्या धाम जाएंगे। ऐसे में सोमवार को रामनगरी पूरी तरह व्यस्त रहेगी और कई सड़कों को सील कर दिया जाएगा।
जिले के अधिकारियों का कहना है कि सोमवार को अयोध्या स्थित महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अयोध्या धाम तक जाने वाले रास्ते को सील कर दिया जाएगा। इस रास्ते से भी वीवीआईपी मोमेंट के दौरान किसी भी व्यक्ति का आवागमन नहीं होगा।
रविवार को ये वीवीआईपी पहुंचे अयोध्या
भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने के लिए रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, योग गुरु बाबा रामदेव, कथा वाचक मुरारी बापू, श्री श्री रविशंकर, बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, साउथ फिल्मों के सुपरस्टार रजनीकांत, पवन कल्याण, आंध्र प्रदेश के पूर्व सीएम चंद्रबाबू नायडू, फिल्म निर्देशक सुभाष घई और सिंगर सोनू निगम रविवार को अयोध्या पहुंचे।
इनके अलावा कवि कुमार विश्वास भी अयोध्या पहुंच चुके हैं। फिल्म अभिनेता अनुपम खेर भी अयोध्या आने वाले हैं। बताया जा रहा है की अनुपम खेर मुंबई एयरपोर्ट से फ्लाइट द्वारा सीधे अयोध्या एयरपोर्ट आएंगे उसके बाद अयोध्या धाम जाएंगे। रविवार को मेहमानों के आवागमन के चलते अयोध्या एयरपोर्ट पर काफी संख्या में चार्टर विमानों का आगमन हुआ।
अयोध्या एयरपोर्ट पर पार्किंग की व्यवस्था न होने के चलते रविवार को एयरपोर्ट पर उतरने वाले अधिकतर चार्टर विमान को नजदीकी पूर्व निर्धारित एयरपोर्ट पर पार्क करने के लिए भेज दिया गया। सोमवार को भी अयोध्या एयरपोर्ट पहुंचने वाले विमान अतिथियों को छोड़ने के बाद संबंधित पूर्व निर्धारित एयरपोर्ट पर पार्क करने के लिए भेजे जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications