जीनत अमान ने कराई आंखों की सर्जरी, बताई अपनी हालत, कहा- 'मुझे दिखना बंद हो...'
Zeenat Aman Eye Surgery: बॉलीवुड की लिजेंड्री एक्ट्रेस जीनत अमान को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। खबर है कि जीनत अमान की आंखों की सर्जरी हुई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर इस बात की जानकारी दी है। जीनत अमान ने अस्पताल से अपनी फोटोज भी शेयर की हैं जिसमें वह अपने बेटे के साथ नजर आ रही हैं। इस पोस्ट में जीनत अमान ने अपनी इंडस्ट्री के को-स्टार्स को भी शुक्रिया कहा है जो उनकी आंख की चोट के बारे में जानने के बाद भी उनके साथ काम करने के लिए राजी हुए थे।
जीनत अमान के आंखों की सर्जरी
जीनत अमान एक्टिंग के साथ साथ सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। वह इंस्टाग्राम पर अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ से जुड़े किस्से भी शेयर करती रहती हैं। इस बार जीनत अमान ने लोगों को अपना हेल्थ अपडेट दिया है। आपको बता दें कि जीनत अमान को 40 साल पहले आंख के पास चोट लग गई थी जिसकी वजह से उन्हें लंबे समय तक देखने में परेशानी हो रही थी। अब उन्होंने अपनी आंख का ऑपरेशन करवाया है।

40 साल पहले लगी थी चोट
जीनत अमान ने अपनी आंखों की सर्जरी से पहले सोशल मीडिया पर लिखा था- पिछले 40 सालों से मेरे साथ कमरे में एक हाथी रहता है। इस हाथी को बाहर का रास्ता दिखाने का समय आ गया है। मुझे पीटोसिस नाम की एक बीमारी है, जो कई दशकों पहले लगी चोट का नतीजा है, जिससे मेरी दाहिनी आंख के आसपास की मांसपेशियां डैमेज हो गई थीं। इन सालों में, इस बीमारी के चलते मेरी पलकें और भी अधिक झुक गईं और कुछ साल पहले ये इतना ज्यादा हो गया कि मुझे देखने में दिक्कत होने लगी थी।
बीमारी के चलते मैंने हार नहीं मानी
जीनत अमान ने आगे लिखा है- जब किसी का करियर उसके चेहरे पर आधारित होता है, तो उसमें थोड़ा सा बदलाव लाना मुश्किल होता है। मैं इस बारे में जानती हूं कि इस पीटोसिस ने मेरे मौकों को सीमित कर दिया है और मुझे अवांछित ध्यान का विषय बना दिया। लेकिन गपशप, टिप्पणियों और सवालों के बावजूद, मुझे कभी भी इससे कम महसूस नहीं हुआ। इससे मदद मिली कि हमेशा कुछ अच्छे लोग मेरे साथ खड़े रहे और उन्होंने अब भी मेरे साथ काम करना चुना है।
मुझे अब पहले से अच्छा दिखाई दे रहा है
वहीं आखों की सर्जरी के बाद जीनत अमान ने लिखा है- ऑपरेशन के दिन मेरा शरीर बर्फ के जैसा ठंडा हो गया था। जहान ने मेरे माथे पर किस किया था और मुझे ऑपरेशन थिएटर तक छोड़ा था, जहां मुझे मेडिकल टीम को सौंप दिया गया था। करीब एक घंटे बाद मैं बाहर आई, मेरी आंख पर पैच था। रिकवरी धीरे-धीरे हो रही है, लेकिन मुझे ये बताते हुए खुशी हो रही है कि मेरा विजन अब पहले से बहुत साफ हो गया है। मुझे अब पहले से अच्छा दिखाई दे रहा है।












Click it and Unblock the Notifications