लालच में लांघी मर्यादा: पेंशन के लिए पिता की पत्नी बनी सगी बेटी, सरकार को लगाया 12 लाख का चूना
उत्तर प्रदेश के एटा जिले से जालसाजी का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां लेखपाल पिता की मौत के बाद पेंशन पाने के लिए सगी बेटी कागजों में उसकी पत्नी बन गई। जानकारी अनुसार तकरीबन 10 साल तक वो पेंशन लेती रही। इस दौरान उसने करीब 12 रुपए पेंशन के तौर पर सरकार से ले लिए। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने उसको गिरफ्तार कर लिया है।
बेटी बनी पत्नी, पैसो के लिए लांघी रिश्ते की मर्यादा
बता दें कि यह पूरा मामला एटा के अलीगंज का है। आरोप है कि मोहसिना परवेज पत्नी फारुख अली पेंशन प्रपत्रों में अपना नाम साबिया बेगम पत्नी विजारत उल्ला खां दर्ज कराकर पेंशन प्राप्त करने लगी। इस संबंध में शिकायत मिलने पर पूर्व में रहे उपजिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने मामले की जांच कराई। जांच में पाया गया कि मोहसिना ने पेंशन प्रपत्रों में हेराफेरी कर साबिया बेगम बनकर सरकार को 12 लाख रुपए का चूना लगा दिया।

रजिस्ट्रार कानूनगो राजकपूर ने कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई। इस मामले में पुलिस ने महिला के विरुद्ध आरोप पत्र दाखिल कर दिया था। कोतवाली प्रभारी प्रेमपाल सिंह ने बताया कि आरोपी लंबे समय से फरार चल रही थी। पुलिस ने मोहसिना को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया।
आपको बता दें कि शासनादेश के मुताबिक ऐसे सरकारी कर्मचारी जिनकी सेवा के दौरान मृत्यु हो जाती है, उनके आश्रित को बढ़ी हुई दरों पर पारिवारिक पेंशन मिलती है। इसके द्वारा ये सुनिश्चित किया जाता है कि आश्रितों के पास प्रतिष्ठापूर्ण जीवन जीने और अपना जीवन स्तर किसी समझौते के बिना अच्छा बनाए रखने की सुविधा हो। लेकिन कुछ लोग इस सुविधा का फायदा उठाते हैं और लालच में रिश्तों की मर्यादा को ताक पर रखकर सरकार को भी चूना लगाने से बाज नहीं आते।












Click it and Unblock the Notifications