इटावा में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बस का एक्सीडेंट, 4 यात्रियों की मौत, 42 घायल
सैफई में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक स्लीपर बस का एक्सीडेंट होने से चार लोगों की मौत की खबर है।
आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर बस दुर्घटना (Bus accident on agra lucknow expressway): उत्तर प्रदेश के इटावा से छोटी दिवाली के दिन एक बेहद बुरी खबर आई है। इटावा के सैफई थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक भयानक सड़क हादसा हो गया। यहां आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक स्लीपर बस का एक्सीडेंट होने से चार लोगों की मौत की खबर है। हादसे में 42 लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए सैफई के पीजीआई हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि यात्रियों से भरी ये बस गोरखपुर से अजमेर जा रही थी।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घायल यात्रियों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। इटावा के एडीएम ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि चार मौतों के अलावा 42 यात्री गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका सैफई के पीजीआई हॉस्पिटल में इलाज किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि गोरखपुर से अजमेर जा रही इस बस में करीब 60 यात्री सवार थे।
सीएम योगी ने दिए निर्देश, घायलों को मिले उचित इलाज
वहीं, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुए इस हादसे पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी दुख जताया है। साथ ही सीएम योगी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायल यात्रियों के इलाज की उचित व्यवस्था की जाए। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मृतक चारों यात्रियों की पहचान श्रेया (7 साल), हामिद अली (35 साल), सुमेर सिंह गुर्जर (52 साल) और सोनू चतुर्वेदी (32 साल) के रूप में हुई है। मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications