यूपी में चुनाव से पहले सपा को झटका, कांग्रेस में शामिल हुईं गुलशन बिंदु किन्नर
Ayodhya news, अयोध्या। लोकसभा चुनाव 2019 में मतदान से पहले ही फैजाबाद संसदीय सीट पर सपा-बसपा गठबंधन को करारा झटका लगा है। पिछले नगर निगम चुनाव में समाजवादी पार्टी के टिकट से अयोध्या नगर निगम के मेयर का चुनाव लड़ने वाली किन्नर गुलशन बिंदु ने साइकिल की सवारी छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया है। पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व फैजाबाद लोकसभा से प्रत्याशी डॉ. निर्मल खत्री की मौजूदगी में गुलशन बिंदु किन्नर ने कांग्रेस की सदस्यता ले ली है और अब वह फैजाबाद संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी निर्मल खत्री का चुनाव प्रचार करेंगी।

2014 में लड़ा था निर्दलीय चुनाव
किन्नर गुलशन बिंदु ने निर्दल प्रत्याशी के रूप में 2014 में विधानसभा का भी चुनाव लड़ा था और बड़े पैमाने पर सपा बसपा कांग्रेस भाजपा के वोट काटे थे, जिसके बाद से किन्नर गुलशन बिंदु समाजवादी पार्टी के लिए काम कर रही थीं, लेकिन चुनाव से पहले किन्नर गुलशन बिंदु ने सपा से किनारा कर लिया।

प्रियंका से मिली प्रेरणा
समाजवादी पार्टी को छोड़कर कांग्रेस ज्वॉइन करने के बाद सामाजिक कार्यकर्ता किन्नर गुलशन बिंदु ने कहा कि प्रियंका गांधी की प्रेरणा और फैजाबाद से कांग्रेसी उम्मीदवार निर्मल खत्री की सादगी को देखकर उन्होंने कांग्रेस ज्वॉइन की है और अब वह पूरी निष्ठा के साथ कांग्रेस के लिए चुनाव प्रचार करेंगी, जिससे फैजाबाद संसदीय सीट पर कांग्रेस के प्रत्याशी को विजय श्री हासिल हो।

जिले में बिंदु की है अच्छी छवि
बता दें, सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में किन्नर गुलशन बिंदु की जिले में अच्छी छवि है जिसके चलते चाहें उन्होंने निर्दल उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा हो या सपा के निशान पर, हर चुनाव में उन्हें भारी संख्या में वोट मिले। ऐसे में जाहिर तौर पर गुलशन बिंदु के पाला बदलने पर सपा-बसपा गठबंधन को गहरी चोट लगी है।












Click it and Unblock the Notifications