इटावा: मुंडन संस्कार के लिए जा रहे लोगों से भरी गाड़ी के खाई में गिरने 10 की मौत, सीएम योगी ने जताया दुख
इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा में एक दर्दनाक हादसा हुआ है जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक, आगरा के पिनाहट से इटावा के लखना मंदिर मुंडन संस्कार के लिए निकले लोगों से भरी गाड़ी खाई में पलट गई। गाड़ी में एक ही परिवार के 50 से ज्यादा लोग सवार थे। गाड़ी के खाई में गिरते ही चीख-पुकार मच गई। लोगों ने पुलिस को खबर दी। राहत और बचाव का काम करते हुए पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने 10 लोगों को मृत घोषित कर दिया। इस घटना में 30 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं जिनमें से 12 की हालत नाजुक है। गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को सैफई अस्पताल भेजा गया है। घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक जताया है और मृतकों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपए की आर्थिक मदद की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने घायलों का उपचार कराने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए हैं।

Recommended Video
अभी तक मिली सूचना के अनुसार, आगरा जिले के पिनाहट के खिड़किया निवासी वीरेंद्र सिंह बघेल के सात माह के बेटे का मुंडन संस्कार था जिसके लिए परिवार के करीब 52 लोग इटावा के लखना मंदिर में झंडा चढ़ाने के लिए डीसीएम पर सवार होकर निकले थे। आगरा-चकरनगर रोड पर बढ़पुरा इलाके में झंडा मंदिर मोड़ के पास डीसीएम पलट गई और बीस फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद खाई में गिरे लोगों की चीख-पुकार सुनकर लोग दौड़े। उनकी सूचना पर आई बढ़पुरा पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने दस लोगों को मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में करीब 30 अन्य लोग घायल हुए हैं जिनका इलाज चल रहा है। गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को सैफई ले जाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications