UP News: पत्नी को 'ज्योति मौर्या' कहकर पति ने मारा ताना तो पहुंच गई थाने, दर्ज करा दी FIR
UP Hindi News: यूपी के अयोध्या में एक पति को अपनी पत्नी को ज्योति मौर्य कहना भारी पड़ गया। पति द्वारा ज्योति मौर्या कहकर ताने देने से नाराज पत्नी थाने पहुंची और पति व जेठ के खिलाफ FIR कर दी।
UP News Hindi: एसडीएम ज्योति मौर्य और आलोक मौर्य का प्रकरण अभी भी सुर्खियों में है। इसी बीच अयोध्या से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। अयोध्या में एक पति ने अपनी पत्नी को ज्योति मौर्या कह कर संबोधित किया जिससे पत्नी नाराज हो गई।
नाराज पत्नी थाने पहुंच गई और तहरीर देते हुए उसने आरोप लगाया कि ज्योति मौर्या कह कर उसके पति ने उसे अपमानित किया है। इस मामले में विवाहिता द्वारा अपने पति और जेठ के खिलाफ तहरीर दी गई तहरीर के आधार पर FIR दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

दरअसल, अयोध्या जनपद के रौनाही थाना क्षेत्र के कपासी गांव निवासी अनूप प्रजापति की शादी साल 2019 में महाराजगंज थानांतर्गत बरईपारा गांव की रहने वाली निशा प्रजापति के साथ धूमधाम से संपन्न हुई थी। शादी के बाद सब कुछ ठीक-ठाक चलता रहा लेकिन साल 2021 में निशा अपने ससुराल से विदा होकर मायके गई और फिर ससुराल नहीं आई।
अनूप का आरोप है कि शादी के समय उसकी पत्नी निशा प्रजापति स्नातक अंतिम वर्ष की छात्रा थी। स्नातक की पढ़ाई पूरी कर लेने के बाद वह बीएड करना चाहती थी। ऐसे में ऑटो चालक अनूप एक एक रुपए एकत्र कर और अपने दोस्तों से कर्ज लेकर 58000 रुपए शुल्क जमा कर अयोध्या के महोली में स्थित एक कॉलेज में उसका एडमिशन कराया।
अनूप का कहना है कि अब वह उसके साथ नहीं रहना चाहती है। उसने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी फोन से किसी पर काफी देर तक बातचीत करती थी इसी बात को लेकर उसकी पत्नी और उसके बीच कहासुनी हुई थी। इसी बात से नाराज होकर उसकी पत्नी मायके चली गई थी और वापस नहीं लौटी। आरोप है कि अब वह कहती है कि तुम ऑटो ड्राइवर हो तुम्हारा काम ठीक नहीं है इसलिए तुम्हारे साथ नहीं रहना चाहती हूं।
दोस्त के साथ देखे तो 'ज्योति मौर्या' बोलकर किया अपमानित
मायके जाने के बाद अब निशा प्रजापति अयोध्या के उसरू इलाके में किराए पर कमरा लेकर पढ़ाई करती है। निशा का आरोप है कि बीते 15 जुलाई को वह अपने कमरे से बाहर निकल कर सड़क पर चाय पीने के लिए जा रही थी। उसके साथ उसका दोस्त राहुल भी मौजूद था। एसीबी उसके पति अनूप और जेठ प्रेम प्रजापति अपने दोस्तों के साथ वहां पहुंच गए।
पहुंचने के बाद उन लोगों ने राहुल को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान लोगों ने राहुल को मारने पीटने के बाद उसे वहां से भगा दिया। निशा प्रजापति का आरोप है कि उसके पति और जेठ तथा पति के मित्रों द्वारा उसे ज्योति मौर्य कह कर अपमानित किया गया। मना करने पर लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज भी की।
मारपीट और गाली गलौज करने के बाद जब निशा प्रजापति के पति उसके जेठ तथा अन्य लोग जब चले गए तो वह थाने पहुंच गई। थाने में उसने अपने पति और जेठ के खिलाफ ज्योति मौर्या कह कर अपमानित करने और मारपीट व गाली गलौज देने से संबंधित मुकदमा दर्ज कराया। वहीं इस बारे में अनूप प्रजापति के घरवालों का कहना है कि निशा अभी भी उसके परिवार की बहू है। कानूनी तौर पर दोनों का कोई अलगाव नहीं हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि सड़क पर किसी गैर युवक के साथ कंधे पर हाथ रख कर बात करते हुए देखा गया था, जिससे लोगों को क्रोध आ गई थी।












Click it and Unblock the Notifications