शिवपाल को बधाई के सवाल पर बचते नजर आए मुलायम, कहा- मैं भी चुनाव लड़ने जा रहा हूं, मुझे बधाई दो
Etawah news, इटावा। समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव अब भाई शिवपाल यादव से किनारा करते हुए नजर आ रहे हैं। मुलायम से जब शिवपाल को नामांकन की बधाई के बारे में सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, ''मैं भी चुनाव लड़ने जा रहा हूं, मुझे बधाई दो।'' वहीं, शिवपाल की जनसभा में जाने का सवाल पर कहा कि कौन जाएगा और कौन नहीं, इसकी क्या चिंता करना।

मुलायम का शिवपाल से किनारा!
दरअसल, शुक्रवार को इटावा से लखनऊ जाते समय मुलायम सिंह से पूछा गया कि 30 अप्रैल को शिवपाल सिंह नामांकन करने जा रहे हैं, क्या उन्हें बधाई देंगे। इस सवाल के जवाब में उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि नामांकन करने तो मैं भी जा रहा हूं, मुझे भी बधाई दी जाए। इसके बाद जब उनसे ये पूछा गया कि क्या वह शिवपाल की जनसभा में शामिल होने जाएंगे तो मुलायम ने कहा कि, कौन जाएगा और कौन नहीं, इसकी क्या चिंता करना।

फिरोजाबाद से चाचा-भतीजे में जंग
गौरतलब है कि शिवपाल सिंह यादव ने समाजवादी पार्टी से अलग होकर अपनी प्रगतिशील समाजवादी पार्टी बनाई है। वह फिरोजाबाद लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। शिवपाल का मुलाबला उनके ही भतीजे रामगोपाल यादव के पुत्र अक्षय यादव से है। अक्षय यादव फिरोजाबाद से मौजूदा सांसद हैं और दूसरी बार चुनाव लड़ने जा रहे हैं। चाचा-भतीजे की जंग में रिश्तेदार भी बंट गए हैं। ऐसे में सबकी नजर मुलायम सिंह यादव पर हैं और वह भी अब शिवपाल से किनारा करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

यूपी में 80 सीटों पर 7 चरणों में चुनाव
यूपी में कुल 80 लोकसभा सीटों पर 7 चरणों में चुनाव होंगे। यूपी में पहला चरण 11 अप्रैल, दूसरा चरण 18 अप्रैल, तीसरा चरण 23 अप्रैल, चौथा चरण 29 अप्रैल, पांचवां चरण 6 मई, छठा चरण 12 मई तथा सातवां चरण 19 मई को होगा। वोटों की गिनती 23 मई को होगी।












Click it and Unblock the Notifications