'वो भी मेरी तरह बिगड़ा हुआ संघी है...', कंगना रनौत ने शेयर की विल स्मिथ की 4 तस्वीरें
ऑस्कर सेरेमनी में थप्पड़ वाली घटना को लेकर कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में एक मीम शेयर किया, जिसमें उन्होंने विल स्मिथ की तस्वीरों का एक कोलाज बनाया।
मुंबई, 30 मार्च: ऑस्कर अवॉर्ड सेरेमनी में भरे मंच पर कॉमेडियन क्रिस रॉक को थप्पड़ मारने वाले हॉलीवुड अभिनेता विल स्मिथ ने सोशल मीडिया के जरिए अब अपने किए पर माफी मांगी है। अवॉर्ड सेरेमनी में विल स्मिथ ने क्रिस रॉक को उस वक्त थप्पड़ मार दिया था, जब क्रिस ने उनकी पत्नी को लेकर एक मजाक बनाया। इस घटना के बाद से सोशल मीडिया पर कई सेलिब्रिटीज ने विल स्मिथ का समर्थन करते हुए कहा है कि मजाक एक हद तक ही ठीक होता है। वहीं, बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने तो विल स्मिथ का सर्मथन करते हुए उन्हें अपनी तरह बिगड़ा हुआ संघी बता डाला है।

कंगना ने शेयर किया विल की 4 तस्वीरों का कोलाज
ऑस्कर सेरेमनी में थप्पड़ वाली घटना को लेकर कंगना रनौत ने मंगलवार को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में एक मीम शेयर किया, जिसमें उन्होंने विल स्मिथ की तस्वीरों का एक कोलाज बनाया। इस कोलाज में उन्होंने विल स्मिथ की चार तस्वीरें शामिल की, जिनमें से दो में वो हिंदू रीति से पूजा करते हुए नजर आ रहे थे, एक में आध्यात्मिक गुरु 'सद्गुरु' के साथ थे, जबकि चौथी तस्वीर में कॉमेडियन क्रिस रॉक को थप्पड़ मारने वाली घटना थी।

'साबित हुआ कि विल स्मिथ एक संघी है'
इनमें से पहली तस्वीर का कैप्शन था- पूजा भी करता हूं... दूसरी तस्वीर पर कैप्शन था- जाप भी करता हूं... तीसरी तस्वीर के कैप्शन में लिखा था- कहीं देवता ना बन जाऊं... और चौथी तस्वीर का कैप्शन था- इसलिए फालतू जोक्स पर हाथ साफ भी करता हूं...। इनके अलावा कंगना रनौत ने इस कोलाज के कैप्शन में लिखा- 'तो ये बात साबित हुई कि विल स्मिथ एक संघी है...वो भी मेरी तरह बिगड़ा हुआ संघी।'

'मैं भी विल स्मिथ की तरह उसे थप्पड़ मारूंगी'
आपको बता दें कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सदस्य या उसकी विचारधारा का समर्थन करने वाले शख्स को अक्सर संघी कहकर पुकारा जाता है। इससे पहले सोमवार को भी कंगना रनौत ने विल स्मिथ के समर्थन में पोस्ट शेयर की थी। कंगना ने इस पोस्ट में लिखा था- 'अगर कोई बेवकूफ इंसान मेरी मां या बहन की बीमारी का मजाक बनाएगा तो मैं भी विल स्मिथ की तरह उसे थप्पड़ मारूंगी।'

'मैंने भावनाओं में बहकर वो सब किया'
वहीं, इससे पहले सोमवार को विल स्मिथ ने सोशल मीडिया के जरिए कॉमेडियन क्रिस रॉक से अपने किए पर माफी मांगी। विल स्मिथ ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, 'हिंसा चाहे किसी भी रूप में हो, वो जहरीली और विनाशकारी ही होती है। एकेडमी अवॉर्ड समारोह में कल रात का मेरा व्यवहार ना स्वीकार किए जाने लायक है और ना ही माफ करने लायक। मेरी राय में किसी के ऊपर जोक बनाना काम का हिस्सा है, लेकिन जैडा की बीमारी के ऊपर जोक बनाना मेरे लिए असहनीय था, जिसकी वजह से मैंने भावनाओं में बहकर वो सब किया।'

'मैं गलत था और अपने किए पर शर्मिंदा हूं'
अपनी पोस्ट में विल स्मिथ ने आगे लिखा, 'मैं सार्वजनिक तौर पर आपसे माफी मांगना चाहता हूं, क्रिस। मैं गलत था। मैं अपने किए पर शर्मिंदा हूं और मेरी ये हरकतें उस शख्स का संकेत नहीं, जो मैं बनना चाहता हूं। प्रेम और दया की दुनिया में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। साथ ही मैं एकेडमी, शो के निर्माताओं, वहां मौजूद लोगों और दुनिया भर में उस को देख रहे सभी लोगों से भी माफी मांगना चाहता हूं। हम सभी के लिए ये एक शानदार यात्रा है और मुझे अफसोस है कि मेरे व्यवहार से इसपर एक दाग लगा है।'

किस बीमारी से ग्रस्त है विल स्मिथ की पत्नी
विल स्मिथ की पत्नी जैडा पिंकेट पिछले एक साल से एलोपेसिया नामक बीमारी से पीड़ित हैं, जिसकी वजह से उनके सिर के बाल झड़ गए। जैडा पिंकेट ने साल 2021 में अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए बताया था कि वो एलोपेशिया एरियाटा बीमारी से ग्रस्त हो गई हैं। सरल शब्दों में कहें तो एलोपेशिया एरियाटा एक ऑटोइम्यून डिसऑर्डर है, जिसमें बीमारी से ग्रस्त व्यक्ति के सिर के बाल झड़ने लगते हैं। यह बीमारी पुरुष या स्त्री किसी को भी हो सकती है।
ये भी पढ़ें- 'मजाक एक हद तक ठीक है, लेकिन...', विल स्मित थप्पड़ कांड पर क्या बोले सलमान खान
थप्पड़ कांड के बाद क्रिस के शो की टिकटों की ब्रिकी बढ़ी
वहीं, ऑस्कर अवॉर्ड सेरेमनी में विल स्मिथ से थप्पड़ खाने के बाद कॉमेडियन क्रिस रॉक को एक फायदा हुआ है। दरअसल क्रिस रॉक 30, 31 मार्च और 1 अप्रैल को विल्बर थिएटर में बैक-टू-बैक स्टैंड-अप शो करने वाले हैं और उनके शो के टिकटों की बिक्री इस थप्पड़ वाली घटना के बाद से बढ़ गई है। शो के टिकट बेचने वाली कंपनी ने बताया कि पिछले महीने की तुलना में इस रविवार के बाद से टिकटों की बिक्री में बेतहाशा इजाफा हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications