Sanskruti Jayana : कौन हैं कृष्णावतारम की 'सत्यभामा'? गुजरात की Ex CM आनंदीबेन से रखती हैं खास कनेक्शन
Sanskruti Jayana: मशहूर निर्देशक हार्दिक गज्जर की फिल्म 'कृष्णावतारम पार्ट-1 द हार्ट' की वजह से एक खूबसूरत चेहरा घर-घर लोकप्रिय हुआ है और वो फेस है फिल्म में भगवान कृष्ण की पटरानी सत्यभामा का रोल निभाने वाली संस्कृति जायना का, जिन्होंने अपनी पहली ही फिल्म से साबित कर दिया कि वो इस फील्ड में भले ही नई हों लेकिन उनका सफर काफी लंबा होने वाला है।
लोग उनकी अदायगी और सुंदरता की तारीफ करते थक नहीं रहे हैं, आप में से बहुत कम जानते होंगे कि संस्कृति जायना एक फिल्मी बैकग्राउंड से नहीं बल्कि एक सियासी खानदान से ताल्लुक रखती हैं। उनकी दादी का नाम आनंदीबेन पटेल है, जो कि मौजूदा दौर में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल और गुजरात की पूर्व मुख्यमंत्री रह चुकी हैं।

उनकी मां का नाम अनार पटेल है, जो कि एक जानी-मानी सोशल एंटरप्रेन्योर हैं और पिता जयेश पटेल एक सामाजिक कार्यकर्ता हैं। गुजरात के संभ्रांत परिवार से आने वाली संस्कृति जायना की शुरु से ही रूचि बिजनेस और फैशन इंडस्ट्री से रही है।
16 साल की उम्र में शुरू की अपनी कंपनी
उन्होंने मात्र 16 साल की उम्र में एक फैशन उद्यमी के रूप में अपना खुद का व्यवसाय शुरू किया था। लंदन से पढ़ाई करने वाली संस्कृति ने फिल्म मेकिंग का कोर्स किया है और एक धार्मिक फिल्म से रूपहले पर्दे पर डेब्यू किया है।

ऐतिहासिक किरदार काफी लुभाते हैं मुझे
जिसके बारे में बात करते हुए उन्होंने एक इवेंट में कहा था कि ' उन्हें ऐतिहासिक किरदार काफी लुभाते हैं और उनकी भगवान श्रीकृष्ण में गहरी आस्था है इसलिए उन्होंने एक धार्मिक फिल्म के जरिए अपना फिल्मी सफर शुरू करने का फैसला किया।'
दादी आनंदीबेन पटेल ने की पोती की तारीफ
संस्कृति को अपनी दादी आनंदीबेन पटेल से जो प्रतिक्रिया मिली,वह बेहद खास थी। संस्कृति ने खुलासा किया है कि 'जब उनकी दादी ने फिल्म का क्लाइमेक्स देखा, तो वह पूरी तरह निशब्द रह गईं , उन्होंने तब मेरी ओर मुस्कुराकर देखा, तब उनकी आंखों में जो खुशी मेरे लिए थी, वही मेरा सबसे बड़ा अवॉर्ड था।'

बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रदर्शन और सीक्वल को लेकर उत्सुकता
निर्देशक हार्दिक गज्जर के विजन और संस्कृति जायना के शानदार अभिनय से सजी इस पौराणिक फिल्म 'कृष्णावतारम' ने न केवल कलात्मक रूप से बल्कि व्यावसायिक तौर पर भी झंडे गाड़े हैं। इस भक्तिमय फिल्म ने हाल ही में वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर शानदार 55 करोड़ रुपये से अधिक की कुल कमाई का आंकड़ा पार किया है, पहली फिल्म की इस बंपर सफलता के बाद दर्शकों और फिल्म समीक्षकों के बीच इसके अगले भाग को लेकर बेहद उत्सुकता का माहौल बना हुआ है।
'कृष्णावतारम पार्ट-2' जल्द
इस विषय पर बात करते हुए संस्कृति ने पुष्टि की है कि 'फिल्म का दूसरा भाग यानी 'कृष्णावतारम पार्ट-2' साल 2027 में बड़े पैमाने पर रिलीज होने के लिए तैयार है। उन्हें पूरी उम्मीद है कि इस सीक्वल में दर्शकों को कुछ नया देखने को मिलेगा।'

कौन हैं आनंदीबेन पटेल?
आनंदीबेन पटेल का जन्म 21 नवंबर 1941 को गुजरात के मेहसाणा ज़िले के विजापुर तालुका के खरोद गांव में हुआ था, जहां उनके पिता जेठाभाई एक शिक्षक थे। वो मौजूदा दौर में उत्तर प्रदेश की 20वीं राज्यपाल के तौर पर काम कर रही हैं। उन्होंने 2020 से 2021 तक मध्य प्रदेश की 17वीं राज्यपाल और 2018 से 2019 तक छत्तीसगढ़ की राज्यपाल के तौर पर भी काम किया है। वह गुजरात की पहली और अब तक की एकमात्र महिला मुख्यमंत्री रही हैं। वह सरोजिनी नायडू के बाद उत्तर प्रदेश की दूसरी महिला राज्यपाल और राज्य की सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाली राज्यपाल भी हैं। वह 1987 से भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सदस्य हैं।

कौन थीं सत्यभामा?
सत्यभामा जिन्हें सत्राजिती भी कहा जाता है, भगवान कृष्ण की तीसरी पटरानी हैं। सत्यभामा को लक्ष्मी का रूप और 'भूमि' का अवतार माना जाता है। सत्यभामा को साहसी, स्वाभिमानी और पराक्रमी स्त्री के रूप में वर्णित किया गया है।
नरकासुर वध से संबंध
सत्यभामा का सबसे प्रसिद्ध प्रसंग दैत्य नरकासुर के वध से जुड़ा है। कथा के अनुसार नरकासुर को वरदान था कि उसकी मृत्यु उसकी माता के हाथों ही होगी। चूंकि सत्यभामा को भूदेवी का अवतार माना जाता था, इसलिए भगवान कृष्ण के साथ युद्ध में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही और नरकासुर का अंत हुआ। इसी घटना की स्मृति में दीपावली से पहले नरक चतुर्दशी मनाई जाती है।

पारिजात वृक्ष की कथा
सत्यभामा से जुड़ी एक अन्य प्रसिद्ध कथा पारिजात वृक्ष की है। जब उन्हें पारिजात पुष्प की इच्छा हुई, तब भगवान कृष्ण स्वर्ग से पारिजात वृक्ष लेकर आए। यह कथा उनके प्रेम, स्वाभिमान और कृष्ण के प्रति विशेष स्नेह को दर्शाती है।














Click it and Unblock the Notifications