कांग्रेस प्रत्याशी बोले, लोकसभा चुनाव में सपा कर रही भाजपा की मदद
Faizabad news, फैजाबाद। फैजाबाद लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी व कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री ने समाजवादी पार्टी पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में प्रदेश में समाजवादी पार्टी भाजपा की मदद कर रही है। उसका प्रदेश में चुनाव लड़ने का कोई लॉजिक नहीं है।

उन्होंने कहा कि जिस पार्टी के सर्वोच्च नेता मुलायम सिंह यादव लोकसभा में नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री का आशीर्वाद दे चुके हैं, वह पार्टी चुनाव में मोदी के खिलाफ भाषण देने का क्या तुक रखती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को कमजोर करने के लिए समाजवादी पार्टी भाजपा की मदद कर रही है। ताकि लोकसभा में मुलायम सिंह का दिया हुआ आशीर्वाद फल सके। पूर्व जिला पंचायत सदस्य व भाजपा नेता हरिपाल वर्मा के कांग्रेस पार्टी ज्वाइन करने के मौके पर कांग्रेस प्रत्याशी डॉ निर्मल खत्री ने बयान दिया।
बता दें कि 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के लल्लू सिंह ने फैजाबाद सीट पर जीत हासिल की थी। दूसरे पायदान पर समाजवादी पार्टी के मित्रासेन यादव थे। वहीं बसपा के जीतेंद्र कुमार सिंह (बब्लू भइया) तीसरे स्थान पर थे।












Click it and Unblock the Notifications