मौत से कुछ घंटे पहले रेस्तरां में ये क्या कर रहे थे सिंगर जुबीन? सड़कों पर उतरे लोग, इस दिन होगा अंतिम संस्कार
Zubeen Garg Death: बॉलीवुड और असमिया म्यूजिक इंडस्ट्री के जाने-माने सिंगर जुबीन गर्ग का गत 19 सितंबर 2025 को सिंगापुर में एक हादसे के दौरान निधन हो गया है। 52 वर्षीय जुबीन स्कूबा डाइविंग कर रहे थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी।
सिंगर जुबीन गर्ग की हुई मौत
अस्पताल ले जाने के बाद भी जुबीन गर्ग को बचाया नहीं जा सका। उनकी मौत की खबर फैलते ही न सिर्फ म्यूजिक इंडस्ट्री बल्कि पूरे देश के फैंस शोक में डूब गए हैं।

'या अली' गाने से मिली स्टारडम
-जुबीन गर्ग असम के रहने वाले थे और उन्होंने बॉलीवुड में भी कई हिट गाने दिए थे। फिल्म गैंगस्टर का मशहूर गाना 'या अली' उनकी पहचान बन गया था, जिसने उन्हें रातों-रात स्टारडम दिला दिया था।
-मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जुबीन गर्ग को स्कूबा डाइविंग के दौरान सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। सिंगापुर पुलिस ने तुरंत उन्हें समंदर से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। आईसीयू में भर्ती करने के बावजूद डॉक्टर उन्हें बचा नहीं पाए।
बिना लाइफ जैकेट समंदर में उतरे थे सिंगर
इसी बीच जुबीन गर्ग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह लाइफ जैकेट पहनकर समंदर में कूदते और मस्ती करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि पहले वह लाइफ जैकेट पहनकर समंदर में कूदते हैं। हालांकि बाद में वह नाव पर वापस आते हैं, लाइफ जैकेट उतारते हैं और फिर से पानी में कूदते हैं।
मौत के वीडियो ने मचाई सनसनी
दोबारा पानी में कूदते ही जुबीन गर्ग के साथ एक बड़ा हादसा हो जाता है। इस हादसे के चलते सिंगर बेहोश हो जाते हैं। उन्हें तुरंत अस्पातल ले जाया जाता है, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो जाती है।
असम में सिंगर के फैंस का गुस्सा और गम
जुबीन गर्ग की मौत की खबर मिलते ही असम में गमगीन माहौल बन गया था। बिश्वनाथ जिले में अखिल असम छात्र संघ (AASU) की अगुवाई में हजारों लोग सड़क पर उतरे और मशाल जुलूस निकालकर सिंगर को श्रद्धांजलि दी। फैंस जुबिन दा अमर रहें और जॉय जुबिन दा जैसे नारे लगाते हुए रोते-बिलखते दिखाई दिए थे।
बंद रहीं दुकानें, उमड़ा जनसैलाब
गोलाघाट समेत कई इलाकों में दुकानों को बंद रखकर लोगों ने जुबीन गर्ग को सम्मान दिया। हाथों में पोस्टर लिए लोग सड़कों पर एकजुट होकर उन्हें याद करते दिखाई दिए। माहौल पूरी तरह शोकाकुल था।
मौत से कुछ घंटे पहले का वीडियो वायरल
सोशल मीडिया पर जुबीन गर्ग का आखिरी वीडियो भी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि वह अपने बैंड के साथ एक रेस्तरां में बैठे 'Tears in Heaven' गा रहे हैं। वहां मौजूद लोग उनकी आवाज पर तालियां बजा रहे थे और उनकी तारीफ कर रहे थे। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि ये उनका आखिरी परफॉर्मेंस साबित होगा।
गुवाहाटी में होगा अंतिम संस्कार
-सरकारी सूत्रों के मुताबिक जुबीन गर्ग का पार्थिव शरीर आज यानी 20 सितंबर 2025 की शाम तक सिंगापुर से भारत लाया जाएगा। पहले शव सिंगापुर से दिल्ली आएगा फिर उसे गुवाहाटी लाया जाएगा।
-असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने जानकारी दी है कि पहले शव को नई दिल्ली लाया जाएगा और फिर असम भेजा जाएगा। इसके बाद सरुसजाई में एक दिन के लिए पार्थिव शरीर आम लोगों के अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा, जिसके बाद उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications