तृप्ति डिमरी ने क्यों साइन की थी रणबीर कपूर की 'एनिमल'? एक्ट्रेस ने किया चौंकाने वाला खुलासा
Tripti Dimri On Animal: साल 2023 में रिलीज हुई ब्लॉकबस्टर फिल्म एनिमल में काम करने के बाद से बॉलीवुड एक्ट्रेस तृप्ति डिमरी नेशनल क्रश बन गई हैं। तृप्ति ने फिल्म एनिमल में रणबीर कपूर की ऑन-स्क्रीन गर्लफ्रेंड जोया का किरदार निभाया था।
तृप्ति डिमरी को काफी पॉपुलैरिटी मिली थी
हालांकि तृप्ति डिमरी ने इस फिल्म में सपोर्टिंग एक्ट्रेस के तौर पर काम किया था लेकिन लोगों ने उनकी दमदार एक्टिंग की खूब तारीफ की थी। सपोर्टिंग रोल के बावजूद, तृप्ति को काफी पॉपुलैरिटी मिली और वह रातों-रात स्टार बन गई थीं।

जोया के किरदार को 'बहादुर और मासूम' कहा
वहीं तृप्ति डिमरी ने हाल ही में जोया के किरदार को 'बहादुर और मासूम' कहा है। उन्होंने खुलासा किया कि उन्होंने रणबीर कपूर की फिल्म 'एनिमल' क्यों साइन की थी। इंडिया टुडे कॉन्क्लेव 2024 के दौरान, तृप्ति डिमरी ने इस बारे में खुलकर बात की कि उन्होंने संदीप रेड्डी वांगा के निर्देशन में बनी फिल्म 'एनिमल' का हिस्सा बनने का फैसला क्यों किया था।
'मुझे कंफर्ट जोन में रहना पसंद नहीं है'
तृप्ति डिमरी ने बताया कि उन्हें अपने कंफर्ट जोन में रहना पसंद नहीं है, जो उन्हें अपनी फिल्मों, बुलबुल (2020) और काला (2022) पर काम करने के दौरान मिला था। अपने पिछले कामों के उलट, उन्हें एनिमल का रोल काफी चैलेंजिंग लगा था। तृप्ति ने कहा कि ऐसी फिल्में साइन करना जरूरी है जो उन्हें एक एक्ट्रेस के रूप में आगे बढ़ाए।
'फिल्म 'एनिमल' का रोल डरावना और चैलेंजिंग था'
तृप्ति डिमरी ने कहा- जब भी मुझे कोई रोल मिलता है, तो मुझे ऐसा लगता है कि ये डरावना और चैलेंजिंग दोनों है। जब संदीप सर ने मुझे जोया के किरदार के बारे में बताया था तो मुझे बिल्कुल ऐसा ही महसूस हुआ था। वह एक ही समय में बहादुर और मासूम दोनों लग रही थी और इसने मुझे एक्साइटेड किया था।
साल 2017 में तृप्ति ने शुरू किया था अपना एक्टिंग करियर
तृप्ति डिमरी ने आगे कहा- मैं हमेशा ऐसी भूमिकाओं की तलाश में रहती हूं जो कुछ अलग पेश करे। आपको बता दें कि तृप्ति डिमरी ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत साल 2017 में रिलीज हुई फिल्म 'पोस्टर बॉयज' के साथ की थी। इस फिल्म में वह सनी देओल, बॉबी देओल और श्रेयस तलपड़े के साथ नजर आई थीं।
फिल्म 'लैला मजनू' में नजर आई थीं तृप्ति डिमरी
इसके बाद तृप्ति डिमरी ने इम्तियाज अली के प्रोडक्शन में बनी फिल्म 'लैला मजनू' में अविनाश तिवारी के साथ काम किया था। हालांकि ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर असफल रही थी। तृप्ति डिमरी ने इसके बाद बुलबुल, काला और बैड न्यूज जैसी फिल्मों में भी काम किया है।
तृप्ति डिमरी के अपकमिंग प्रोजेक्ट्स
तृप्ति डिमरी जल्द ही निर्देशक राज शांडिल्य की फिल्म 'विक्की और विद्या का वो वाला वीडियो' में नजर आएंगी। इस फिल्म में उनके साथ राजकुमार राव दिखाई देंगे। फिल्म में उनकी जोड़ी को 90 के दशक के एक मैरिड कपल के रूप में दिखाया जाएगा। फिल्म की टीम इन दिनों जोर शोर से प्रमोशन में बिजी है। ये फिल्म आगामी 11 अक्टूबर 2024 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।












Click it and Unblock the Notifications