यूट्यूबर से पहले क्राइम रिपोर्टर थे हिंदुस्तानी भाऊ, घर चलाने के लिए बेचते थे अगरबत्ती, संघर्ष भरी है कहानी
यूट्यूबर से पहले क्राइम रिपोर्टर थे हिंदुस्तानी भाऊ, घर चलाने के लिए बेचते थे अगरबत्ती, संघर्ष भरी है इनकी कहानी
मुंबई, 01 फरवरी: यूट्यूबर हिंदुस्तानी भाऊ उर्फ विकास पाठक को मुंबई की धारावी पुलिस ने मंगलवार (01 फरवरी) को गिरफ्तार किया है। हिंदुस्तानी भाऊ पर छात्रों को विरोध प्रदर्शन करने के लिए भड़काने का आरोप है। महामारी के बीच ऑनलाइन परीक्षा की मांग को लेकर सोमवार (31 जनवरी) को छात्रों ने मुंबई और नागपुर में विरोध प्रदर्शन किया था। जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया। पुलिस ने बताया कि नागपुर में प्रदर्शनकारी छात्रों ने दो बसों को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना के बाद हिंदुस्तानी भाऊ फिर से एक बार चर्चा में आ गए हैं। विवादों से हिंदुस्तानी भाऊ का गहरा नाता है, इससे पहले भी उनकी गिरफ्तारी हो चुकी है। आइए जानें हिंदुस्तानी भाऊ के बारे में, कैसे वो विकास पाठक से एक यूट्यूब स्टार बने। लेकिन उससे पहले जानते हैं कि आखिर अपने वीडियो में हिंदुस्तानी भाऊ ने क्या कहा था, जिसके बाद उनकी गिरफ्तारी हुई।
Recommended Video

हिंदुस्तानी भाऊ के किस वीडियो को देख सड़कों पर उतरे छात्र
हिंदुस्तानी भाऊ पर धारावी में छात्रों को 10वीं और 12वीं की ऑनलाइन परीक्षा की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कराने और भड़काने का आरोप है। हिंदुस्तानी भाऊ पर आरोप है कि उन्होंने अपने इंस्टाग्राम वीडियो में छात्रों से महाराष्ट्र की शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड़ के घर के बाहर विरोध करने को कहा था। इस वीडियो को हिंदुस्तानी भाऊ ने 24 जनवरी 2022 को अपलोड किया था। वीडियो को अब तक 2.77 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है।
वीडियो में हिंदुस्तानी भाऊ कहते हैं, "इन दो वर्षों में, कई लोगों की मौत कोविड के कारण हुई। अब तक, परिवार सदमे से उबर रहे हैं। और अब ओमिक्रॉन का नया नाटक शुरू हो गया है। यह क्या है? सरकार लोगों से घर के अंदर रहने का आग्रह कर रही है। वे ऑफलाइन क्यों लेते हैं छात्रों की परीक्षा। 'परीक्षा रद्द करो' बच्चों के जान साथ मत खेलो वरना होगा फिर से आंदोलन।''

जानें कौन हैं हिंदुस्तानी भाऊ?
हिंदुस्तानी भाऊ सोशल मीडिया पर काफी जाने-माने नाम हैं। ये पेशे से एक यूट्यूबर हैं। हिंदुस्तानी भाऊ बिग बॉस मराठी और बिग बॉस 13 में भी आ चुके हैं। हिंदुस्तानी भाऊ मूल रूप से एक मराठी परिवार से हैं। हिंदुस्तानी भाऊ मुंबई में रहते हैं। वह अपनी पत्नी अश्विनी पाठक और बेटा आदित्य के साथ रहते हैं। बेटे के नाम पर हिंदुस्तानी भाऊ एक गैर सरकारी संगठन भी चलाते हैं, जिसका नाम आदित्य युवा प्रतिष्ठान है।
बिग बॉस 13 में आने के बाद वह लोगों के बीच काफी चर्चा में आएं। यूट्यूब पर ये अपनी एक खास अंदाज को लेकर जाने जाते हैं, वो संजय दत्त की तरह मुंबईयां स्टाइल में बात करते हैं। बिग बॉस में आने से पहले हिंदुस्तानी भाऊ यूट्यूब पर राष्ट्रवादी बातें करते थे और पाकिस्तान के खिलाफ ज्यादा बोलते थे। हिंदुस्तानी भाऊ अपने वीडियो में काफी अपशब्द का भी इस्तेमाल करते हैं।

पैसो की तंगी के कारण पढ़ाई पूरी नहीं कर पाए हिंदुस्तानी भाऊ
बिग बॉस-13 में बात करते हुए हिंदुस्तानी भाऊ ने बताया था,''जब वह छोटे थे तो उनकी पिता की नौकरी चली गई थी। जिसके बाद घर-परिवार की जिम्मेदारी मुझे लेनी पड़ी। आर्थिक तंगी की वजह से मैंने अपनी पढ़ाई भी पूरी नहीं की।'' जब हिंदुस्तानी भाऊ के पिता की नौकरी गई तो वह सांतवी कक्षा में पढ़ते थे। रिपोर्ट के मुताबिक परिवार का पेट पालने के लिए हिंदुस्तानी भाऊ पहले वेटर का काम करते थे। फिर उन्होंने घर-घर जाकर अगरबत्ती बेचने का काम भी किया है।

यूट्यूबर से पहले क्राइम रिपोर्टिंग करते थे हिंदुस्तानी भाऊ
आपमें से ये बहुत कम लोगों को पता होगा कि यूट्यूबर बनने से पहले हिंदुस्तानी भाऊ एक पत्रकार थे और क्राइम रिपोर्टिंग करते थे। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक हिंदुस्तानी भाऊ मुंबई के एक मराठी स्थानीय अखबार दक्ष पुलिस टाइम्स में क्राइम रिपोर्टर थे। क्राइम रिपोर्टिंग के लिए हिंदुस्तानी भाऊ को 2011 में चीफ क्राइम रिपोर्टर का खिताब भी मिला था।












Click it and Unblock the Notifications