बेल मिलने के बाद भी क्यों रात भर रहना पड़ा अल्लू अर्जुन को जेल में? वकील ने पुलिस पर लगाए ये गंभीर आरोप
Allu Arjun released: पैन इंडिया सुपरस्टार अभिनेता अल्लू अर्जुन को हैदराबाद की चांचलगुडा सेंट्रल जेल से शनिवार 14 दिसंबर की सुबह रिहा कर दिया गया है। हैदराबाद पुलिस ने फिल्म 'पुष्पा-2: द रूल' की स्क्रीनिंग के दौरान 4 दिसंबर को मची भगदड़ में एक महिला की मौत के मामले में अल्लू अर्जुन के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
हैदराबाद पुलिस ने शुक्रवार 13 दिसंबर को अल्लू अर्जुन को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था। जिसके बाद निचली अदालत ने अल्लू अर्जुन को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा था लेकिन इसके कुछ देर बाद तेलंगाना हाई कोर्ट ने उन्हें चार सप्ताह की अंतरिम जमानत दे दी थी। अल्लू अर्जुन को 50,000 रुपये के बांड पर 21 जनवरी तक अंतरिम जमानत दी गई है। हालांक, अदालत के आदेश के बावजूद पुलिस ने कल रात अर्जुन को रिहा नहीं किया।

क्यों रातभर जेल में रहना पड़ा अल्लू अर्जुन को?
ऐसे में ये सवाल उठता है कि जब हाई कोर्ट ने जमानत दे दी थी तो उन्हें रिहा क्यों नहीं किया गया? क्यों अल्लू अर्जुन को रात भर जेल में रखा गया?
शनिवार की सुबह अल्लू अर्जुन को रिहा कर दिया गया। वह पिछले दरवाजे से जेल से बाहर आए और अपनी कार में घर जाते हुए देखे गए। अल्लू अर्जुन के पिता शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे जेल पहुंचे थे, जिसके बाद अभिनेता को सभी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद रिहा कर दिया गया। शुक्रवार रात को जेल के बाहर प्रशंसक विरोध प्रदर्शन कर रहे थे और अब वे सभी राहत की सांस ले रहे होंगे। अत्यधिक भीड़ और सुरक्षा कारणों से अल्लू चांचलगुडा सेंट्रल जेल के दूसरे दरवाजे से घर गए।
अल्लू अर्जुन के वकील अशोक रेड्डी ने अभिनेता की रिहाई के बाद जेल अधिकारियों और पुलिस की आलोचना की है। अल्लू अर्जुन के वकील अशोक रेड्डी ने कहा कि उन्होंने अदालत के आदेशों का पालन नहीं किया।
#WATCH | Hyderabad, Telangana: Actor Allu Arjuns lawyer Ashok Reddy says, " They received an order copy from High Court but despite that, they didnt release the accused (Allu Arjun)...they will have to answer...this is illegal detention, we will take legal action...as of now he… pic.twitter.com/1RgdvA4BK4
— ANI (@ANI) December 14, 2024
अल्लू अर्जुन के वकील ने कहा,
''तेलंगाना हाई कोर्ट से उन्हें (जेल प्रशासन) ऑर्डर की कॉपी मिल गई थी, लेकिन इसके बाद भी उन्हें (अल्लू अर्जुन) रिहा नहीं गया था। उन्हें इसके बाद क्यों नहीं छोड़ा गया...इसका उन्हें जवाब देना होगा।''
वकील अशोक रेड्डी ने कहा,
"हाई कोर्ट ने अपनी कॉपी में साफ-साफ लिखा था कि ऑर्डर की कॉपी मिलने के तुंरत बाद अल्लू अर्जुन को छोड़ना होगा, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। इस पर जवाब देना होगा और हम इसके खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ेंगे।''
एएनआई द्वारा साझा किए गए एक वीडियो के मुताबिक, "आपको (प्रेस) सरकार और विभाग से सवाल करना चाहिए कि उन्होंने (अल्लू) को क्यों नहीं रिहा किया? हाई कोर्ट का आदेश बहुत स्पष्ट है। जैसे ही आपको (जेल अधिकारियों को) आदेश प्राप्त होता है, (उन्हें) उसे रिहा कर देना चाहिए। स्पष्ट आदेश के बावजूद, उन्होंने रिहा नहीं किया है, उन्हें जवाब देना होगा। यह एक अवैध हिरासत है। हम कानूनी कदम उठाएंगे।''
चांचलगुडा सेंट्रल जेल के अधिकारियों ने बताया क्यों अल्लू अर्जुन को रात में रिहा नहीं किया गया?
टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक चांचलगुडा सेंट्रल जेल अधिकारियों ने बताया था कि अल्लू अर्जुन को रात में रिहा नहीं किया जाएगा। एक जेल अधिकारी ने कहा कि अल्लू अर्जुन को शनिवार सुबह रिहा किया जाएगा क्योंकि जमानत आदेश देर से आया था।
जेल अधिकारियों का कहना है कि जमानत के कागजात देर रात जेल अधिकारियों के पास पहुंचे, जिसके कारण उन्हें जेल में ही रात गुजारनी पड़ी। जेल मैनुअल में कहा गया है कि कैदियों को रात में रिहा नहीं किया जा सकता।
अल्लू अर्जुन ने जेल से बाहर आने के बाद क्या कहा?
जेल से रिहा होकर अल्लू अर्जुन ने अपने हैदराबाद स्थित घर पर मीडिया से बात की। अल्लू अर्जुन ने कहा,
"मैं प्यार और समर्थन के लिए सभी का शुक्रिया अदा करता हूं। मैं अपने सभी प्रशंसकों को धन्यवाद देना चाहता हूं। चिंता की कोई बात नहीं है। मैं ठीक हूं। मैं कानून का पालन करने वाला नागरिक हूं और सहयोग करूंगा। मैं एक बार फिर परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करना चाहता हूं। यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना थी। जो हुआ उसके लिए हमें खेद है। जो भी हुआ वो नहीं होना चाहिए था, हम सब उसके लिए सॉरी फील करते हैं।''
भगदड़ में मरने वाली रेवती के परिवार ने कहा कि अल्लू अर्जुन दोषी नहीं है और वे शिकायत वापस लेने के लिए तैयार हैं जिसके कारण पुलिस ने आपराधिक मामला दर्ज किया।












Click it and Unblock the Notifications