अयोध्या: राम की पैड़ी में फैली दुर्गंध, लोगों ने देखा- बड़े पैमाने पर मर रही मछलियां
अयोध्या। यूपी में अयोध्या की राम नगरी में सरयू तट पर स्थित राम की पैड़ी को हरिद्वार की हर की पैड़ी की तर्ज पर सृजित करने और पैड़ी की धारा को अविरल व निर्मल बनाने का कार्य जहां एक ओर तेजी से चल रहा है। वहीं दूसरी ओर मौसम की मार से राम की पैड़ी में लंबे समय से जल एकत्रित होने के कारण गंदगी से घिरे मछलियों को ऑक्सीजन के अभाव व भीषण गर्मी में पानी गर्म हो जाने के कारण जान गंवाना पड़ रहा है।

राम की पैड़ी में अविरल धारा बहने के लिए पिछले तीन चार महीने से पंप हाउस बन रहा है जिसके कारण सरयू नदी का पानी राम की पैड़ी में नहीं आ पा रहा है और जो पानी है वह गंदा विषैला व अत्यधिक गरम हो रहा है जिसके कारण मछलियों की मौत हो जा रही है। राम की पैड़ी के आसपास के निवासी अपने घरों में ही दुर्गंध महसूस कर रहे थे और जब वे राम की पैड़ी के करीब पहुंचे तो देखा कि बड़ी संख्या में मृत हो चुकी मछलियां पैड़ी के जल में उतरा रही थीं जो जीवित बची थी वह अंतिम सांसें ले रही थी।

मृत मछलियों की दुर्गंध से आसपास का वातावरण असहनीय हो रहा है। देखते ही देखते आसपास के लोगो की भीड़ एकत्र हो गई और सभी ने प्रशासन को सूचना दी, तो प्रशासन इस समय पैड़ी की सफाई करा रहा है। यह अलग बात है की राम की पैड़ी को सौंदर्य पूर्ण बनाया जाना ही चाहिए, किंतु उसमें मछलियों के जीवन का भी ख्याल रखा जाना चाहिए था। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सिंचाई विभाग प्रायः ऐसी ही स्थितियां उत्पन्न कर देता है कि समय-समय पर पैड़ी की मछलियां काल के गाल में समा जाती है, साथ ही मांग किया कि ऐसी व्यवस्था की जानी चाहिए कि इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति ना हो।












Click it and Unblock the Notifications