98वें ऑस्कर में इतिहास रचने वाली कैसेंड्रा कुलुकुंडिस कौन हैं? किस कैटेगरी में जीता अवॉर्ड
लॉस एंजेलिस के Dolby Theatre में आयोजित 98th Academy Awards के समारोह में इस बार एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया। 98वें साल के ऑस्कर इतिहास में पहली बार 'बेस्ट कास्टिंग' की नई कैटेगरी जोड़ी गई। इस पहल के जरिए फिल्म मेकिंग में कास्टिंग डायरेक्टरों की अहम भूमिका को ऑफिशियल सम्मान दिया गया।

कैसेंड्रा कुलुकुंडिस को मिला पहला 'बेस्ट कास्टिंग' अवॉर्ड
नई कैटेगरी में Cassandra Kulukundis ने फिल्म One Battle After Another के लिए 'सर्वश्रेष्ठ कास्टिंग डायरेक्टर' का अवॉर्ड जीतकर इतिहास रच दिया। जैसे ही उनके नाम की घोषणा हुई, समारोह स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। Academy of Motion Picture Arts and Sciences ने भी सोशल मीडिया के जरिए उनकी उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी।
इन फिल्मों के बीच रही टक्कर
इस नई कैटेगरी में कुल पांच फिल्मों को नामांकन मिला था। इनमें The Secret Agent, Sinners, Marty Supreme, One Battle After Another और Hamnet शामिल थीं। हालांकि अंततः कैसेंड्रा कुलुकुंडिस ने इन सभी दावेदारों को पीछे छोड़ते हुए यह प्रतिष्ठित सम्मान हासिल किया।
लंबा और सफल रहा करियर
54 वर्षीय अमेरिकी कास्टिंग डायरेक्टर कैसेंड्रा ने अपने करियर की शुरुआत 1999 में फिल्म Magnolia से की थी। इसके बाद उन्होंने कई चर्चित प्रोजेक्ट्स में काम किया। उनके प्रमुख कार्यों में Shattered Glass, Breach, The Elephant King, There Will Be Blood और टीवी सीरीज़ Gossip Girl जैसे लोकप्रिय प्रोजेक्ट्स शामिल हैं।
'वन बैटल आफ्टर अनदर' को एक्टिंग में भी अवॉर्ड
फिल्म One Battle After Another को अभिनय की श्रेणी में भी सफलता मिली। इस फिल्म के लिए अभिनेता Sean Penn को 'सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता' का अवॉर्ड दिया गया। यह उनके करियर का तीसरा ऑस्कर पुरस्कार है, जबकि उन्हें अब तक छह बार नामांकन मिल चुका है।
'सिनर्स' को सबसे ज्यादा नॉमिनेशन
इस साल Sinners को कुल 16 नामांकन मिले, जो समारोह में किसी भी फिल्म के लिए सबसे अधिक थे।
वहीं 'सर्वश्रेष्ठ फिल्म' की दौड़ में 10 फिल्मों को नामांकित किया गया, जिनमें 'सिनर्स' और 'वन बैटल आफ्टर अनदर' के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। ऑस्कर 2026 में 'बेस्ट कास्टिंग' श्रेणी की शुरुआत को फिल्म उद्योग में एक महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications