रामलला के दर्शन करने आज अयोध्या पहुंचेंगे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, जानें क्या है शेड्यूल
रामलला के दर्शन करने आज अयोध्या पहुंचेंगे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, जानें क्या है शेड्यूल
अयोध्या, 29 अगस्त: राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद उत्तर प्रदेश के दौरे पर हैं। इसी क्रम में वो आज यानी रविवार (29 अगस्त) को लखनऊ से अयोध्या पहुंचेंगे। उनके साथ प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदी बेन पटेल भी मौजूद रहेंगी। राष्ट्रपति के स्वागत के लिए भगवान राम की नगरी अयोध्या को भव्य रुप से सजाया गया है। तो वहीं, राष्ट्रपति के दौरे से पहले राम नगरी अयोध्या में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए है। सड़क मार्ग से रेल मार्ग ही नहीं आकाशीय मार्ग पर भी सुरक्षा एजेसिंयों का पहरा रहेगा।

सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने अयोध्या धाम के सभी प्रवेश पॉइंट पर बैरियर लगाए गए हैं। जब तक राष्ट्रपति अयोध्या में रहेंगे बाहरी लोगों के आने-जाने पर रोक रहेगी। स्थानीय लोगों को आईडी प्रूफ देख कर प्रवेश दिया जा रहा है। राष्ट्रपति के आगमन के एक घंटे पहले अयोध्या पूर्व पूरी तरह से सील रहेगी। जमीन से लेकर आसमान तक ड्रोन कमरे से निगरानी होगी। बता दें कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद रविवार को सुबह 11:30 बजे राम नगरी अयोध्या पहुंच रहे है। अयोध्या में रामलला के दर्शन करने के साथ ही राम कथा पार्क में रामायण कॉन्क्लेव का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा वह नुमानगढ़ी में भी मत्था टेकने जाएंगे।
बता दें कि राष्ट्रपति के अगामन से पहले रेलवे स्टेशन से लेकर हनुमानगढ़ी और राम जन्मभूमि तक जाने वाली हर सड़क हर गली का रंगरोगन किया गया है। शनिवार को दिनभर सजावट के कार्य होते रहे। सड़कों और गलियों के किनारे के मकानों को पीले रंग में रंगा गया है। नगर के प्रमुख सड़कें बिजली की रोशनी से सजी हैं। अयोध्या रेलवे स्टेशन दुल्हन की तरह सजाया गया है। इतना ही नहीं, रामकथा पार्क जहां रामायण कॉन्क्लेव का उद्घाटन होना है, उसे कनक भवन के स्वरूप जैसा सजाया गया है।
जानें क्या है राष्ट्रपति का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
सुबह 09 बजे - लखनऊ चारबाग स्टेशन पर राष्ट्रपति का आगमन।
सुबह 9.10 बजे - प्रेसिडेंशियल एक्सप्रेस से अयोध्या प्रस्थान।
पूर्वाह्न 11.30 बजे - अयोध्या स्टेशन पर राष्ट्रपति का आगमन।
पूर्वाह्न 11.50 बजे - रामकथा पार्क आगमन।
मध्याह्न 12 बजे से अपराह्न 01 बजे तक - विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व रामायण कॉन्क्लेव का शुभारंभ।
अपराह्न 12.35 बजे - मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन।
अपराह्न 12.45- राष्ट्रपति का संबोधन।
अपराह्न 2.35 बजे से 3.15 बजे - हनुमानगढ़ी दर्शन, रामलला दर्शन।
अपराह्न 3.40 बजे - प्रेसिडेंशियल एक्सप्रेस से अयोध्या जंक्शन से प्रस्थान।
शाम 6.00 बजे - लखनऊ चारबाग रेलवे स्टेशन आगमन।
शाम 6.30 बजे - लखनऊ एयरपोर्ट से नई दिल्ली के लिए प्रस्थान।












Click it and Unblock the Notifications